📅 सोमवार, 23 नवंबर 2026 🕒 02:04:22 AM (IST)
politics

22 नवंबर को शाही अंदाज में विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला का आगाज, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे उद्घाटन, परंपरा और आधुनिकता का दिखेगा संगम

🕒 प्रकाशित: 22-11-2026, 01:04 PM
📍 समाचार स्थान: Patna, Bihar, India
22 नवंबर को शाही अंदाज में विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला का आगाज, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे उद्घाटन, परंपरा और आधुनिकता का दिखेगा संगम - Photo 1
अक्षर का आकार बदलें

बिहार (अफजल इमाम ’’मुन्ना’’)। बिहार का ऐतिहासिक और विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला के भव्य शुभारंभ की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इस वर्ष 22 नवंबर की शाम 5 बजे बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ऐतिहासिक सोनपुर मेले का विधिवत उद्घाटन करेंगे। जहां उद्घाटन समारोह को यादगार बनाने के साथ ही विशिष्ट अतिथियों के स्वागत, सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। क्योंकि, 21 वर्षों के बाद मुख्यमंत्री के हांथों आज इस मेले का उद्घाटन होने जा रहा है। 22 नवंबर से 23 दिसंबर तक 32 दिनों के लिए आयोजित होने वाले सोनपुर मेले में देशी-विदेशी पर्यटकों को पारंपरिक ग्रामीण परिवेश, धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ मनोरंजन का भी भरपूर अनुभव देने की तैयारी की जा रही है।

News Image 1

पर्यटकों के लिए मिनी दरबारी और राजवाड़ी लग्जरी टेंट तैयार किये जा रहे हैं। राजधानी पटना से 900 रुपये से शुरू होने वाले टूर पैकेज और कपल्स के लिए 6 हजार रुपये के विशेष पैकेज की सुविधा मिलेगी। वहीं, सोनपुर मेंले में नखास क्षेत्र, चिड़िया बाजार और लकड़ी बाजार में आकर्षक झूले लगाए जा रहे है। इन बाजारों में झूलों की स्थापना और मनोरंजन स्थलों को सजाने-संवारने का काम तेजी से चल रहा है।

सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार की ओर से संयुक्त आदेश जारी कर अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उद्घाटन समारोह में दोनों उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव व विजय कुमार चौधरी के अलावा राजस्व, पर्यटन, कला-संस्कृति सहित विभिन्न विभागों के मंत्री, मुख्य सचिव और राज्य सरकार के कई वरीय अधिकारी शामिल होंगे। विशिष्ट अतिथियों के आवासन और स्वागत की व्यवस्था सोनपुर स्थित जिला परिषद डाकबंगला में की गई है। जहां अतिथियों को पारंपरिक अंदाज में अश्वारोही दस्ते की अगवानी के बीच मुख्य समारोह स्थल तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए पायलट वाहन और सुरक्षा घेरे की व्यवस्था रहेगी। अतिथियों का प्रवेश मुख्य अतिथि द्वार से होगा और उन्हें जनसंपर्क विभाग के मुख्य पंडाल तक लाया जाएगा।

सोनपुर मेले में मनोरंजन और खान-पान का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। मेले में लगने वाले मौत के कुएं, रोमांचक खेल-तमाशे, झूले व तरह-तरह के मनोरंजन के साधन दर्शकों को आकर्षित करेंगे। वहीं, खान-पान के शौकीनों के लिए भी स्वादिष्ट व्यंजनों की कई दुकानें सजेंगी। धार्मिक आस्था, व्यापार और लोक संस्कृति के साथ मनोरंजन का यह रंग मेले की रौनक को और खास बनाएगा।

सोनपुर मेले में मौत का कुआं हमेशा से दर्शकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा है। इसमें मोटरसाइकिल और अन्य वाहनों से किए जाने वाले हैरतअंगेज करतब लोगों को रोमांचित करेंगे। इसके अलावा विभिन्न प्रकार के खेल-तमाशे और मनोरंजन के साधन भी मेले में पहुंचने वाले लोगों का मनोरंजन करेंगे। बच्चों के लिए रंग-बिरंगे झूले और खेल आकर्षण का केंद्र बनेंगे। जबकि, युवा और बड़े भी रोमांचक करतबों का आनंद उठा सकेंगे।

