लखनऊ : जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ मलखान सिंह द्वारा आज न्यायालय परिसर से मोटर वाहन चालानों के त्वरित निस्तारण एवं विशेष लोक अदालत तथा राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु पीआरवी वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश ने बताया कि मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत न्यायालयों में लंबित शमनीय (Compoundable) चालानों एवं यातायात से संबंधित वादों के त्वरित एवं सरल निस्तारण के उद्देश्य से दिनांक 28 नवम्बर, 2026 को जनपद न्यायालय, लखनऊ में विशेष लोक अदालत तथा 12 दिसम्बर, 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है।

राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान-3.0 का आयोजन भी 01 अगस्त से 30 दिसम्बर, 2026 तक किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पक्षकारों के मध्य आपसी संवाद एवं सुलह-समझौते के माध्यम से विवादों का शीघ्र एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है।
पीआरवी वैन जनपद की समस्त तहसीलों एवं दूर-दराज के क्षेत्रों में जाकर विशेष लोक अदालत एवं राष्ट्रीय लोक अदालत के उद्देश्यों तथा इनके माध्यम से मिलने वाले लाभों की जानकारी आमजन को उपलब्ध कराएगी।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोनाली पुनिया ने बताया कि विशेष लोक अदालत में मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत लंबित शमनीय चालानों एवं यातायात संबंधी वादों का निस्तारण किया जाएगा। इसके लिए वाहन स्वामियों एवं चालानकर्ताओं को अपने वाहन के मूल दस्तावेज (आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा आदि), चालान की प्रति तथा वैध पहचान पत्र साथ लाना होगा।
पाठकों की टिप्पणियां (0)
✍️ अपनी टिप्पणी लिखें