बिहार (अफजल इमाम ’’मुन्ना’’)। बिहार में एनडीए सरकार को ललकारने वाले अंदाज में राष्ट्रीय जनता दल यानी राजद ने कहा कि उसकी संख्या बेशक 10वीं बिहार विधान सभा में कम है। लेकिन, विरोध में वह सड़क पर खड़ी हो गई, तो एनडीए सरकार मुकाबला नहीं कर पाएगी। यह बात राजधानी पटना में वीरचंद पटेल पथ स्थित राजद प्रदेश कार्यालय के कर्पूरी सभागार में मंगलवार यानी 23 जून को आयोजित एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल और राजद के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता व राज्यसभा सांसद प्रो.मनोज कुमार झा ने कही है। इन नेताओं ने कहा कि राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के विरुद्ध बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का बयान सुनियोजित और अमर्यादित है।
उल्लेखनीय है कि लालू यादव को सम्राट चौधरी खलनायक और अति-पिछड़ा समाज की हकमारी करने वाला बाता चुके हैं। राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की भाषा अपरिपक्व और टिप्पणी अमर्यादित है। जनता के लिए लालू योद्धा और नायक हैं। लालू परिवार के सदस्यों को मिली सुरक्षा उपकार नहीं है। वे उसके अधिकारी हैं। उन्होंने कहा, सच तो यह है कि एनडीए सरकार ने उन लोगों को भी सुरक्षा दी है, जो उसके योग्य नहीं हैं। कई लोगों को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी आवास मिला है और राज्य की राजधानी पटना में भी। एनडीए ने अति-पिछड़ा समाज के नेतृत्व की संभावना को पूरी तरह से समाप्त कर दिया है।
राजद के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता प्रो.मनोज झा ने कहा कि आमजन के बीच लालू जननायक और महानायक हैं। यह सरकार गाली-गलौज के सहारे चल रही है। जबकि, राज्य में अराजकता, अव्यवस्था और अपराध चरम पर है। वेतन-पेंशन वक्त से नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय महिलाओं को 10 हजार रुपये देने वाले अब यह नहीं बता रहे कि 1.90 लाख कब देंगे। एनकाउंटर तो वस्तुतः सच का होता है। अपराधी और अपराध का अनुसंधान होना चाहिए। जबकि, एनकाउंटर के बाद तो सच्चाई सदा के लिए खामोश हो जाती है। प्रो.झा ने कहा कि पीएम मोदी जी जब भी बिहार आते थे तो बवेला मचाते थे, आज वह चुप क्यों हैं। आपने पूरी संरचना ही सरकार की ऐसी की है कि सरकार में बैठे हुए लोग तंत्र-मंत्र और षड़यंत्र से चला रहे हैं। बिहार में नीतीश जी के नाम पर चुनाव लड़ा गया और अब वैसे व्यक्ति को मुख्यमंत्री बना दिया गया है जिसके नाम पर मैंडेड ही नहीं मिला है।
वहीं, बिहार के पूर्व सहकारिता मंत्री व उजियारपुर के वर्तमान विधायक आलोक कुमार मेहता ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की भाषा बिरादरी को बदनाम करने वाली है। हमारी बिरादरी ऐसी भाषा पसंद नहीं करती। टपोरी वाली भाषा और अपरिपक्व राजनीति बता रही कि पीछे से कोई और निर्देशित कर रहा है। उनके इतिहास को पत्रकारों ने ही सबके सामने लाने का काम किया है। शहीद जगदेव प्रसाद के बाद मानसिक और वैचारिक रूप से समाज को लालू जी ने आधार दी है। मुख्यमंत्री जी सुरक्षा के मामले पर जब ऐसी भाषा बोलते हैं तो उन्हें स्वयं घोषणा करना चाहिए कि वह स्वयं भी अपनी सुरक्षा व्यव्स्था हटवा लें, दूसरे पर बयान बाजी ना करें। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजद के प्रदेश प्रधान महासचिव रणविजय साहू, मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव, प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद, अरुण कुमार यादव, प्रमोद कुमार सिन्हा, आरजू खान, प्रदेश महासचिव हरेंद्र कुमार कुशवाहा, अति पिछड़ा प्रकोष्ट के उपेंद्र चंद्रवंशी भी उपस्थित रहे।









