📅 सोमवार, 23 नवंबर 2026 🕒 02:04:38 AM (IST)
politics

पटना में पूर्व सीएम नीतीश कुमार से गले मिले पीएम नरेंद्र मोदी, सीएम सम्राट चौधरी से कदमताल, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी साथ, बिहार में पुल उद्घाटन से ज्यादा चर्चा में सियासी केमिस्ट्री

🕒 प्रकाशित: 22-11-2026, 12:31 PM
📍 समाचार स्थान: Patna, Bihar, India
पटना में पूर्व सीएम नीतीश कुमार से गले मिले पीएम नरेंद्र मोदी, सीएम सम्राट चौधरी से कदमताल, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी साथ, बिहार में पुल उद्घाटन से ज्यादा चर्चा में सियासी केमिस्ट्री - Photo 1
अक्षर का आकार बदलें
पटना 22 नवंबर (अफजल इमाम ’’मुन्ना’’)। बिहार में शनिवार यानी 21 नवंबर को भारतीय जनता पार्टी यानी भाजपा के कद्दावर नेता व देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दौरा सिर्फ विकास परियोजनाओं के उद्घाटन तक सीमित नहीं रहा। बिहार में कच्ची दरगाह-बिदुपुर के बीच गंगा नदी पर बने ’नीतीश सेतु’ के लोकार्पण से पूर्व और बाद की राजनीतिक तस्वीरों ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं। राजधानी पटना स्थित जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बिहार में 20 वर्षों तक मुख्यमंत्री रह चुके राज्यसभा सांसद व जद(यू.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया तो दोनों नेताओं के बीच गर्मजोशी देखने को मिली। इस मुलाकात के दौरान दोनों ने एक-दूसरे को गले लगाया। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर भी इस मुलाकात की तस्वीर साझा की। उधर, वैशाली में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ उनकी कदमताल और केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान की मौजूदगी ने बिहार की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार पहुंचे तो पटना एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मौजूद थे। दोनों नेताओं की मुलाकात के दौरान आत्मीयता साफ नजर आई। मोदी और नीतीश के गले मिलने की तस्वीरें सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई। प्रधानमंत्री मोदी ने भी सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा कर नीतीश कुमार से मिलकर प्रसन्नता जाहिर की। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैशाली के जाफरपट्टी स्थित औद्योगिक एस्टेट में आयोजित कार्यक्रम लिए के रवाना हुए। इस मुलाकात ने उनके बिहार दौरे को राजनीतिक दृष्टि से भी खास बना दिया। नीतीश सेतु के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के साथ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी नजर आए। दोनों नेताओं की साथ-साथ चलती तस्वीरें चर्चा का विषय बनीं। नमो सरकार के केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। इस तरह बिहार की मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था के तीन प्रमुख चेहरे एक ही कार्यक्रम में साथ दिखाई दिए। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पुल के नाम को लेकर उठ रही चर्चाओं पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बना यह पुल नीतीश कुमार के नाम पर है और सब नीतीशमय हो गया है।
गंगा नदी पर बना ’नीतीश सेतु’ इस दौरे का सबसे बड़ा विकासात्मक आकर्षण रहा। करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह परियोजना पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ती है। करीब 19.7 किलोमीटर लम्बी परियोजना में 9.7 किलोमीटर का मुख्य पुल और 10 किलोमीटर की सम्पर्क सड़कें शामिल हैं। सिक्स लेन वाले इस पुल से दक्षिण बिहार और उत्तर बिहार के बीच आवागमन आसान होने की उम्मीद है। इससे महात्मा गांधी सेतु और जे.पी. सेतु पर यातायात का दबाव भी कम होगा। राघोपुर दियारा के लोगों को राजधानी पटना पहुंचने और स्वास्थ्य एवं शिक्षा जैसी आवश्यक सुविधाओं तक पहुंच बनाने में सहूलियत मिलेगी। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने नीतीश सेतु को डबल इंजन सरकार के विजन से जोड़कर देखा। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में विकास परियोजनाओं को गति मिल रही है।

केद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अपना अभिभावक बताते हुए पुल निर्माण में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने अपने पिता रामविलास पासवान के उस सपने का भी जिक्र किया, जिसमें हाजीपुर को पटना की मुख्यधारा से जोड़ने की कल्पना थी। चिराग पासवान के अनुसार, विकसित बिहार के बिना विकसित भारत का सपना पूरा नहीं हो सकता।

