📅 गुरुवार, 19 नवंबर 2026 🕒 12:04:17 AM (IST)
विश्व

विदेशों में रह रहे भारतीय नागरिक भी मतदाता सूची में नाम दर्ज करा सकते हैं मतदान, पंजीकरण हेतु भरना होगा फार्म-6A

🕒 प्रकाशित: 18-11-2026, 07:52 PM
📍 समाचार स्थान: Lucknow, Uttar Pradesh, India
विदेशों में रह रहे भारतीय नागरिक भी मतदाता सूची में नाम दर्ज करा सकते हैं मतदान, पंजीकरण हेतु भरना होगा फार्म-6A - Photo 1
अक्षर का आकार बदलें
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 01 जनवरी, 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत दावा एवं आपत्ति अवधि में पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में विदेशों में निवास कर रहे भारतीय नागरिकों को भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने तथा उन्हें मतदान का अधिकार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रवासी भारतीय निर्वाचक के रूप में मतदाता सूची में पंजीकरण की व्यवस्था की गई है।

  वर्ष 2011 में भारतीय संसद द्वारा लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 में संशोधन कर धारा 20ए के प्रावधान किए गए, जिसके अंतर्गत विदेशों में रह रहे भारतीय नागरिकों को प्रवासी भारतीय निर्वाचक के रूप में मतदाता सूची में पंजीकरण कराने का अधिकार प्रदान किया गया है। प्रवासी भारतीय निर्वाचक वह भारतीय नागरिक होता है, जो रोजगार, शिक्षा अथवा अन्य कारणों से भारत से बाहर किसी देश में निवास कर रहा हो तथा जिसने किसी अन्य देश की नागरिकता ग्रहण न की हो। ऐसे नागरिक, जो अर्हता तिथि को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हों, अपने भारतीय पासपोर्ट में अंकित भारत स्थित निवास पते के आधार पर संबंधित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में पंजीकरण कराने के पात्र हैं।

 मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विदेश में निवास कर रहे भारतीय नागरिक अपना नाम केवल उसी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में सम्मिलित करा सकते हैं, जो उनके भारतीय पासपोर्ट में अंकित भारत स्थित निवास पते से संबंधित हो। मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने के लिए संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) को फार्म-6ए के माध्यम से ऑनलाइन, ऑफलाइन अथवा डाक द्वारा आवेदन किया जा सकता है। यदि आवेदक का भारत में सामान्य निर्वाचक के रूप में पूर्व से मतदाता फोटो पहचान पत्र (EPIC) बना हुआ है, तो फार्म-6ए प्रस्तुत करते समय उसे भी समर्पित करना होगा।

ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया-
प्रवासी भारतीय निर्वाचक ऑनलाइन आवेदन नागरिक सेवा पोर्टल https://voters.eci.gov.in अथवा ECINET मोबाइल ऐप (एण्ड्रायड हेतु प्लेस्टोर एवं आई ओ एस हेतु ऐप स्टोर पर उपलब्ध) के माध्यम से कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन के साथ नवीनतम पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो तथा भारतीय पासपोर्ट के संबंधित पृष्ठों की स्वप्रमाणित प्रतियां संलग्न करना अनिवार्य होगा। इनमें पासपोर्ट का फोटोयुक्त पृष्ठ, भारत स्थित निवास पते का विवरण वाला पृष्ठ तथा वैध वीजा पृष्ठांकन वाला पृष्ठ शामिल होगा। सभी संलग्न दस्तावेजों की प्रतियां आवेदक द्वारा स्वप्रमाणित होना आवश्यक है। स्वप्रमाणित दस्तावेजों के अभाव में आवेदन निरस्त किया जा सकता है।

ऑफलाइन आवेदन की प्रक्रिया-
 यदि आवेदक संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में उपस्थित होकर फार्म-6ए प्रस्तुत करता है, तो आवेदन के साथ भारतीय पासपोर्ट के संबंधित पृष्ठों की प्रतियां संलग्न करनी होंगी। साथ ही, आवेदक को निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के समक्ष अपना मूल पासपोर्ट भी प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

