- यूपीएफएसडीए उत्तर प्रदेश ने एसटीएफ के साथ संयुक्त छापेमारी कर लखनऊ के थाना दुबग्गा क्षेत्र में अवैध रूप से बन रही प्रतिबन्धित ऑक्सीटोसिन का बड़ा नेटवर्क पकड़ा
- मौके से लगभग ₹2.05 करोड़ मूल्य का ऑक्सीटोसिन पाउडर, लिक्विड, हजारों बोतलें व लाखों एम्प्यूल तथा निर्माण सामग्री और उपकरण बरामद
- अवैध निर्माण, पैकिंग और आपूर्ति में लिप्त दो अभियुक्त मौके से गिरफ्तार, थाना दुबग्गा में एफआईआर दर्ज
- जांच के लिए 9 नमूने प्रयोगशाला भेजे गये
लखनऊ : खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग, लखनऊ और एसटीएफ उत्तर प्रदेश की संयुक्त टीम ने लखनऊ के दुबग्गा क्षेत्र में अवैध रूप से प्रतिबन्धित ऑक्सीटोसिन औषधि,इंजेक्शन के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की। यह अभियान FSDA की अगुवाई में चला।
सुनसान मकान में सजी थी नकली ऑक्सीटोसिन की फैक्ट्री, FSDA ने रात भर चली कार्रवाई में किया खुलासा - दुबग्गा क्षेत्र के ग्राम मौहारी (जेहटा) में दो व्यक्तियों के अवैध ऑक्सीटोसिन का बड़े पैमाने पर निर्माण और आपूर्ति करने की बात विभाग के संज्ञान में आई थी। इस सूचना पर FSDA और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ एक निर्जन स्थान पर बने आवासीय मकान पर छापा मारा। मकान के पीछे एक पिकअप वाहन (UP32YN6383) खड़ा मिला, जिसमें दो व्यक्ति बोरियां लोड कर रहे थे। मकान के भीतर लोहे के दरवाजे के पीछे बने कक्ष में बड़ी मात्रा में भरी हुई बोरियां, जमीन पर बिखरी प्लास्टिक की बोतलें और ऑक्सीटोसिन तैयार करने व पैक करने का पूरा सेटअप मिला।

₹2.05 करोड़ का माल जब्त: 3,700 बोतलें, 1.77 लाख से अधिक एम्प्यूल और फैक्ट्री का पूरा सेटअप बरामद - छापेमारी में कुल 37 बोरियों में रखी लगभग 3,700 प्लास्टिक बोतलें (प्रत्येक लगभग 200 ml) ऑक्सीटोसिन से भरी हुई मिलीं। इसके अलावा कुल 1,77,800 प्लास्टिक एम्प्यूल (प्रत्येक लगभग 2 ml) बरामद हुए, जो 1,500 एल्युमिनियम फॉयल पैकिंग में रखे थे। इनमें 150,000 एम्प्यूल कार्टनों में रखी फॉयल पैकिंग में, 24,000 एम्प्यूल नीले डिब्बों में और 3,800 एम्प्यूल एक बोरी में रखे नीले डिब्बों में थे। साथ ही लगभग 35 लीटर लिक्विड ऑक्सीटोसिन एक प्लास्टिक गैलन में, बिना लेबल की 3 सिल्वर फॉयल पैकिंग में संदिग्ध ऑक्सीटोसिन पाउडर, 5-5 लीटर फिनायल के 12 कैन और 1-1 किलो के 36 पैकेट नमक बरामद हुए। निर्माण और पैकिंग सामग्री में लगभग 8,000 खाली बोतलें, नीले, सिल्वर, लाल, हरे, गोल्डन, पिंक और अन्य रंगों के लगभग 44,000 एल्युमिनियम ढक्कन, लगभग 5,000 ग्रे रंग के रबर कैप्स, रबर के हैंड ग्लव्स, सीलर मशीनें, प्लास्टिक का फिलिंग पाइप, चाकू, प्लास, हथौड़ी, छेनी, मग, छन्नी और 200-200 लीटर के तीन खाली ड्रम भी मिले। मौके से एक पिकअप वाहन भी जब्त किया गया।

जेल से छूटकर फिर वही काला कारोबार: मौके से दबोचे गए दो अभियुक्त - एफएसडीए और एसटीएफ टीम ने मौके से दो अभियुक्त गिरफ्तार किए। इनमें दिलदार और इरफान हैं। दोनों मूल रूप से ग्राम महिमाखेड़ा, थाना रहीमाबाद, लखनऊ के निवासी हैं और वर्तमान में कैटल कॉलोनी, थाना ठाकुरगंज, लखनऊ में रह रहे थे।
बिहार से मंगाते थे पाउडर, घर में बनाते थे नकली ऑक्सीटोसिन, आरोपियों ने कबूला पूरा नेटवर्क - पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे ऑक्सीटोसिन पाउडर में नमक, पानी और फिनायल मिलाकर अवैध रूप से ऑक्सीटोसिन तैयार करते थे, फिर उसकी पैकिंग कर बिक्री करते थे। इस काम में एक अन्य सहयोगी भी शामिल है, जिसके माध्यम से बिहार से ऑक्सीटोसिन पाउडर मंगाया जाता था, जबकि कुछ सामग्री गाजियाबाद से भी खरीदी जाती थी। तैयार माल की आपूर्ति भैंस पालकों और सब्जी विक्रेताओं को की जाती थी। अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे पहले भी इसी अपराध में जेल जा चुके हैं और छूटने के बाद उन्होंने फिर यही काम शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि यही उनकी आय का जरिया था। मौके पर इस्तेमाल हो रहा पिकअप वाहन भी उन्होंने इसी काम के लिए खरीदा था और इसी से माल की आपूर्ति करते थे।

पशुओं से सब्जियों तक पहुंचता नकली ऑक्सीटोसिन, आमजन की सेहत के लिए बड़ा खतरा - अवैध ऑक्सीटोसिन का प्रयोग पशुओं तथा सब्जियों और फलों पर किया जाता है, जिससे आम जनमानस के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा होता है। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने औषधि एवं प्रसाधन सामग्री नियमावली, 1945 के नियम 105 के अन्तर्गत ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन की बिक्री केवल सिंगल यूनिट ब्लिस्टर पैक में ही प्राविधानित है। प्लास्टिक की बोतलों और एम्प्यूल में इसका निर्माण और विक्रय पूर्णतः अवैध है।
BNS की गंभीर धाराओं में दुबग्गा थाने में एफआईआर दर्ज - इस मामले में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 318(4), 319(2), 325, 280, 276 और 112 के अन्तर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। FSDA के औषधि निरीक्षकों ने जांच और विश्लेषण के लिए बरामद सामग्री के 9 नमूने जांच के लिये भेजे हैं।
एक नज़र - लखनऊ के दुबग्गा में अवैध ऑक्सीटोसिन फैक्ट्री का खुलासा.
E
समाचार अपलोड करने वाले
Earth News Network
Reporter / News Contributor
पाठकों की टिप्पणियां (0)
✍️ अपनी टिप्पणी लिखें