घायल की पहचान आशू के रूप में हुई है, जो बल्लोपुर में हुए झगड़े में गंभीर रूप से घायल अपने भतीजे वंश को इलाज के लिए अस्पताल लेकर आया था। दोनों लालड़ू मंडी के रहने वाले हैं और अस्पताल में उपचाराधीन हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, लालड़ू के नजदीकी गांव बल्लोपुर में सोमवार रात किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ युवकों ने लालड़ू मंडी निवासी वंश पर कथित तौर पर तलवारों और अन्य तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में वंश की कमर और बाजू पर गहरे घाव हो गए। परिवार के सदस्य उसे उपचार के लिए डेराबस्सी के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। परिवार के सदस्यों के अनुसार, कुछ समय बाद हमलावर पक्ष से संबंधित बताए जा रहे 10 से 12 युवक अस्पताल के मुख्य गेट पर पहुंच गए। उन्होंने वंश के चाचा आशू को घेर लिया और ईंट-पत्थरों तथा लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला करना शुरू कर दिया। हमले में आशू के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने उसे हमलावरों के चंगुल से छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने किसी की परवाह नहीं की। इस दौरान अस्पताल के बाहर अफरा-तफरी मच गई।
थाने के नजदीक वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े किए सवाल
सिविल अस्पताल के मुख्य गेट पर पुलिस थाने से महज 200-250 मीटर की दूरी पर हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त पर सवाल खड़े कर दिए हैं। देर रात अस्पताल के बाहर सरेआम हुई मारपीट के दौरान मरीजों और उनके परिजनों की मौजूदगी के बावजूद हमलावरों का बेखौफ होकर हमला करना चिंता का विषय है।
पाठकों की टिप्पणियां (0)
✍️ अपनी टिप्पणी लिखें