लखनऊ : अदम्य साहस, अटूट संकल्प और असाधारण संघर्ष के बल पर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर भारत का तिरंगा शान से लहराने वाली उत्तर प्रदेश की बेटी एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित पैरा एथलीट सिमरन शर्मा का शुक्रवार को पंचायती राज निदेशालय, लखनऊ में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। जापान के आइची-नागोया में आयोजित 5वें एशियन पैरा गेम्स-2026 में 100 मीटर एवं 200 मीटर (टी-12 वर्ग) स्पर्धाओं में दो स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने वाली सुश्री सिमरन शर्मा वर्तमान में पंचायती राज विभाग में जिला पंचायत राज अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। खेल और प्रशासन दोनों क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाली सिमरन के सम्मान में आयोजित समारोह भावनाओं, प्रेरणा और गौरव के अविस्मरणीय क्षणों का साक्षी बना।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सिमरन शर्मा को सम्मानित करते हुए कहा कि आज का यह अवसर केवल पंचायती राज विभाग ही नहीं, बल्कि संपूर्ण उत्तर प्रदेश और देश के लिए गौरव एवं प्रेरणा का प्रतीक है। सिमरन ने अपने अदम्य साहस, अनुशासन और अथक परिश्रम से यह साबित किया है कि मजबूत इच्छाशक्ति के सामने कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती। वह विशेष रूप से बेटियों और दिव्यांग खिलाड़ियों सहित लाखों युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि सिमरन ने खेल के मैदान में देश का गौरव बढ़ाने के साथ ही प्रशासनिक सेवा में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका सुनिश्चित की है।
पाठकों की टिप्पणियां (0)
✍️ अपनी टिप्पणी लिखें