- ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को आधुनिक तकनीक से शिक्षा प्राप्त करने का मिलेगा अवसर
- बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करें विद्यालय, शिक्षा के साथ संस्कार एवं अनुशासन पर भी दें ध्यान
- बच्चों में अवलोकन, लेखन एवं रचनात्मकता की आदत विकसित करें, शैक्षिक भ्रमण से मिलेगा व्यावहारिक ज्ञान
- अभिभावक बच्चों को समय दें, उनके साथ मित्रवत व्यवहार करें और उनकी शिक्षा एवं गतिविधियों पर दें ध्यान
- वंचित परिवारों के प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी, बच्चों को नशे एवं गलत दिशा से बचाने के लिए करें प्रयास
लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने आज जन भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में 144 ओप्पो स्मार्ट क्लासेस का उद्घाटन किया। उम्मीद संस्था के सहयोग से ओप्पो इंडिया द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में स्थापित की जा रही इन स्मार्ट क्लासेस के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक के जरिए विभिन्न विषयों को सरल, रोचक एवं प्रभावी ढंग से समझने का अवसर मिलेगा। इस अवसर पर राज्यपाल जी ने बच्चों को पुरस्कार स्वरूप स्कूल बैग वितरित किए तथा समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
राज्यपाल के 85वें जन्मदिवस के अवसर पर बच्चों द्वारा स्वयं तैयार किए गए 85 जन्मदिन के ग्रीटिंग कार्ड भी उन्हें भेंट किए गए।
कार्यक्रम में स्मार्ट क्लासेस से लाभान्वित हो रहे विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। बच्चों ने स्मार्ट क्लास के माध्यम से सीखी गई बातों को प्रस्तुत किया तथा कविताएं सुनाईं। प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों ने बताया कि स्मार्ट क्लासेस की स्थापना से विद्यालयों में शिक्षण कार्य अधिक रुचिकर एवं प्रभावी हुआ है। इससे बच्चों की उपस्थिति में वृद्धि हुई है और वे नियमित रूप से समय पर विद्यालय आ रहे हैं। बच्चों में विषयों को समझने, सवाल पूछने और सीखने की जिज्ञासा भी बढ़ी है। अभिभावकों ने बताया कि अब बच्चे पहले की अपेक्षा अधिक उत्साह से विद्यालय जाते हैं तथा घर लौटकर विद्यालय में सीखी गई बातों को भी रुचिकर ढंग से साझा करते हैं। उन्होंने इस पहल के लिए उम्मीद संस्था एवं ओप्पो इंडिया के प्रति आभार व्यक्त किया।

राज्यपाल ने इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद संस्था एवं ओप्पो इंडिया को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत सुखद अनुभव है कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले वंचित परिवारों के बच्चे भी आधुनिक तकनीकी संसाधनों के माध्यम से शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों की नियमित उपस्थिति एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों और अभिभावकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों को समय से विद्यालय भेजने के साथ यह भी सुनिश्चित किया जाए कि वे अच्छी तरह पढ़ाई करें। बच्चों को हमेशा स्वस्थ एवं घर का बना भोजन देना चाहिए तथा बाजार की खाद्य सामग्री से बचाना चाहिए। विद्यालय से घर लौटने पर अभिभावक बच्चों से उनके दिनभर के अनुभवों एवं पढ़ाई के बारे में बातचीत करें। विद्यालयों को भी अभिभावकों को आमंत्रित कर उनका फीडबैक लेना चाहिए।

राज्यपाल ने अभिभावकों को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि किसी कारणवश उनकी अपनी पढ़ाई अधूरी रह गई है तो उन्हें यह संकल्प लेना चाहिए कि उनके बच्चों की शिक्षा किसी भी स्थिति में अधूरी न रहे। उन्होंने सभी विद्यालयों में बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विद्यालय निकटवर्ती आंगनबाड़ी केंद्रों से संपर्क स्थापित करें तथा वहां से शिक्षा प्राप्त कर निकलने वाले बच्चों का अपने विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित करें। इसी प्रकार कक्षा पांच के बाद प्रत्येक बच्चे का कक्षा छह में प्रवेश सुनिश्चित किया जाए और इसके लिए अभिभावकों को भी प्रेरित किया जाए।