सोनपुर मेले की खासियत रही है कि यहां हर उम्र और हर वर्ग के लोगों के लिए मनोरंजन और आकर्षण के साधन मौजूद रहते हैं। कोई मौत के कुएं के रोमांच का आनंद लेगा तो कोई परिवार के साथ झूलों और खेल-तमाशों का लुत्फ उठाएगा। वहीं, खान-पान की दुकानों पर मिलने वाले लजीज व्यंजन मेले की रौनक को और बढ़ाएंगे। इस तरह हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला एक बार फिर आस्था, परंपरा, व्यापार, मनोरंजन और स्वाद के अनूठे संगम के रूप में लोगों को आकर्षित करेगा। सोनपुर मेला केवल पशु व्यापार और धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों की कला, संस्कृति और पारंपरिक उत्पादों का भी अनूठा संगम है। जहां मेले में इन दिनों जम्मू-कश्मीर की वादियों की खूब सूरती और वहां की पारंपरिक हस्तकला की झलक भी देखने को मिल रही है।

विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को इस बार बाबा हरिहरनाथ के दर्शन-पूजन के लिए ज्यादा समय मिलेगा। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर न्यास समिति ने मेला अवधि के लिए दर्शन की समय-सारणी में बदलाव किया है। नई व्यवस्था के तहत दोपहर का शयनकाल घटा दिया गया है। अब राजभोग के लिए मंदिर के पट केवल आधे घंटे बंद रहेंगे। जबकि, रात 9 बजे तक श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। न्यास समिति के निर्णय के मुताबिक, प्रतिदिन की तरह सुबह 4.30 बजे से दोपहर 12 बजे तक श्रद्धालु दर्शन और पूजन कर सकेंगे। इसके बाद राजभोग के लिए दोपहर 12 बजे मंदिर के पट बंद होंगे, जो 12.30 बजे पुनः खोल दिए जाएंगे। इसके बाद शाम 4.30 बजे तक दर्शन-पूजन, जलाभिषेक और रुद्राभिषेक होगा। शाम 4.30 से 6 बजे तक बाबा का दिव्य श्रृंगार किया जाएगा। 6 बजे से रात 9 बजे तक श्रद्धालुओं को श्रृंगार दर्शन का अवसर मिलेगा। इसके बाद राजभोग अर्पित कर मंदिर के पट बंद कर दिए जाएंगे।

कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान पर्व को लेकर भी मंदिर में विशेष व्यवस्था की गई है। 23 नवंबर की मध्यरात्रि 12 बजे नारायणी स्नान के साथ धार्मिक अनुष्ठान शुरू होगा। रात 12 से 2 बजे तक बाबा हरिहरनाथ का उत्थापन और विशेष रुद्राभिषेक किया जाएगा। इसके बाद 24 नवंबर को ब्रह्म मुहूर्त में सुबह 3 बजे आम श्रद्धालुओं के दर्शन-पूजन के लिए मंदिर के पट खोल दिए जाएंगे। कार्तिक पूर्णिमा से शुरू होकर अग्रहायण पूर्णिमा तक चलने वाले सोनपुर मेले में देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु पहुंचते हैं। दर्शन की अवधि बढ़ाने का उद्देश्य भीड़ के बीच श्रद्धालुओं को सुविधाजनक तरीके से पूजा-अर्चना का अवसर देना है। न्यास समिति ने सभी श्रद्धालुओं से निर्धारित समय-सारणी का पालन करने और कतारबद्ध होकर दर्शन करने की अपील की है।

उधर, सोनपुर मेला में उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं और सैलानियों की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा की व्यापक तैयारी की है। 22 नवंबर से 23 दिसंबर तक आयोजित होने वाले इस मेले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित थानों के अतिरिक्त अस्थायी थाने स्थापित किए गए हैं। इनके माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र को अलग-अलग सुरक्षा क्षेत्रों में बांटकर निगरानी की जाएगी। इससे श्रद्धालुओं को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार के संयुक्त आदेश के मुताबिक, उद्घाटन समारोह और कार्तिक पूर्णिमा स्नान के मद्देनजर 22 से 25 नवंबर तक सभी 21 अस्थायी थाने पूरी क्षमता से काम करेंगे। इसके बाद 26 नवंबर से मेला समाप्ति तक 13 प्रमुख थानों के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था संचालित की जाएगी। सभी थानों में पुलिस पदाधिकारियों के साथ सशस्त्र बल, लाठी बल, महिला पुलिसकर्मी और दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त किए गए हैं। वहीं, माही ब्रिज थाने में गोताखोरों और महाजाल की व्यवस्था की गई है। ताकि, स्नान के दौरान डूबने या अन्य दुर्घटना की स्थिति में तत्काल बचाव अभियान चलाया जा सके। मीना बाजार थाने में विशेष महिला कोषांग भी बनाया गया है।
Earth News Network
समाचार अपलोड करने वाले Earth News Network Reporter / News Contributor
हमसे जुड़ें

इस खबर को शेयर करें

पाठकों की टिप्पणियां (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी आप लिखें!

✍️ अपनी टिप्पणी लिखें

टिप्पणी एडमिन की स्वीकृति के बाद प्रकाशित होगी।