📅 शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 🕒 12:47:34 AM (IST)
स्वास्थ्य

बीबीएयू के विद्यार्थियों ने पराग डेयरी में जानी दुग्ध उत्पादन, गुणवत्ता नियंत्रण एवं आपूर्ति श्रृंखला की प्रक्रिया

🕒 प्रकाशित: 19-11-2026, 05:40 PM
📍 समाचार स्थान: Lucknow, Uttar Pradesh, India
बीबीएयू के विद्यार्थियों ने पराग डेयरी में जानी दुग्ध उत्पादन, गुणवत्ता नियंत्रण एवं आपूर्ति श्रृंखला की प्रक्रिया - Photo 1
अक्षर का आकार बदलें
लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ के प्रबंधन अध्ययन विभाग के एमबीए (ग्रामीण प्रबंधन) के विद्यार्थियों ने 18 नवम्बर 2026 को सुल्तानपुर रोड स्थित पराग डेयरी प्लांट का औद्योगिक भ्रमण किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के  कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने हरी झंडी दिखाकर विद्यार्थियों के दल को रवाना किया।
          
            विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर वास्तविक औद्योगिक परिस्थितियों, उत्पादन प्रक्रियाओं एवं प्रबंधन की व्यावहारिक चुनौतियों को समझने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे अनुभव विद्यार्थियों में उद्यमशीलता, नवाचार एवं प्रबंधकीय कौशल विकसित करने के साथ-साथ उन्हें भविष्य की व्यावसायिक चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। 

           प्रबंध अध्ययन विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. तरुणा ने कहा कि औद्योगिक भ्रमण पाठ्यक्रम आधारित मूल्यांकन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक औद्योगिक परिस्थितियों से जोड़ने तथा प्रबंधन की व्यावहारिक कार्यप्रणाली को समझने का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि पराग डेयरी का यह भ्रमण विशेष रूप से ग्रामीण प्रबंधन के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी है, क्योंकि इससे उन्हें डेयरी उद्योग की कार्यप्रणाली, दुग्ध प्रसंस्करण, गुणवत्ता नियंत्रण, सहकारी प्रबंधन, मूल्य संवर्धन तथा ग्रामीण आपूर्ति श्रृंखला के विभिन्न पहलुओं की प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त हुई। उन्होंने आगे कहा कि विभाग विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, व्यावहारिक ज्ञान एवं व्यावसायिक दक्षता को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार की शिक्षण गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा। 

          भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने डेयरी संयंत्र में संचालित विभिन्न उत्पादन एवं परिचालन प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। उन्हें दूध के संग्रहण एवं संयंत्र तक परिवहन से लेकर उसके प्रसंस्करण, गुणवत्ता परीक्षण, पैकेजिंग, भंडारण तथा अंतिम वितरण तक की संपूर्ण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने आधुनिक मशीनों एवं स्वचालित तकनीक के माध्यम से दूध, पनीर, छाछ, दही एवं पेड़ा सहित विभिन्न दुग्ध उत्पादों के उत्पादन और पैकेजिंग की प्रक्रिया को नजदीक से देखा। इस दौरान डेयरी के अधिकारियों एवं कर्मियों ने विद्यार्थियों को बताया कि निर्धारित तापमान पर दूध का प्रसंस्करण किस प्रकार उसे सुरक्षित एवं उपभोग योग्य बनाने में सहायक होता है। इसके साथ ही दूध की गुणवत्ता बनाए रखने, स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने, गुणवत्ता नियंत्रण तथा उत्पादों की सुरक्षित आपूर्ति सुनिश्चित करने की प्रक्रियाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। इस प्रकार का व्यावहारिक अनुभव विद्यार्थियों को भविष्य में ग्रामीण विकास, डेयरी उद्यमिता, कृषि व्यवसाय एवं सहकारी क्षेत्र में प्रबंधन संबंधी जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए तैयार करने में भी सहायता मिलेगी। विद्यार्थियों ने ध्यानपूर्वक सभी तथ्यों को समझा एवं प्रसन्नता व्यक्त की।

          इस शैक्षणिक भ्रमण में विभाग के शिक्षक गण डॉ. कृष्ण मुरारी, डॉ. कल्याणी उपाध्याय एवं डॉ. अफरीन फातिमा विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को डेयरी उद्योग की विभिन्न परिचालन प्रक्रियाओं, आपूर्ति श्रृंखला, उत्पादन एवं गुणवत्ता नियंत्रण के प्रबंधकीय पहलुओं को समझने में मार्गदर्शन प्रदान किया।

Earth News Network
समाचार अपलोड करने वाले Earth News Network Reporter / News Contributor
हमसे जुड़ें

इस खबर को शेयर करें

पाठकों की टिप्पणियां (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी आप लिखें!

✍️ अपनी टिप्पणी लिखें

टिप्पणी एडमिन की स्वीकृति के बाद प्रकाशित होगी।