उन्होंने विद्यालयों में शिक्षण को अधिक रोचक बनाने के लिए विभिन्न रचनात्मक गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को कहानी सुनाने, कविता पाठ, सामूहिक गतिविधियों एवं अन्य रचनात्मक कार्यक्रमों से जोड़ा जाए। प्रार्थना सभा के दौरान बच्चों को समाचार पत्रों की प्रमुख सुर्खियां पढ़कर सुनाने के लिए प्रेरित किया जाए, जिससे उनमें सामान्य ज्ञान, अभिव्यक्ति एवं पढ़ने की आदत विकसित हो। बच्चों को विभिन्न गतिविधियों में व्यस्त एवं सक्रिय रखा जाना चाहिए।

राज्यपाल ने बच्चों एवं अभिभावकों को प्रेरित करने के लिए अपने बचपन का अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनका पालन-पोषण भी ग्रामीण परिवेश में हुआ है। वे प्रतिदिन सुबह पांच बजे उठती थीं और पशुओं की देखभाल, साफ-सफाई तथा खेतों के कार्यों में सहयोग करने के बाद लगभग चार किलोमीटर पैदल चलकर विद्यालय जाती थीं। विद्यालय से लौटने के बाद घर के विभिन्न कार्यों में सहयोग करती थीं और फिर भोजन करती थीं। परिवार के सभी सदस्य एक साथ बैठकर भोजन करते थे। इसके बाद प्रार्थना एवं प्रतिदिन रामायण पाठ करने की परंपरा थी। उन्होंने बताया कि वे घर का बना हुआ स्वस्थ भोजन करती थीं और परिवार में एक साथ बैठकर भोजन करने से बच्चों में संस्कार एवं पारिवारिक मूल्यों का विकास होता है।

उस समय उनके गांव में बिजली की सुविधा नहीं थी और वे लैंप की रोशनी में पढ़ाई करती थीं। अनेक कठिनाइयों एवं अभावों के बावजूद उन्होंने अपनी पढ़ाई पूरी की और आज इस मुकाम तक पहुंची हैं। उन्होंने अपने अनुभव के माध्यम से बच्चों को संदेश दिया कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी चुनौतीपूर्ण क्यों न हों, दृढ़ संकल्प, परिश्रम और अनुशासन के बल पर अपने लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि वे बच्चों को पर्याप्त समय दें, उनमें अच्छे संस्कार विकसित करें तथा उन्हें सत्य बोलने और अच्छी आदतें अपनाने के लिए प्रेरित करें। परिवार और विद्यालय मिलकर बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
बच्चों में अवलोकन, लेखन एवं व्यावहारिक ज्ञान की आदत विकसित करने के महत्व पर प्रकाश डालते हुए राज्यपाल जी ने अपने शिक्षक जीवन के अनुभव भी साझा किए। उन्होंने बताया कि अपने शिक्षण कार्य के दौरान उनका संकल्प था कि कक्षा आठ से बारहवीं तक के सभी बच्चों को चार वर्षों में पूरे भारत का भ्रमण कराया जाए। इसके अंतर्गत बच्चों को विभिन्न राज्यों के शैक्षिक भ्रमण पर ले जाया जाता था। भ्रमण से लौटने के बाद बच्चे अपने अनुभव लिखते थे। आज भी उनके अनुभवों पर आधारित पुस्तकें स्कूल में उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक राज्य की भौगोलिक स्थिति, वातावरण, संस्कृति एवं विशेषताओं को विद्यार्थी केवल पुस्तकों से ही नहीं, बल्कि स्वयं वहां जाकर देखने, समझने और उसका अवलोकन करने से बेहतर ढंग से जान सकते हैं। इसलिए शिक्षकों को भी बच्चों में निरीक्षण करने, अपने अनुभव लिखने तथा विभिन्न विषयों पर विचार व्यक्त करने की आदत विकसित करनी चाहिए।
इसी क्रम में राज्यपाल जी ने जन भवन स्थित आदर्श माध्यमिक विद्यालय के बच्चों के शैक्षिक भ्रमण का अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि विद्यालय के बच्चों को वाटर पार्क ले जाया गया था और वे स्वयं भी उनके साथ गई थीं, ताकि बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बच्चों को वहां की गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं का ध्यानपूर्वक अवलोकन करने के लिए प्रेरित किया गया। भ्रमण से लौटने के बाद बच्चों ने वहां देखी गई चीजों पर आधारित पेंटिंग बनाई तथा निबंध लिखे। बच्चों के इन निबंधों को संकलित कर एक पुस्तक तैयार की गई है। उन्होंने बताया कि यह पुस्तक विद्यालयों में भेजी जाएगी, ताकि अन्य बच्चे भी इन अनुभवों से सीख सकें।
