मेरठ : उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल की उपस्थिति एवं अध्यक्षता में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ में आयोजित पश्चिमांचल यूपी स्टार्टअप संवाद-2026ः Innovation to Startups Empowering Young Entrepreneurs for Viksit Bharat 2047 के अवसर पर उच्च शिक्षा, शैक्षणिक सहयोग, शोध एवं नवाचार गतिविधियों को नई दिशा देने के उद्देश्य से चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ एवं डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय, लखनऊ के मध्य एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) हस्ताक्षरित किया गया। यह समझौता दोनों विश्वविद्यालयों के लिए ज्ञान, तकनीक, शोध, नवाचार एवं संसाधनों के साझा उपयोग की नई संभावनाएं विकसित करेगा।
एमओयू के माध्यम से दोनों विश्वविद्यालय शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों में परस्पर सहयोग करेंगे। इसके अंतर्गत संयुक्त कार्यशालाओं, संगोष्ठियों, सम्मेलनों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम तथा विद्यार्थियों के कौशल उन्नयन से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया जा सकेगा। दोनों संस्थान अपने विशेषज्ञों, शिक्षकों, शोधकर्ताओं एवं विद्यार्थियों को साझा मंच उपलब्ध कराते हुए ज्ञान और अनुभवों का आदान-प्रदान करेंगे।

इस साझेदारी के अंतर्गत विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक, नवाचार, उद्यमशीलता एवं उद्योग की आवश्यकताओं से संबंधित प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्राप्त करने के अवसर मिलेंगे। दोनों विश्वविद्यालय संयुक्त शोध परियोजनाओं, नए पाठ्यक्रमों के विकास, तकनीकी समाधान, स्टार्टअप गतिविधियों तथा उद्योग आधारित अनुसंधान को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी कार्य कर सकते हैं।
एमओयू से चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को तकनीकी विशेषज्ञता, प्राविधिक संसाधनों और नए शोध क्षेत्रों से जुड़ने का अवसर मिलेगा, वहीं डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय को सामाजिक विज्ञान, विज्ञान, कृषि, प्रबंधन एवं अन्य बहुविषयक क्षेत्रों में सहयोग और अनुसंधान विस्तार की संभावनाएं प्राप्त होंगी।
यह साझेदारी दोनों विश्वविद्यालयों के बीच संस्थागत सहयोग को मजबूत करते हुए विद्यार्थियों की रोजगारपरक क्षमता, नवाचार आधारित सोच तथा शोध गुणवत्ता में वृद्धि करेगी। साथ ही, उद्योग एवं समाज की आवश्यकताओं के अनुरूप नए समाधान विकसित करने और प्रदेश में ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
पाठकों की टिप्पणियां (0)
✍️ अपनी टिप्पणी लिखें