इस अवसर पर संजय निषाद ने जनपद फरेंदा स्थित निरीक्षण भवन से पदयात्रा का शुभारंभ करते हुए कहा कि आज निषाद समेत समस्त मछुआ समाज को संवैधानिक रूप से अनुसूचित जाति के आरक्षण में परिभाषित किए जाने की मांग को लेकर यह पदयात्रा निकाली गई है। निषाद पार्टी का गठन वर्ष 2016 में निषाद समाज को आरक्षण दिलाने तथा ताल, घाट, बालू और अपने पुश्तैनी अधिकारों से वंचित होने के कारण किया गया था। निषाद समाज की समस्त मांगों से भारतीय जनता पार्टी को अवगत कराया जा चुका है, क्योंकि निषाद समाज से जुड़े सभी विषयों का निर्णय भाजपा को ही करना है और अब गेंद भाजपा के पाले में है। हम अपने समाज की आवाज को लगातार सरकार के सामने रखने का काम कर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व० मुलायम सिंह यादव को याद करते हुए कहा कि निषाद पार्टी मुलायम सिंह यादव को धन्यवाद देती है कि उन्होंने मझवार में समस्त उपजातियों को अनुसूचित जाति का आरक्षण दिया था और मछुआ समाज के 447 युवाओं को अनुसूचित जाति से अधिकारी बनाने का काम किया था। किंतु पूर्ववर्ती बसपा सरकार ने सत्ता में आते ही उक्त अधिकारियों की भर्ती और आरक्षण के खिलाफ हाईकोर्ट का रुख किया था, जबकि मुलायम सिंह यादव ने कोर्ट में मजबूती से पैरवी कर उस आदेश को बहाल रखने का काम किया था।
समाज अब स्पष्ट रूप से कहता है कि मछुआ समाज को 05 किलो राशन नहीं, बल्कि लखनऊ और दिल्ली में शासन चाहिए। जनपद महाराजगंज में निषाद पार्टी ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में नौतनवा विधानसभा सीट पर अपना विधायक बनाया था। इस बार हम जनपद महाराजगंज की 02 विधानसभा सीटों (फरेंदा और नौतनवा) पर चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं।
पाठकों की टिप्पणियां (0)
✍️ अपनी टिप्पणी लिखें