
इस अभ्यास में एयरपोर्ट प्रबंधन एवं संबंधित टीमों के साथ जिला प्रशासन, राज्य आपदा मोचन बल, नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो, डीजीसीए, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, इंटेलिजेंस ब्यूरो, उत्तर प्रदेश पुलिस, अग्निशमन विभाग, एयरलाइंस, सरकारी एवं निजी अस्पतालों सहित विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य स्तरीय एजेंसियों ने सहभागिता की।

अभ्यास के तहत विमान की लैंडिंग के असफल प्रयास के बाद दुर्घटना की एक काल्पनिक स्थिति तैयार की गई। इस परिदृश्य के अंतर्गत एयर ट्रैफिक कंट्रोल, एयरपोर्ट रेस्क्यू एंड फायर फाइटिंग सेवाओं, सीआईएसएफ, चिकित्सा दलों तथा अन्य संबंधित एजेंसियों ने निर्धारित आपातकालीन प्रक्रियाओं के अनुसार त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई की।

इस अवसर पर एल.आई.ए.एल के प्रवक्ता ने कहा, “यात्रियों, कर्मचारियों और सभी हितधारकों की सुरक्षा एवं कल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस प्रकार के पूर्णस्तरीय आपातकालीन अभ्यास हमारी तैयारियों का मूल्यांकन करने, विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय को मजबूत बनाने और सुधार की संभावनाओं की पहचान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे अभ्यास यह सुनिश्चित करने में सहायक होते हैं कि किसी भी आपात स्थिति में सभी संबंधित एजेंसियां त्वरित, समन्वित और प्रभावी ढंग से प्रतिक्रिया दे सकें।”

यह अभ्यास अधिसूचित 'नोटम' अवधि के दौरान आयोजित किया गया, ताकि नियमित हवाई अड्डा परिचालन प्रभावित न हो। अभ्यास के दौरान यात्रियों एवं आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई तथा एयरपोर्ट का सामान्य परिचालन सुचारु रूप से जारी रहा

इस पूर्णस्तरीय अभ्यास में विभिन्न सहभागी एजेंसियों के लगभग 250 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। इनमें एयरपोर्ट की एयरक्राफ्ट रेस्क्यू एंड फायर फाइटिंग टीम, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा मोचन बल, उत्तर प्रदेश पुलिस, सरोजनी नगर अग्निशमन केंद्र, डायल 112 आपातकालीन सेवा तथा एयरफोर्स स्टेशन (बख्शी का तालाब) के कर्मी शामिल रहे। चिकित्सा सहायता के लिए चंदन हॉस्पिटल और ओपी चौधरी हॉस्पिटल की मेडिकल टीमों के साथ एयरपोर्ट एवं अन्य सहयोगी एजेंसियों ने भी सक्रिय सहभागिता की।

अभ्यास के दौरान विशेष अग्निशमन, बचाव एवं चिकित्सा उपकरणों की भी तैनाती की गई। इनमें फायर टेंडर, एंबुलेंस, रेस्क्यू वाहन तथा अन्य आपातकालीन प्रतिक्रिया संसाधन शामिल थे। इनके माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में उपलब्ध संसाधनों की तत्परता, त्वरित मोबिलाइजेशन और विभिन्न एजेंसियों के बीच परिचालन समन्वय की प्रभावशीलता का परीक्षण किया गया।
एक नज़र - लखनऊ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पूर्णस्तरीय एयरोड्रोम आपातकालीन अभ्यास ‘साहस 2026’ का सफल आयोजन... https://youtube.com/shorts/oeIKPX1bwCo?si=uB3CTCmOB12DIg7d
पाठकों की टिप्पणियां (0)
✍️ अपनी टिप्पणी लिखें