📅 बुधवार, 25 नवंबर 2026 🕒 07:09:09 PM (IST)
politics

बिहार विधान परिषद के 8 नए सदस्यों ने ली शपथ, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव में मुस्कुराकर हुई बात, जेएसपी के सूत्रधार पीके भी पहुंचे

🕒 प्रकाशित: 25-11-2026, 07:07 AM
📍 समाचार स्थान: Patna, Bihar, India
बिहार विधान परिषद के 8 नए सदस्यों ने ली शपथ, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव में मुस्कुराकर हुई बात, जेएसपी के सूत्रधार पीके भी पहुंचे - Photo 1
अक्षर का आकार बदलें

बिहार (अफजल इमाम ’’मुन्ना’’)। बिहार विधान परिषद के 8 नवनिर्वाचित सदस्यों ने सोमवार यानी 23 नवंबर को पद और गोपनीयता की शपथ ली। बिहार विधान परिषद के सभागार में आयोजित इस शपथ ग्रहण समारोह में विधान परिषद के सभापति प्रो.रामवचन राय ने सभी नए सदस्यों को शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी व विजेंद्र प्रसाद यादव, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा सहित राज्य सरकार के कई मंत्री मौजूद रहे। राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष व बिहार मे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव और देश के चर्चित चुनावी रणनीतिकार रह चुके जेएसपी के सूत्रधार से पहली बार बांकीपुर के विधायक बने प्रशांत किशोर यानी पीके भी समारोह में शामिल

News Image 1
 हुए।

बिहार विधान परिषद की 8 सीटों के लिए हाल ही में चुनाव कराए गए थे। इनमें 4 स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटें शामिल थीं। चुनाव में जीत हासिल करने वाले सभी 8 सदस्यों के नाम बिहार सरकार के निर्वाचन विभाग ने 17 नवंबर को जारी गजट में प्रकाशित किए थे। अब शपथ ग्रहण के साथ सभी नए सदस्य बिहार विधान परिषद का हिस्सा बन गए हैं।
बिहार विधान परिषद के स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की 4 सीटों में पटना से जद(यू.) के चर्चित एमएलसी नीरज कुमार ने चौथी बार जीत दर्ज की है। जबकि, दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से राजद के अनिल कुमार झा पहली बार विधान पार्षद चुने गए हैं। तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से बंशीधर ब्रजवासी दूसरी बार बतौर निर्दलीय जीत दर्ज की है। जबकि, कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के डॉ.एन.के. यादव ने तीसरी बार जीत हासिल की है। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की 4 सीटों में पटना से राजद के डॉ.संजीव कुमार चुने गए हैं। दरभंगा से जेएसपी के सुरेश प्रसाद राय ने पहली बार जीत दर्ज की है। तिरहुत से भाजपा के नरेंद्र प्रसाद सिंह और सारण से पहली बार निर्दलीय डॉ.राहुल राज विधान पार्षद बने हैं।

बिहार विधान परिषद के सभागार में आयोजित इस शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी व विजेंद्र प्रसाद यादव शामिल हुए। राज्य सरकार के कई मंत्रियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। लालू पुत्र नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और जेएसपी के सूत्रधार व विधायक प्रशांत किशोर की मौजूदगी भी समारोह में चर्चा का विषय रही। बिहार विधान परिषद प्रशासन ने समारोह के लिए सभागार में विशेष व्यवस्था की थी। आठों सदस्यों के शपथ लेने के साथ ही विधान परिषद में नए सदस्यों की औपचारिक शुरुआत हो गई है। लेकिन, शपथ ग्रहण के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि वो नवनिर्वाचित विधान पार्षद बंशीधर ब्रजवासी और डॉ.राहुल राज की सदस्यता रद्द करवाने के लिए पटना हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। उन्होंने कहा कि दोनों निर्वाचित एमएलसी के विरूद्ध राजद की लड़ाई जारी रहेगी।
बता दें कि, बिहार में विधान परिषद चुनाव के बाद दो नवनिर्वाचित निर्दलीय एमएलसी बंशीधर ब्रजवासी और डॉ.राहुल राज चर्चा में हैं। इन दोनों के भाजपा में शामिल होने की तस्वीरें सामने आने के बाद सियासी विवाद शुरू हो गया है। विपक्षी दल इसे संविधान और दल-बदल कानून का उल्लंघन बता रहे हैं। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने मामले पर सफाई दे चुके हैं। उन्होंने कहा है कि दोनों निर्दलीय एमएलसी ने भाजपा को समर्थन दिया है। इसमें कुछ भी गलत नहीं है।

इस मामले में जेएसपी ने भी मोर्चा खोल दिया है। जेएसपी ने बंशीधर ब्रजवासी और डॉ.राहुल राज की बिहार विधान परिषद की सदस्यता रद्द करने की मांग की है। जेएसपी का आरोप है कि दोनों ने निर्दलीय चुनाव जीतने के बाद भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। यह संविधान और दल-बदल कानून का उल्लंघन है। जसुपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना और पूर्व विधान पार्षद रामबली सिंह चंद्रवंशी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने बिहार विधान परिषद के सभापति प्रो.राम बचन राय से भी मुलाकात की थी। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें दोनों नवनिर्वाचित एमएलसी को अयोग्य घोषित करने की मांग वाली याचिका सौंपी थी। बिहार विधान परिषद के सभापति प्रो.राम बचन राय से मुलाकात के बाद जेएसपी नेता रामबली सिंह चंद्रवंशी ने कहा था कि दोनों नेताओं ने जिस तरह भाजपा की सदस्यता ग्रहण की, उसे पूरे देश ने देखा है। उन्होंने इसे संविधान का उल्लंघन बताया था।
इधर, राजद ने भी इस मामले में भाजपा और दोनों नवनिर्वाचित एमएलसी पर सवाल उठाए हैं। राज्य के पूर्व सहकारिता मंत्री रह चुके राजद विधायक आलोक कुमार मेहता ने दोनों की सदस्यता रद्द करने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में एमएलसी चुनाव जीतने के बाद किसी राजनीतिक दल की सदस्यता लेना संविधान की 10वीं अनुसूची का उल्लंघन है। उन्होंने 10वीं अनुसूची के पैरा 2(2) का हवाला दिया था। आलोक मेहता के अनुसार, कोई निर्दलीय सदस्य चुनाव जीतने के बाद किसी राजनीतिक दल में शामिल होता है तो उसकी सदस्यता अयोग्यता के दायरे में आ सकती है। उन्होंने तिरहुत स्नातक और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में दोबारा चुनाव कराने की मांग भी की थी। इस तरह तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नवनिर्वाचित निर्दलीय एमएलसी बंशीधर ब्रजवासी और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नवनिार्वचित निर्दलीय एमएलसी डॉ.राहुल राज के भाजपा से जुड़ने का मामला अब राजनीतिक विवाद के साथ संवैधानिक बहस का मुद्दा बन गया है। एक तरफ भाजपा इसे समर्थन बता रही है। वहीं, जेएसपी और राजद दोनों ही सदस्यता रद्द करने की मांग कर रहे हैं।
Earth News Network
समाचार अपलोड करने वाले Earth News Network Reporter / News Contributor
हमसे जुड़ें

इस खबर को शेयर करें

पाठकों की टिप्पणियां (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी आप लिखें!

✍️ अपनी टिप्पणी लिखें

टिप्पणी एडमिन की स्वीकृति के बाद प्रकाशित होगी।