मनोरंजन नौकरी टेक्नोलॉजी योजना ऑटोमोबाइल व्यापार खेल राजनीति शिक्षा बैंकिंग जीवनशैली अपराध

जमुई की घटना पर गरमाई बिहार की सियासत, हाथ जोड़कर मिन्नतें करती रही छात्रा, दोस्त को पीटते रहे दरिंदे, महिला आयोग ने लिया संज्ञान

On: September 24, 2026 8:43 AM
हमें फॉलो करें:
ad copy

बिहार (अफजल इमाम ’’मुन्ना’’)। बिहार के जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ सड़क पर कथित बदसलूकी का वीडियो सामने आने के बाद बिहार की सियासत गरमा गई है। बिहार से दिल्ली तक विपक्षी नेता सरकार पर हमलावर हैं। राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष व लालू पुत्र नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने इस घटना को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ’एक्स’ पर घटना से संबंधित वीडियो के साथ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बयान का वीडियो साझा करते हुए सम्राट सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में अराजक स्थिति उत्पन्न हो चुकी है। उनके मुताबिक, छात्राओं व महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर स्थिति बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधी दिनदहाड़े स्कूल, कॉलेज और घरों तक में अपराध कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री पर भी निशाना साधा। कहा कि महिलाओं को 10 हजार नगद देकर और चुनाव बाद 2 लाख और देने का वादा करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐसी घटनाओं पर मौनी बाबा बन चुके हैं।

लालू पुत्र नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री पद से नीतीश कुमार के हटने और बिहार में सत्ता परिवर्तन को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के वादों के बीच बिहार का खजाना खाली किया जा रहा है। तेजस्वी यादव ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व पर बिहार की जिम्मेदारी अनुभवहीन हाथों में सौंपने का आरोप लगाया। तेजस्वी यादव ने अपने बयान में बिहार की मौजूदा स्थिति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जिम्मेदार ठहराया है। वहीं, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की सिंगापुर वाली पुत्री रोहिणी आचार्य ने भी इंटरनेट मीडिया पर घटना का वीडियो साझा करते हुए सरकार पर तीखा हमला बोला। रोहिणी आचार्य ने अपनी पोस्ट में घटना को बेहद शर्मनाक बताते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा। कहा कि यह बेहद कमजोर प्रशासनिक व्यवस्था और पुलिसिंग को उजागर करती है।

उधर, जमुई में नाबालिग छात्र और छात्रा के साथ बदसलूकी का वीडियो सामने आने के बाद लोकसभा में नेता विरोधी दल व कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफार्म ’एक्स’ पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि 10वीं कक्षा के दोनों छात्रों को रास्ते में रोककर उनके साथ बदसलूकी की गई। उनके मुताबिक, वीडियो में छात्रा लोगों से उसे छोड़ने की गुहार लगाती दिख रही है। राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में बिहार सरकार से सीधे सवाल किया कि अगर यह घटना 19 सितंबर की है तो आरोपियों को अब तक गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया। उन्होंने यह भी पूछा कि शाम 7 बजे कोई लड़की बिहार की सड़कों पर सुरक्षित क्यों नहीं है? कांग्रेस ने सभी जिला मुख्यालयों में इस कांड के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।

दरअसल, जमुई शहर के रहने वाले 10वीं के छात्र-छात्रा अपनी कोचिंग खत्म होने के बाद 19 सितंबर यानी शनिवार की शाम को स्कूटी से मड़वा पहाड़ की तरफ घूमने गए थे। जहां से वापस लौटने के दौरान रास्ते में कुछ स्थानीय युवकों ने उन्हें जबरन रोक लिया और उनके साथ कथित तौर पर बदसलूकी व छेड़खानी की। इसी दौरान किसी ने घटना के तीन अलग-अलग वीडियो बनाकर 20 सितंबर को सोशल मीडिया प्लेटफार्म ’एक्स’ पर डाल दिए। इन वीडियो में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को टैग कर आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई थी, जिसके बाद जमुई के जिलाधिकारी नवीन और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने तुरंत संज्ञान लिया। पीड़ित पक्ष की ओर से कोई शिकायत न मिलने के बावजूद जमुई पुलिस ने मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए खुद केस दर्ज किया है। जमुई सदर थाने में कांड संख्या 428/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74/76(3)(5) और पॉक्सो अधिनियम की धारा 8/12 जैसी गंभीर धाराओं में नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि इस तरह की घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। मामले का वीडियो वायरल होने के बाद पूरे देश में गुस्सा है और प्रशासन भी कार्रवाई में जुट गया है। घटना से जुड़े वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 7 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपियों की वीडियों से पहचान हुई है। घटना का वीडियो सामने आते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक कुल 5 आरोपियों को दबोच लिया है। सोमवार को 3 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी। जबकि, मंगलवार को पुलिस मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी नंदन यादव और उसके साथी हरेराम यादव को गिरफ्तार किया गया। एनकाउंटर के दौरान मुख्य आरोपी के पैर में गोली लगी है। दूसरा आरोपी भागने के दौरान घायल हो गया। पुलिस फिलहाल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। एसडीपीओ दीप्ति मोनाली के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई है। मामले में एडीजे लॉ एंड ऑर्डर के.सुहिता अनुपम ने स्पीडी ट्रायल की बात कही है। अश्लील वीडियो प्रसारित करने वाले 120 से ज्यादा सोशल मीडिया प्लेटफार्म के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू की गई है।  

राज्य महिला आयोग ने भी मामले का संज्ञान लेकर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष प्रो.अप्सरा मिश्रा ने जमुई के जिलाधिकारी नवीन से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल को भी पत्र लिखकर कार्रवाई करने और उसकी जानकारी देने को कहा है। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष प्रो.अप्सरा मिश्रा ने कहा कि महिलाओं और युवतियों के साथ इस तरह की घटना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। मामले में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी आरोपित को बख्शा नहीं जाएगा।

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

टेलीग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

फेसबुक से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

यह भी पढ़ें

एमएलसी चुनाव के लिए जेएसपी ने जारी की पांच प्रत्याशियों की पहली सूची, चुनाव से पूर्व प्रशांत किशोर ने खोला रोजगार का कार्ड

बिहार विधान परिषद की 8 सीटों के लिए चुनावी बिगुल बजा, 23 अक्टूबर को वोटिंग और 27 अक्टूबर को होगी वोटों की गिनती

जद(यू.) में सब ठीक है या नहीं! केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने साफ किया रुख, कहा- दल में आंतरिक लोकतंत्र व नेताओं में बेहतर समन्वय

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर रोशनी से जगमगाया पटना शहर व मरीन ड्राइव, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जलाए दीप, भाकपा-माले ने उठाए सवाल

’बिहारी बाबू’ शत्रुघ्न सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चौंकाया, कहा- 17 सितंबर को शुभकामनाओं की बाढ़ में कहीं खो न जाए

पंजाब में किसानों के सभी मोर्चे खत्म, 24 तारीख के बाद तय होगी अगली रणनीति

Leave a Comment