नीतीश सेतु के उद्घाटन के बीच पुल के नाम को लेकर भी राजनीतिक विवाद सामने आया। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सवाल उठाया कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का नाम दसवें सिख गुरु गुरु गोबिंद सिंह के बजाय नीतीश कुमार के नाम पर क्यों रखा गया। उन्होंने इस फैसले को लेकर सिख समुदाय की भावनाओं का मुद्दा उठाया। वहीं, नमो सरकार के केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर पुल का नामकरण किए जाने का स्वागत किया। उन्होंने इसे बिहार के विकास में नीतीश कुमार के योगदान का सम्मान बताया। इस तरह विकास की बड़ी परियोजना के उद्घाटन के साथ ही नामकरण का सवाल भी राजनीतिक बहस का हिस्सा बन गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे पर विपक्ष की प्रतिक्रिया भी सामने आई। लालू पुत्र नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें बिहार आने से पूर्व यह सोचना चाहिए कि जिस सेतु का उद्घाटन करने वे आ रहे हैं, उसमें उनका कितना योगदान है। तेजस्वी यादव ने बिहार से किए गए वादों और उनके क्रियान्वयन को लेकर भी सवाल उठाए। इस बयान से साफ हुआ कि पुल का उद्घाटन जहां सरकार के लिए विकास की उपलब्धि का अवसर बना। वहीं, विपक्ष ने इसे राजनीतिक जवाबदेही से जोड़ने की कोशिश की।

        वैशाली के राजापाकर प्रखंड में जाफरपट्टी स्थित 1200 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैले औद्योगिक एस्टेट में आयोजित कार्यक्रम केवल नीतीश सेतु तक सीमित नहीं था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में करीब 34,470 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में सड़क संपर्क, ऊर्जा, शहरी बुनियादी ढांचा, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन से जुड़े कार्य शामिल हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 26,900 से अधिक लाभार्थियों के गृह प्रवेश का कार्यक्रम भी निर्धारित था। कुल मिलाकर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा विकास परियोजनाओं के साथ-साथ बिहार के राजनीतिक समीकरणों और नेताओं के बीच सार्वजनिक तालमेल की तस्वीर भी पेश कर गया।

वैसे, बिहार को 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को खास बिहारी अंदाज में नजर आए। उनके स्वागत में बिहार की संस्कृति और परंपरा की झलक भी दिखी। प्रधानमंत्री मोदी ने पहले नीतीश सेतु पर मिथिला पेंटिंग की छाप वाले गमछे को लहराकर लोगों का अभिवादन किया। इसके बाद सभास्थल पहुंचने पर भी उन्होंने इसी अंदाज में लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। मंच पर पहुंचने के दौरान प्रधानमंत्री मोदी का एक अलग अंदाज देखने को मिला। वहां मौजूद नेताओं का अभिवादन स्वीकार करते हुए जब वे आगे बढ़े तो नीतीश पुत्र बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार सामने आए। निशांत कुमार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पैर छूने के लिए झुके तो पीएम मोदी ने उन्हें रोकते हुए गले लगा लिया। इस आत्मीय मुलाकात ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींचा। इसके बाद बिहार सरकार के एक और युवा पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश पीएम मोदी के पास पहुंचे और उनका आशीर्वाद लिया।

मंच पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत अंगवस्त्र और अपराजिता के फूलों की माला पहनाकर किया। इसके बाद उन्हें छठ महापर्व पर आधारित स्मृति चिह्न भेंट किया गया। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने मखाने की माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया। स्वागत के दौरान केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी बिहार की खास पहचान से प्रधानमंत्री को परिचित कराया। उन्होंने पीएम मोदी को हाजीपुर का प्रसिद्ध केला भेंट किया। नीतीश सेतु का लोकार्पण करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुली गाड़ी से सभास्थल पहुंचे। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी मौजूद रहे। खुली गाड़ी से पीएम मोदी ने रास्ते में मौजूद लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
Earth News Network
समाचार अपलोड करने वाले Earth News Network Reporter / News Contributor
हमसे जुड़ें

इस खबर को शेयर करें

पाठकों की टिप्पणियां (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी आप लिखें!

✍️ अपनी टिप्पणी लिखें

टिप्पणी एडमिन की स्वीकृति के बाद प्रकाशित होगी।