खन्ना (लुधियाना):पंजाब : शिवसेना हिंद के प्रधान बाबा कश्मीर गिरी से जुड़े नशे के मामले में खन्ना पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो गए हैं। उन्हें कथित तौर पर नशे के केस में फंसाने के आरोपों के बीच पुलिस विभाग ने अपने ही एक ASI पर कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि मामले में ASI सुखदेव सिंह को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया। एसपी हरपिंदर कौर गिल के मुताबिक, गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम रेड करने पहुंची थी, लेकिन इस दौरान ASI सुखदेव सिंह की कार्रवाई निर्धारित कानूनी नियमों के अनुरूप नहीं पाई गई। शिवसेना नेता महंत कश्मीर गिरी के घर की CCTV फुटेज में कथित तौर पर यह पुलिसकर्मी, पुलिस की आधिकारिक तलाशी से पहले गद्दे के नीचे कुछ रखता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद SSP खन्ना दर्पण अहलूवालिया के आदेश पर उसे सस्पेंड कर दिया गया है।
गौरतलब है कि खन्ना पुलिस ने खालिस्तान विरोधी मोर्चे के राष्ट्रीय प्रचारक और शिवसेना के पूर्व नेता महंत कश्मीर गिरी को पंजाब में चिट्टे (हेरोइन) की सप्लाई करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। लेकिन पुलिस पर आरोप लगे कि उन्होंने बाबा कश्मीर गिरी को मादक पदार्थ (Narcotics) के मामले में गलत तरीके से फंसाने की साजिश रची थी। इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में मामले की गहराई से जांच करने के आदेश दिए गए।जांच-पड़ताल करने के बाद अब इस मामले में ASI को सस्पैंड कर दिया गया है, जिसके बाद पुलिस की कार्रवाई चर्चा में है।