21 एवं 22 नवंबर, 2026 को बच्चों को आगरा एवं मथुरा के शैक्षिक भ्रमण पर ले जाया गया था। इस दौरान बच्चों ने विश्वविद्यालय, ताजमहल, मथुरा रिफाइनरी एवं प्रेम मंदिर का भ्रमण किया। बच्चों को अपने अनुभव लिखने के लिए प्रेरित किया गया है। इन अनुभवों को भी पुस्तक के रूप में संकलित कर विद्यालयों में उपलब्ध कराया जाएगा। राज्यपाल जी ने निर्देश दिए कि विद्यालयों द्वारा बच्चों के लिए नियमित रूप से ऐसे शैक्षिक भ्रमण आयोजित किए जाएं, जिससे उन्हें किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक एवं अनुभवात्मक शिक्षा भी मिल सके।
राज्यपाल जी ने बताया कि जन भवन में अब तक एक लाख से अधिक बच्चों का शैक्षिक भ्रमण हो जा चुका है। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम के समापन के बाद यहां उपस्थित सभी बच्चों को जन भवन का भ्रमण कराया जाए तथा वे यहां देखी गई चीजों एवं प्राप्त अनुभवों को लिखें। उन्होंने कहा कि बच्चों को केवल किसी स्थान पर घुमाने के लिए नहीं ले जाना चाहिए, बल्कि उन्हें वहां की विशेषताओं का अवलोकन करने, प्रश्न पूछने और अपने अनुभवों को लिखने के लिए भी प्रेरित करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि शैक्षिक भ्रमण के लिए रेलवे में विद्यार्थियों को रियायती सुविधा उपलब्ध होना आवश्यक है, जिससे वे पूरे देश का भ्रमण कर सकें। विशेष रूप से वंचित परिवारों के बच्चों के लिए ऐसी व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि आर्थिक कठिनाइयां उनके सीखने और आगे बढ़ने के अवसरों में बाधा न बनें। शिक्षा जगत से जुड़े अधिकारियों एवं शिक्षकों को भी इस दिशा में प्रयास करने चाहिए।
राज्यपाल ने अपने सामाजिक अनुभव का उल्लेख करते हुए बताया कि एक बार वे आदिवासी क्षेत्र के भ्रमण पर गई थीं। वहां उन्होंने देखा कि अनेक महिलाओं के पास पर्याप्त कपड़े नहीं थे। इस स्थिति को देखते हुए उन्होंने अभियान चलाकर साड़ियां एकत्रित कराईं और उन महिलाओं को वितरित कराईं। इसके बाद उस क्षेत्र में शिक्षा के लिए भी कार्य किया गया। उन्होंने कहा कि समाज के वंचित वर्गों तक सहायता एवं शिक्षा के अवसर पहुंचाने के लिए सभी को संवेदनशीलता और सेवाभाव के साथ कार्य करना चाहिए।
ग्रामीण एवं वंचित परिवारों के अनेक बच्चे प्रतिभाशाली होते हैं और उनके मन में आगे बढ़ने के सपने भी होते हैं, लेकिन आर्थिक एवं सामाजिक परिस्थितियों के कारण कई बार वे अपने सपनों को पूरा नहीं कर पाते। कम उम्र में ही उन्हें काम करने के लिए विवश होना पड़ता है और कभी-कभी उचित मार्गदर्शन के अभाव में वे गलत दिशा में भी चले जाते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का अधिकार है और यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से वंचित बच्चों को आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं तथा उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ भी दिलाया जा रहा है।
जन भवन स्थित आदर्श माध्यमिक विद्यालय का उदाहरण देते हुए बताया कि वे स्वयं प्रतिदिन बच्चों की उपस्थिति पर ध्यान देती हैं। जो बच्चे नियमित रूप से विद्यालय नहीं आते, उनके अभिभावकों को बुलाकर उनसे बातचीत करती हैं और बच्चों की अनियमितता के कारणों को समझती हैं। निरंतर संवाद एवं प्रयासों के परिणामस्वरूप अब बच्चों की उपस्थिति में सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा एवं नियमित उपस्थिति के लिए विद्यालय और परिवार के बीच निरंतर संवाद होना आवश्यक है।
उन्होंने विद्यालयों में सेवानिवृत्त शिक्षकों का सहयोग लेने पर भी जोर दिया, ताकि उनके अनुभव एवं ज्ञान का लाभ बच्चों को मिल सके। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को बच्चों की शिक्षा एवं उनके बेहतर भविष्य के निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।
