सोनपुर स्थित मेला ग्राउंड में बने विशाल मंच पर आयोजित उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सोनपुर मेले के विकास को लेकर सरकार सजग है। हरिहरनाथ कॉरिडोर का निर्माण, पर्यटन सुविधाओं का विस्तार और आधारभूत संरचनाओं का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इन प्रयासों से सोनपुर की धार्मिक, ऐतिहासिक और पर्यटन संबंधी पहचान को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि बाबा हरिहरनाथ के आशीर्वाद से सोनपुर का विकास 10 गुना तेजी से होगा। विश्वविख्यात मेले को पशु व्यापार तक सीमित नहीं रखा जाएगा। इसे बिहार की अर्थव्यवस्था, संस्कृति और पर्यटन का वैश्विक केंद्र बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बाबा हरिहरनाथ मंदिर के भव्य जीर्णोद्धार पर एक हजार करोड़ रुपये खर्च करने की घोषणा की। मंदिर को धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाया जाएगा। सोनपुर में खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित कर स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ा जाएगा। प्रस्तावित टाउनशिप पर उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। 100 कट्ठा जमीन वाले किसानों को विकसित क्षेत्र में 55 प्रतिशत जमीन लौटाने का प्रस्ताव है। स्वेच्छा से जमीन देने वालों को निर्धारित दर से 10 प्रतिशत अधिक मुआवजा मिलेगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गंगा से गाद निकालने, गंगा पर एक्सप्रेस-वे, सोनपुर से गोपालगंज तक नारायणी पथ और गंडक पुल को 4 लेन करने की योजना भी बताई। उन्होंने अगले 5 वर्षों में एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी, 50 लाख करोड़ रुपये निवेश और एक करोड़ परिवारों को उद्यमी बनाने का लक्ष्य रखा। 50 लाख महिलाओं को पशु सखी बनाने की योजना से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। मुख्यमंत्री चौधरी ने कहा कि 2037 तक समृद्ध बिहार और 2047 तक विकसित भारत का संकल्प पूरा किया जाएगा। इस समारोह में पूर्व केद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री रह चुके सारण के वर्तमान सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि अपनी 37 वर्षों की राजनीतिक यात्रा में उनके लिए यह सुखद अनुभव है कि उनकी दल के मुख्यमंत्री ऐतिहासिक सोनपुर मेले का पहली बार उद्घाटन कर रहे हैं। उन्होंने बिहार सरकार के विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में सड़कों का जाल बिछा है और गंडक नदी पर 4 पुलों का निर्माण हो रहा है। सारण में हवाई अड्डे को मंजूरी दिलाने में भी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। महारजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने मुख्यमंत्री को मेले के उद्घाटन की बधाई देते हुए कहा कि आने वाले समय में मेला और भव्य स्वरूप लेगा।
पर्यटन विभाग एवं सारण जिला प्रशासन की ओर से आयोजित समारोह की अध्यक्षता पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने की। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ.प्रमोद कुमार, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ.दिलीप जायसवाल के अलावा विधायक जनक सिंह, कृष्ण कुमार सिंह, विधान पार्षद डॉ.राहुल राज, प्रो.डॉ.वीरेन्द्र नारायण यादव, ई.सच्चिदानंद राय, संजय मयूख सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। साथ ही, राज्य के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, एडीजी कुंदन कृष्ण, सारण के आयुक्त मनीष कुमार, जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार सहित कई वरीय अधिकारी भी मौजूद थे। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् के गायन से हुई। इसके बाद अतिथियों का पौधा, शॉल व स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया गया। एसएसबी बैंड की प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया।
इस वर्ष विश्व प्रद्धि हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले में धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति, कला, मनोरंजन और व्यापार का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। पर्यटकों के ठहरने के लिए स्विस कॉटेज बनाए गए हैं। क्राफ्ट बाजार, गंगा आरती, सांस्कृतिक संध्या, कुश्ती प्रतियोगिता और नौका दौड़ जैसे कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र होंगे। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा और यातायात की विशेष व्यवस्था की गई है। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी की जायेगी। मेले में पर्याप्त पुरूष व महिला पुलिस बल की तैनाती भी की गई है।
पाठकों की टिप्पणियां (0)
✍️ अपनी टिप्पणी लिखें