डाक द्वारा फार्म-6ए प्रस्तुत करने वाले आवेदकों को आवेदन के साथ नवीनतम पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो तथा भारतीय पासपोर्ट के संबंधित पृष्ठों की स्वप्रमाणित प्रतियां संलग्न करनी होंगी। इसमें पासपोर्ट का फोटोयुक्त पृष्ठ, भारत स्थित निवास पते का विवरण वाला पृष्ठ तथा वैध वीजा पृष्ठांकन वाला पृष्ठ शामिल होगा। सभी दस्तावेजों की प्रतियां आवेदक द्वारा स्वप्रमाणित होना अनिवार्य है। स्वप्रमाणित दस्तावेजों के अभाव में आवेदन निरस्त किया जा सकता है।

                      विदेश में निवास कर रहे प्रवासी भारतीय निर्वाचक का यह दायित्व भी है कि वह विदेश में अपने निवास पते में परिवर्तन होने की स्थिति में संबंधित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को इसकी सूचना दे। यदि वह भारत वापस लौटकर भारत में सामान्य रूप से निवास करने लगता है, तो उसे इसकी सूचना संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को देना आवश्यक होगा, जिससे प्रवासी भारतीय निर्वाचक के रूप में उसका नाम मतदाता सूची से हटाया जा सके और वह फार्म-6 के माध्यम से भारत में अपने सामान्य निवास स्थान से संबंधित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में सामान्य निर्वाचक के रूप में पंजीकरण करा सके।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में नाम सम्मिलित होने के उपरान्त प्रवासी भारतीय निर्वाचक मतदान करने के लिए पात्र होते हैं, लेकिन उन्हें मतदाता फोटो पहचान पत्र (EPIC) जारी नहीं किया जाता है। मतदान के दिन मतदान केन्द्र पर ऐसे निर्वाचकों की पहचान उनके मूल भारतीय पासपोर्ट के आधार पर की जाती है। अतः मतदान करने के लिए प्रवासी भारतीय निर्वाचक को अपना मूल पासपोर्ट मतदान केन्द्र पर साथ लेकर जाना अनिवार्य होगा।
                    10 अप्रैल, 2026 को प्रकाशित एसआईआर की अंतिम मतदाता सूची में कुल 3625 प्रवासी भारतीय मतदाता पंजीकृत थे, जिसमें 3035 पुरूष एवं 590 महिला मतदाता के रूप में शामिल थे। वहीं 17 नवम्बर, 2026 को प्रकाशित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की आलेख्य मतदाता सूची में कुल 4215 प्रवासी भारतीय मतदाता पंजीकृत हैं, जिसमें 3492 पुरूष एवं 723 महिला मतदाता के रूप में शामिल हैं। इस तरह आलेख्य मतदाता सूची में 590 प्रवासी भारतीय मतदाताओं की वृद्धि हुई है,जिसमें 457 पुरूष तथा 133 महिला मतदाताओं की वृद्धि शामिल है।
  
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के दौरान कतिपय प्रवासी भारतीय निर्वाचकों के गणना-प्रपत्र प्राप्त हुए, जो उनके स्थान पर परिवार के किसी अन्य सदस्य द्वारा भरकर एवं हस्ताक्षर कर जमा करके मतदाता सूची में नाम दर्ज कराया गया है। ऐसे प्रवासी भारतीय नागरिकों से अनुरोध है कि वे अपना नाम सामान्य निर्वाचक के स्थान पर प्रवासी भारतीय निर्वाचक के रूप में दर्ज करा लें। इसके लिए वे वर्तमान में चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के दावा एवं आपत्ति अवधि 17 नवम्बर से 16 दिसम्बर, 2026 के मध्य अपना EPIC समर्पित करते हुए प्रवासी भारतीय निर्वाचक के रूप में पंजीकरण के लिए फार्म-6ए भरकर ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन अथवा डाक के माध्यम से आवेदन करें।

गलत जानकारी अथवा मिथ्या घोषणा के साथ मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत करने पर संबंधित आवेदक के विरूद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 31 में उल्लिखित प्राविधानों के अनुसार विधिक कार्रवाई भी की जा सकती है।
Earth News Network
समाचार अपलोड करने वाले Earth News Network Reporter / News Contributor
हमसे जुड़ें

इस खबर को शेयर करें

पाठकों की टिप्पणियां (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी आप लिखें!

✍️ अपनी टिप्पणी लिखें

टिप्पणी एडमिन की स्वीकृति के बाद प्रकाशित होगी।