पुलिस ने शिकायतकर्ता सुरजीत सिंह पुत्र ठाकुर सिंह निवासी गांव चूहड़ीवाला चिश्ती के बयानों के आधार पर अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉला चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 106(1), 281 और 125(A) के तहत मुकदमा नंबर 210 दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच हेड कांस्टेबल मनजिंदर सिंह द्वारा की जा रही है।
पुलिस को दिए बयानों के अनुसार, बीती 22 नवंबर 2026 की शाम जोगिंदर सिंह पुत्र शेर सिंह, देस सिंह पुत्र बलवीर सिंह और सुरजीत सिंह, तीनों निवासी चूहड़ीवाला चिश्ती, गांव आजमवाला में धान की बोरियां भरने और उनका वजन करने का काम करके मोटरसाइकिल पर अपने गांव लौट रहे थे। बांडीवाला रोड पर आगे जा रहे लकड़ियों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉले को ओवरटेक करते समय चालक द्वारा अचानक कट मारने से मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया।
हादसे में जोगिंदर सिंह ट्रॉले के टायर के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि देस सिंह घायल हो गया। घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉला चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
गौरतलब है कि इससे पहले बयान दर्ज करने और पोस्टमार्टम में हो रही देरी से नाराज मृतक के परिजनों ने सरकारी अस्पताल के गेट के सामने धरना लगा दिया था। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बयान दर्ज किए और अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पाठकों की टिप्पणियां (0)
✍️ अपनी टिप्पणी लिखें