📅 गुरुवार, 19 नवंबर 2026 🕒 11:43:56 AM (IST)
फूड

मिलावटखोरों की अब खैर नहीं! खाद्य पदार्थों के सैंपल फेल, होगी कानूनी कार्रवाई

🕒 प्रकाशित: 19-11-2026, 11:26 AM
📍 समाचार स्थान: Ludhiana, Punjab, India
मिलावटखोरों की अब खैर नहीं! खाद्य पदार्थों के सैंपल फेल, होगी कानूनी कार्रवाई - Photo 1
अक्षर का आकार बदलें
पंजाब लुधियाना (नितिन): जिला स्वास्थ्य विभाग के फूड विंग द्वारा अगस्त से अक्टूबर महीने के दौरान लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट में कई नमूने सब-स्टैंडर्ड और फेल पाए गए हैं, जबकि एक नमूना मानव स्वास्थ्य के लिए असुरक्षित (Unsafe) घोषित किया गया है। इस संबंध में संबंधित फूड बिजनेस ऑपरेटरों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

यह जानकारी देते हुए जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष चावला ने बताया कि अगस्त माह के दौरान प्राप्त प्रयोगशाला रिपोर्टों के अनुसार, न्यू दीप नगर, सिविल लाइंस, लुधियाना में आदित्य मल्होत्रा से लिए गए देसी घी के दो नमूने, जिनका निर्माण हर्ष डेयरी, अहमदाबाद, गुजरात द्वारा किया गया था, सब-स्टैंडर्ड पाए गए। इसी प्रकार रेड मैंगो, जी.टी. रोड, साहनेवाल से लिया गया पनीर का नमूना और पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी, लुधियाना के हॉस्टल नंबर 5 में मुन्ना कुमार से लिया गया सफेद चने का नमूना भी फेल पाया गया। 

इसके अतिरिक्त बर्गर बाइट, सेक्टर 32, चंडीगढ़ रोड से इस्तेमाल किए गए कुकिंग ऑयल, एम.वी. स्वीट्स, जस्सियां रोड से खोया पेड़ा और रोस्टेड खोया बर्फी, गुरु कृपा स्वीट्स, काकोवाल रोड से पनीर तथा गांव नीलो स्थित नीलो मिल्क बार से आइसक्रीम के नमूने भी प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए थे। सितंबर के दौरान भी कई खाद्य पदार्थों के नमूने निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे। कोहाड़ा में अमनदीप और संदीप से लिए गए देसी घी के नमूनों सहित बजरंग एग्रो फूड प्रोडक्ट्स से लिया गया देसी घी का नमूना सब-स्टैंडर्ड पाया गया। न्यू अशोक नगर स्थित ठाकुर जी फूड से लिया गया नॉन-फ्रूट विनेगर का नमूना भी फेल पाया गया।

इसी दौरान डेयरी उत्पादों की जांच में भी कई खामियां सामने आईं। सरोश डेयरी, ताजपुर रोड; मोती महल रेस्टोरेंट, सेक्टर 32-ए मार्केट से चौधरी कमल डेयरी, डेयरी कॉम्प्लेक्स, हम्बड़ा रोड, गोबिंद डेयरी एंड स्वीट्स, राजगुरु नगर; नरेंद्र डेयरी, मॉडल टाउन एक्सटेंशन, श्री बालाजी डेयरी, जवद्दी, हरिंदर मिल्क डेयरी, फेज-2, दुगरी मेन रोड; लक्ष्मण स्वीट शॉप, न्यू सराभा नगर, दिल्ली पनीर वाला, बहादुरके रोड तथा पंजाब ग्रिल, साउथ सिटी से लिए गए पनीर के नमूने फेल पाए गए। चौधरी कमल डेयरी से लिया गया खोये का नमूना और राधे स्वीट्स, अमन नगर से लिया गया खोया मोदक का नमूना भी प्रयोगशाला जांच में फेल पाया गया। इसके अतिरिक्त पवेलियन मॉल स्थित वाओ मोमो फूड्स से लिए गए इस्तेमाल किए गए कुकिंग ऑयल के नमूने भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। उन्होंने आगे बताया कि अक्टूबर 2026 के दौरान विभाग द्वारा दूध और पनीर की सप्लाई चेन पर विशेष निगरानी रखी गई। 

इसके तहत खाद्य सुरक्षा टीमों ने सुबह तड़के विभिन्न क्षेत्रों में दूध और पनीर की सप्लाई करने वाले वाहनों की जांच की तथा संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे। इस दौरान हरजंत डेयरी, माछीवाड़ा साहिब से लिया गया भैंस के दूध का नमूना फेल पाया गया। इसी प्रकार शुभम डेयरी, गांव मुबारकपुर छूंगा, मालेरकोटला से समीर खान द्वारा सप्लाई किए गए पनीर, ग्रेवाल डेयरी, मुल्लांपुर दाखा, जी.टी.बी. नगर से लिए गए पनीर तथा हरियाणा से संबंधित सप्लायरों, जिनमें मोहम्मद अरशद और राजिंदर फार्म प्रसाद शामिल हैं, के पनीर के नमूने भी प्रयोगशाला जांच में फेल पाए गए। इसके अलावा हरियाणा के जींद, नरवाना स्थित राजिंदर बालाजी डेयरी द्वारा सप्लाई किए जा रहे पनीर को वाहन की जांच के दौरान रोककर उसका नमूना लिया गया, जो प्रयोगशाला जांच में फेल पाया गया।

डॉ. आशीष चावला ने स्पष्ट किया कि प्रयोगशाला रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित फूड बिजनेस ऑपरेटरों के खिलाफ निर्धारित कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जहां लागू होता है, वहां नमूनों की दोबारा जांच (री-एनालिसिस) करवाने के संबंध में नोटिस भी जारी किए गए हैं, ताकि संबंधित फूड बिजनेस ऑपरेटरों को कानूनी प्रक्रिया के अनुसार अपना पक्ष रखने और दोबारा जांच करवाने का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 तथा इसके तहत बनाए गए नियमों और विनियमों के अनुसार प्रयोगशाला रिपोर्टों एवं आगे की कानूनी प्रक्रिया के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने जोर देकर कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी डेयरी मालिकों, मिठाई विक्रेताओं, रेस्टोरेंट संचालकों, खाद्य निर्माताओं और अन्य फूड बिजनेस ऑपरेटरों को निर्देश दिए गए हैं कि वे खाद्य पदार्थों की तैयारी, भंडारण और बिक्री के दौरान निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों, स्वच्छता और हाइजीन नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें।

आम जनता से अपील करते हुए डॉ. चावला ने कहा कि दूध, पनीर, देसी घी, मिठाइयां और अन्य खाद्य पदार्थ खरीदते समय उनकी गुणवत्ता और विश्वसनीयता पर विशेष ध्यान दें। पैक किए गए खाद्य पदार्थ खरीदने से पहले उनकी निर्माण तिथि, एक्सपायरी तिथि, FSSAI लाइसेंस नंबर, लेबल और पैकिंग की जांच अवश्य करें। यदि किसी भी स्थान पर मिलावटखोरी, गंदगी अथवा घटिया गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री संबंधी जानकारी मिलती है, तो तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचित करें।
Earth News Network
समाचार अपलोड करने वाले Earth News Network Reporter / News Contributor
हमसे जुड़ें

इस खबर को शेयर करें

पाठकों की टिप्पणियां (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी आप लिखें!

✍️ अपनी टिप्पणी लिखें

टिप्पणी एडमिन की स्वीकृति के बाद प्रकाशित होगी।