पंजाब (नितिन): दोराहा के नजदीकी गांव जैपुरा में खेत में पराली जलाने से फैले धुएं के दौरान एक भयानक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में आग की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि दो मोटरसाइकिलों और एक कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के दौरान हुए जोरदार धमाके के बाद मोटरसाइकिल सवार पराली में लगी आग की तेज लपटों की चपेट में आ गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तुरंत इलाज के लिए सिद्धू अस्पताल पहुंचाया गया।

मृतक महिला की पहचान मनजीत कौर (55) पत्नी नगिंदर सिंह निवासी गांव शाहपुर, थाना पायल, जिला लुधियाना के रूप में हुई है। हादसे में उसका पति नगिंदर सिंह और दो अन्य व्यक्ति जसपाल सिंह व सुरिंदर सिंह निवासी पायल भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले दोराहा के सिद्धू अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए दयानंद अस्पताल, लुधियाना रेफर कर दिया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए पायल के डी.एस.पी. हरमनप्रीत सिंह चीमा ने बताया कि गुरदीप सिंह नामक किसान ने सड़क के साथ लगते अपने खेत में करीब दो-तीन बिस्वा जगह पर पराली को आग लगाई हुई थी। इसके कारण खेत से उठने वाला जहरीला धुआं आसपास के इलाके में फैल गया और सड़क पर भी धुआं होने से वाहन चालकों को दिखाई देने में परेशानी हो रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों और एक कार की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर जोरदार धमाका हुआ और वाहनों पर सवार लोग आग की तेज लपटों की चपेट में आ गए। हादसे में मनजीत कौर बुरी तरह झुलस गई थी, जबकि उसके पति नगिंदर सिंह सहित अन्य घायलों को भी गंभीर चोटें आई हैं। घायलों के शरीर के अलग-अलग हिस्सों में फ्रैक्चर होने की जानकारी मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पराली जलाने वाले किसान गुरदीप सिंह के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पाठकों की टिप्पणियां (0)
✍️ अपनी टिप्पणी लिखें