राज्यपाल जी ने भारत को ड्रग्स मुक्त बनाने के लिए सभी से सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि परिवार, शैक्षणिक संस्थाओं एवं समाज के सभी लोगों की यह जिम्मेदारी है कि वे बच्चों के व्यवहार एवं गतिविधियों पर ध्यान दें। अभिभावक बच्चों के साथ मित्रवत व्यवहार करें, उनसे नियमित बातचीत करें, उनकी समस्याओं को समझें और उन्हें उचित मार्गदर्शन दें। विद्यालयों एवं अभिभावकों को मिलकर बच्चों को नशे तथा अन्य गलत गतिविधियों से दूर रखने और उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
राज्यपाल जी ने आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया तथा उनके सेवाभाव की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि इस पहल के अंतर्गत केवल स्मार्ट क्लासेस की स्थापना ही नहीं की गई है, बल्कि विद्यालयों की मरम्मत एवं आवश्यक सुधार के कार्य भी कराए गए हैं। उन्होंने इस समग्र प्रयास के लिए उम्मीद संस्था, ओप्पो इंडिया एवं सभी सहयोगियों को धन्यवाद दिया।
इस अवसर पर श्री अवनीश कुमार अवस्थी ने राज्यपाल जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्यपाल जी की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश में वंचित परिवारों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्यपाल जी जिस आत्मीयता, प्रेम एवं सकारात्मक सोच के साथ इस दिशा में कार्य कर रही हैं, वह सराहनीय एवं अनुकरणीय है। उन्हें विश्वास है कि इन प्रयासों से बच्चे निश्चित रूप से आगे बढ़ेंगे और देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने ओप्पो इंडिया को भी बधाई देते हुए कहा कि संस्था द्वारा 144 स्मार्ट क्लासेस की स्थापना की जा रही है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि संस्था भविष्य में इससे भी अधिक व्यापक स्तर पर शिक्षा के क्षेत्र में अपना योगदान देगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी की सोच है कि हमारे युवाओं एवं बच्चों में पूरे विश्व के कौशल को समाहित करने की क्षमता है। इसी दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग प्रदेश में बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगा।
ओप्पो इंडिया के निदेशक श्री राकेश कुमार ने कहा कि राज्य सरकार, राज्यपाल जी एवं श्री अवनीश कुमार अवस्थी के सहयोग से ओप्पो इंडिया प्रदेश में 1000 से अधिक स्मार्ट क्लासेस स्थापित करने की दिशा में कार्य करेगा। उन्होंने बताया कि संस्था की तरफ से प्रदेश में 25 अटल टिंकरिंग लैब की भी स्थापना की गई है। उन्होंने कहा कि ओप्पो इंडिया के लिए यह हर्ष का विषय है कि उसे शिक्षा के क्षेत्र में देश के लिए कुछ करने का अवसर प्राप्त हुआ है। इसके लिए उन्होंने राज्यपाल जी के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि तकनीक केवल नवाचार एवं विकास का माध्यम ही नहीं है, बल्कि यह समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और सभी को समान अवसर उपलब्ध कराने का भी सशक्त माध्यम है। आज शिक्षा के क्षेत्र में तकनीक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले बच्चे भी अपने स्थान पर रहते हुए नए कौशल सीख सकते हैं, नई जानकारियां प्राप्त कर सकते हैं तथा अपने करियर को बेहतर दिशा दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों की क्षमताओं, संभावनाओं एवं उनके उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए यह पहल की जा रही है।
उम्मीद संस्था से बलवीर सिंह मान ने कहा कि राज्यपाल जी की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन से ही वंचित परिवारों के बच्चों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कार्य संभव हो पा रहा है। उन्होंने इस पुनीत कार्य के लिए राज्यपाल जी के प्रति आभार व्यक्त किया।
पाठकों की टिप्पणियां (0)
✍️ अपनी टिप्पणी लिखें