बिहार (अफजल इमाम ’’मुन्ना’’)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि दशमेश पिता श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के पावन प्रकाश पर्व पर देश-विदेश से आने वाली सिख संगत सुखद अनुभूति लेकर लौटे, इसके लिए राज्य सरकार तख्त साहिब प्रबंधक कमेटी के साथ मिलकर हरसंभव सहयोग करेगी। शुक्रवार यानी 30 अक्टूबर की शाम को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी के साथ दशमेश पिता श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज की पावन जन्मस्थली तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब पहुंचे। जहां उन्होंने दरबार साहिब में हाजिरी लगाई, राज्य की सुख-शांति व समृद्धि के लिए अरदास की और शबद कीर्तन का श्रवण किया।
दरबार साहिब में जत्थेदार ज्ञानी बलदेव सिंह ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को गुरुघर का आशीष सिरोपा भेंट किया और गुरु महाराज की पवित्र ऐतिहासिक वस्तुओं के दर्शन कराए। इसके उपरांत प्रबंधक कमेटी के पदधारकों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को ’श्री साहिब’ और स्मृति प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरु महाराज के चरणों में नमन करते हुए प्रकाश पर्व के सफल और भव्य आयोजन की कामना की। दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आला प्रशासनिक अधिकारियों और तख्त साहिब प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारियों की एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जहां इस बैठक में बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत के अलावा पुलिस महानिदेशक और संबंधित विभागों के वरीय अधिकारियों के साथ प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जगजोत सिंह सोही, महासचिव इन्द्रजीत सिंह, वरीय उपाध्यक्ष लखिवन्दर सिंह, कनीय उपाध्यक्ष गुरविन्दर सिंह और सचिव हरबंस सिंह शामिल हुए। बैठक में देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के आवागमन, ठहरने, स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात प्रबंधन और पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की रूपरेखा तैयार की गई।
प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जगजोत सिंह सोही और महासचिव इन्द्रजीत सिंह ने बताया कि बिहार सरकार और प्रबंधक कमेटी आपसी समन्वय से इस बार 360वें प्रकाश पर्व को ऐतिहासिक रूप में मनाएगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कमेटी के पदाधिकारियों के सभी सुझावों को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को निर्देश दिया कि संगत की सुविधा और सुरक्षा में किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए। पटना नगर निगम, पथ निर्माण, ऊर्जा, स्वास्थ्य व पुलिस प्रशासन को निर्धारित समय सीमा के अंदर सभी बुनियादी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि 360वें प्रकाश पर्व को लेकर बैठक की गई है। इसमें प्रकाश पर्व को किस तरह भव्य रूप से मनाया जाए, इस पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब के प्रकाश पर्व के आयोजन में श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए विशेष रूप से चर्चा की गई है। आयोजन के दौरान विधि-व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाएं बेहतर रखने पर भी जोर दिया गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में राज्य के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी प्रीता वर्मा, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार, एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा सहित बिहार सरकार और जिला प्रशासन के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में प्रकाश पर्व के आयोजन को लेकर विभिन्न पहलुओं पर अधिकारियों और गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्यों से राय-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आयोजन को भव्य और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की है।






