जालंधर नितिन : शहर में देर शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब मखदूमपुरा इलाके में तेजधार हथियारों से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान लक्की खोखा के रूप में हुई है, जो इलाके में इसी नाम से मशहूर था।

जानकारी के अनुसार, लक्की खोखा अपने घर के पास एक किरयाने की दुकान पर खड़ा था। इसी दौरान तेजधार हथियारों से लैस कुछ युवक वहां पहुंचे और उसे घेरकर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
घायल लक्की को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना नंबर 4 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल हत्या के कारणों और हमलावरों की पहचान को लेकर जांच की जा रही है।
मृतक के भाई मनमोहन सिंह का कहना है कि भाई खाना खाकर घर के बाहर दुकान पर खड़ा था। इस दौरान शिवसेना प्रधान नरेंद्र के बेटा रामकिशन साथियों के साथ आ गया और उसने तेजधार हथियारों से भाई पर हमला कर दिया। इस दौरान उसके भाई पर पीछे से दो दर्जन नौजवानों ने हमला कर दिया।
आरोप है कि पीड़ित के छोटे भाई लक्की को नशे की ओर शिवसेना नेता के बेटे धकेल रहे थे। ऐसे में बड़े भाई ने इस मामले को लेकर थाना चार में शिकायत दी थी और कोर्ट में केस भी लगाया हुआ था। पीड़ित ने कहा कि मोहल्ला निवासी भी उसे यही बता रहे हैं कि नरेंद्र थापर के बेटे और उसके साथियों ने ही हमला किया है। पीड़ित का कहना है कि पहले भी नरेंद्र थापर और उसके बेटे द्वारा धमकियां दी जा चुकी थी।
दूसरी ओर एसीपी बराड़ ने कहा कि थाना चार की पुलिस को सूचना मिली थी कि मखदुमपुरा में लक्की थापर गुट पर दूसरे पक्ष के नौजवानो ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया है। घटना में घायल नौजवान को सिविल अस्पताल में लाया गया जहां डॉक्टरों द्वारा उसे मृतक घोषित कर दिया गया। एसीपी का कहना है कि दोनों गुटों में पुराना विवाद चल रहा था। पीड़ित परिवार के बयानों पर बायनेम एफआईआर दर्ज की जा रही है और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पाठकों की टिप्पणियां (0)
✍️ अपनी टिप्पणी लिखें