अमृतसर ( नितिन ): गांव बूथगढ़ में स्कूल जा रहे एक छात्र पर रास्ते में घेरकर जानलेवा हमला करने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाते हुए उसके केसों की बेअदबी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
हमलावरों ने पहले पीछे से एक्टिवा स्कूटर पर आकर छात्र की मोटरसाइकिल को लात मारकर नीचे गिरा दिया, और जब छात्र की दस्तार खुल गई तो उसे बालों से पकड़कर बेरहमी से पीटा तथा जान से मारने की नीयत से कृपाण से हमला कर दिया। पीड़ित छात्र गुरजोत सिंह के बयानों के आधार पर संबंधित थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास (जानलेवा हमला), धार्मिक भावनाएं आहत करने व मारपीट की संगीन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए गए बयानों में शिकायतकर्ता गुरजोत सिंह ने बताया कि वह रोजाना की तरह अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने दोस्त संदीप सिंह के साथ स्कूल जा रहा था। जब वे दोनों गुरुद्वारा शहीदां, गांव बूथगढ़ के नजदीक पहुंचे, तो पीछे से उनके ही गांव का जगदेव सिंह उर्फ शेरा अपने एक्टिवा स्कूटर पर सवार होकर आया और उसने चलती मोटरसाइकिल पर जोरदार लात मार दी। लात लगने से संतुलन बिगड़ने के कारण दोनों छात्र मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिर गए।सड़क पर गिरने के कारण पीड़ित गुरजोत सिंह की दस्तार खुल गई।
आरोप है कि इसी दौरान हमलावर ने गुरजोत सिंह को बालों से पकड़ लिया और उसके साथ बुरी तरह मारपीट करते हुए उसके केसों की बेअदबी की। यही नहीं, आरोपी ने जान से मारने की नीयत से गुरजोत सिंह पर कृपाण से हमला भी किया।इतने में शेरा का ताया कुलवरण सिंह और उसका लड़का बलविंदर सिंह उर्फ बिंदर भी अपने हाथों में डंडे पकड़कर ललकारे मारते हुए मौके पर आ धमके। उन्होंने भी गुरजोत सिंह के साथ बेरहमी से मारपीट की और जाते-जाते जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित छात्र गुरजोत सिंह के बयानों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर संबंधित थाना पुलिस ने इस मामले में सुखविंदर सिंह उर्फ सोनू , कुलवरण सिंह और उसके लड़के बलविंदर सिंह उर्फ बिंदर के खिलाफ जानलेवा हमला करने, केसों की बेअदबी करने और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पाठकों की टिप्पणियां (0)
✍️ अपनी टिप्पणी लिखें