राष्ट्रीय जनता दल यानी राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के 79वें जन्मदिन का जश्न राजधानी पटना सहित बिहार के कई हिस्सों में बड़े धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर राजद नेताओं व कार्यकर्ता ने अपने-अपने अंदाज में जश्न मना मनाया है। वहीं, लालू यादव अपने जन्मदिन पर समर्थकों को भोजन की थाली थमा रहे हैं। जबकि, बिहार की पहली महिला पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आावास पर लालू यादव के जन्मदिन को लेकर सामुदायिक भंडारे का आयोजन किया गया है। जहां बड़ी संख्या में लालू के सिपाही, समर्थक और राजद नेता व कार्यकर्ता लाइन में लगकर भोजन कर रहे हैं। राजधानी पटना में 10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी आवास में पत्नी राबड़ी देवी ने लालू यादव का हाथ पकड़कर आवास के बाहर लाया, जहां उन्होंने नेतओं व कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपने हाथों से भोजन परोसते हुए कहा कि यह मेरे जन्मदिन का भोज है। लालू यादव के जन्मदिन पर राबड़ी आवास में भोज चल रही है। इस दौरान राजद कार्यकर्ताओं ने काजू-किशमिश से बना 79 किलो का लड्डू लेकर आवास पहुंचे। बता दें कि, राजद सुप्रीमों लालू प्रसाद यादव इस वर्ष 11 जून को 79 वर्ष के हो गए हैं। इस मौके पर लालू यादव ने परिवार के सदस्यों के साथ भी जन्मदिन का केक काटा। लालू के छोटे लाल नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ’एक्स’ पर इस खास पल की कुछ तस्वीरें शेयर की है। इन तस्वीरों में राबड़ी देवी पति लालू यादव को केक खिलाते हुए दिख रही हैं। वहीं, लालू के बड़े लाल पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने भी अपने पिताश्री के जन्मदिन पर भावुक पोस्ट लिखते हुए उन्हें जन्मदिन की बधाई दी है। उन्होंने लालू यादव के साथ अपनी एक फोटो शेयर करते हुए लिखा कि आज आपके जन्मदिन के इस विशेष अवसर पर मैं दिल से कहना चाहता हूं कि मैं स्वयं को बेहद सौभाग्यशाली मानता हूं कि मुझे आपका पुत्र होने का अवसर मिला। आपने मुझे सिर्फ जन्म ही नहीं दिया, बल्कि जीवन जीने का सही तरीका भी सिखाया। इसके साथ ही तेज प्रपात यादव ने लिखा कि पापा, आप सिर्फ हमारे पिता नहीं हैं, बल्कि एक महान नेता, एक महान इंसान और एक प्रेरणा हैं। आपके जैसा व्यक्तित्व, आपकी जैसी दूरदृष्टि, आपकी जैसी निस्वार्थ भावना और आपकी जैसी दृढ़ता शायद ही किसी में देखने को मिले। आपने पूरे परिवार को हमेशा एकजुट रखा, हमें हर सुख-दुख में संभाला और बिना किसी स्वार्थ के अपना सब कुछ हमारे लिए समर्पित कर दिया। सिर्फ अपने परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि समाज, राज्य और देश के लोगों के लिए भी आपने अपना पूरा जीवन सेवा में लगा दिया। आपकी समाज सेवा, आपका त्याग और लोगों के प्रति आपका समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणा है। वहीं, लालू यादव के जन्मदिन के मौके पर उनकी सिंगापुर वाली पुत्री रोहिणी आचार्य ने भी उन्हें बधाई दी। रोहिणी ने अपने पोस्ट में लिखा मेरी ज़िंदगी में आपका स्थान कोई और नहीं ले सकता। आपने हर कदम पर मेरा हाथ थामा, मुझे गिरकर संभलना और चलना सिखाया और हर मुश्किल में मेरी ढाल बनकर खड़े रहे। लालू यादव के साथ अपनी फोटो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा आपका प्यार, त्याग और आशीर्वाद ही मेरी सबसे बेशकीमती धरोहर है। ईश्वर से मेरी यही प्रार्थना है कि आपको लंबी उम्र, उत्तम स्वास्थ्य, हर पल सिर्फ और सिर्फ खुशी मिले और आपके आशीर्वाद का हाथ सदैव मेरे सिर पर रहे। दूसरी ओर, लालू यादव के जन्मदिन के मौके पर वैशाली जिले के राजद नेता केदार यादव का अनोखा अंदाज सामने आया है। जन्मदिन को खास बनाने के लिए उन्होंने पहले पेड़ पर चढ़कर केक काटा और बाद में जेसीबी मशीन पर सवार होकर जश्न मनाने की कोशिश की। हालांकि, जेसीबी के ऊपर केक काटते समय उनका संतुलन बिगड़ गया और वे नीचे गिर पड़े। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियायें दे रहे हैं। गिरने के बावजूद उनके उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। उन्होंने भगवानपुर में केक काटकर लालू यादव के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। इस मौके पर उन्होंने लालू यादव की तुलना दक्षिण अफ्रीका के महान नेता नेल्सन मंडेला से करते हुए उन्हें गरीबों का मसीहा बताया। गौरतलब है कि राजद नेता केदार यादव अपने अनोखे अंदाज के कारण सुर्खियों में बने रहते हैं। इससे पूर्व भी उन्होंने भैंस की सवारी और पेड़ पर चढ़कर विरोध और समर्थन जैसे अनोखे तरीकों को लेकर चर्चा बटोर चुके हैं।
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का 79वां जन्मदिनः राबड़ी आवास पर भोज, लालू ने भोजन परोसे, कहीं बंटा 79 किलो का लड्डू










