लुधियाना पंजाब (नितिन) : थाना पी.ए.यू. में पड़ते इलाके प्रताप सिंह वाला में रविवार एक दिल दहला देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक किराए के मकान में रह रहे नवविवाहित दंपती के शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक ही पंखे से फंदे पर लटके बरामद हुए। मृतकों की पहचान विजय (मूल निवासी महाराष्ट्र) और उसकी पत्नी नेहा उर्फ सीमा (मूल निवासी भागलपुर, बिहार) के रूप में हुई है। दोनों ने करीब 6 महीने पहले प्रेम विवाह किया था। घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस जहां इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला मान रहे हैं, वहीं मृतका की बहन ने हत्या की गंभीर आशंका जताते हुए मकान मालिक से गहन पूछताछ की मांग उठाई है।
वारदात का खुलासा रविवार उस समय हुआ, जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा न खुलने पर पड़ोसियों को अनहोनी का शक हुआ। पड़ोसियों द्वारा लगातार दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई हलचल या आवाज नहीं आई। मकान मालिक दिनेश कुमार ने बताया कि वह रविवार सुबह दोस्तों के साथ क्रिकेट मैच खेलने गए हुए थे। घर से परिजनों के लगातार फोन आए, लेकिन खेल में व्यस्त होने के कारण वह फोन नहीं देख सके। बाद में साथ खेल रहे एक साथी ने कॉल रिसीव की, जिसके बाद उन्हें सूचना मिली कि पहली मंजिल पर रहने वाले किराएदार दरवाजा नहीं खोल रहे हैं। सूचना मिलते ही दिनेश कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे। कमरे का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। जब उन्होंने मकान की पिछली खिडक़ी से अंदर झांककर देखा, तो कमरे की छत पर लगे एक ही पंखे के सहारे पति-पत्नी के शव फंदे पर लटक रहे थे। यह खौफनाक मंजर देखकर उनके होश उड़ गए।
मकान मालिक ने तुरंत प्रतापसिंह वाला के स्थानीय सरपंच और थाना पी.ए.यू. की पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना पाकर पी.ए.यू. पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों और मौजिज व्यक्तियों की मौजूदगी में कमरे की कुंडी तोड़ी और शवों को नीचे उतारा। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, लेकिन कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया और मृतकों के परिजनों को सूचित किया।
6 महीने पहले की थी लव मैरिज, 4 महीने से रह रहे थे किराए पर :
सूचना मिलते ही दोनों पक्षों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विजय मूल रूप से महाराष्ट्र का रहने वाला था, जबकि उसकी पत्नी नेहा उर्फ सीमा बिहार के भागलपुर जिले से संबंधित थी। दोनों ने करीब 6 माह पूर्व अपनी मर्जी से लव मैरिज की थी और पिछले 4 महीनों से प्रतापसिंह वाला में दिनेश कुमार के मकान में किराए पर रह रहे थे।
बहन ने जताई हत्या की आशंका, मकान मालिक पर उठाए सवाल :
इस दर्दनाक घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। हालांकि पुलिस और मकान मालिक इसे शुरुआती तौर पर आत्महत्या का मामला बता रहे हैं, लेकिन मृतका नेहा की बहन ने इसे सीधे तौर पर कत्ल का मामला करार दिया है। बहन ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों के बीच ऐसा कोई बड़ा विवाद नहीं था कि वे इतना घातक कदम उठा लेते। उसने हत्या का अंदेशा जताते हुए पुलिस प्रशासन से मकान मालिक और अन्य संबंधित लोगों से सख्ती से पूछताछ करने की गुहार लगाई है ताकि मौत का असली सच सामने आ सके।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह: पुलिस
थाना पी.ए.यू. पुलिस का कहना है कि दोनों शवों को मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है और परिजनों के बयान कलमबद्ध किए जा रहे हैं। घटनास्थल की फॉरेंसिक जांच भी करवाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों के बयानों की पड़ताल के बाद ही हो सकेगा। उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।








