मनोरंजन नौकरी टेक्नोलॉजी योजना ऑटोमोबाइल व्यापार खेल राजनीति शिक्षा बैंकिंग जीवनशैली अपराध

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर रोशनी से जगमगाया पटना शहर व मरीन ड्राइव, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जलाए दीप, भाकपा-माले ने उठाए सवाल

On: September 18, 2026 2:14 PM
हमें फॉलो करें:
ad copy

बिहार (अफजल इमाम ’’मुन्ना’’)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर बिहार में ’आर्शिवाद का दिया’कार्यक्रम के साथ सेवा संकल्प अभियान की शुरूआत हुई। इस मौके पर राजधानी पटना में गुरूवार यानी 17 सितंबर को जेपी गंगा पथ स्थित मरीन ड्राइव पर बदलते और समृद्ध बिहार के स्वरूप को प्रदर्शित करते हुए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर किया। जहां बड़ी संख्या में दीप सजाए गए थे। इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, दीघा विधायक संजीव चौरसिया आदि विराजमान रहे। दीपों से सजे जेपी गंगा पथ का दृश्य आकर्षक नजर आया। कार्यक्रम में बिहार के बदलते और समृद्ध स्वरूप को प्रदर्शित किया गया।

इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वहां पहुंचे बाल कलाकारों से भी मुलाकात की। उन्होंने बाल कलाकारों से खुलकर बातचीत की। इसके बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूरे कार्यक्रम स्थल का जाएजा लिया। इस दौरान वह जेपी गंगा पथ पर सजाए गए दीपों को देखते हुए नजर आए। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को भी देखा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में बिहार के विकास और बदलते स्वरूप को सामने रखने की कोशिश की गई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास में भी ’आर्शिवाद का दिया’जलाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का सार्वजनिक जीवन राष्ट्र निर्माण और जनसेवा के संकल्प की यात्रा है। जन्मदिन के अवसर पर सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना को लोगों तक पहुंचाने तथा जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशील और सहयोग की भावना मजबूत करने पर जोर दिया गया।

आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जेपी गंगा पथ स्थित बिंद टोली में बाढ़ पीड़ितों के लिए संचालित सामुदायिक रसोई केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां भोजन की व्यवस्था और गुणवत्ता की जानकारी ली। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और राहत व्यवस्था को लेकर अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच डिग्निटी किट और स्वास्थ्य जांच कार्ड का वितरण किया। इसके अलावा बाढ़ के दौरान मृत व्यक्ति के आश्रित को सहायता राशि का चेक भी सौंपा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने चिकित्सा शिविर का निरीक्षण कर बाढ़ पीड़ितों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली।

जेपी गंगा पथ के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पहुंचे। जहां ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में उन्होंने सहभागिता की। इस मौके पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों ने विभिन्न प्रस्तुतियां दीं और गंगा आरती भी की गई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पद्मश्री से सम्मानित डॉ.शांति राय, डॉ.जे.के. सिंह, डॉ.आर.एन. सिंह और डॉ.विजय प्रकाश को अंगवस्त्र एवं हरित पौधा देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ.दिलीप कुमार जायसवाल, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, पटना साहिब के भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पटना प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक जितेंद्र राणा, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित कई अधिकारी और गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

उधर, भाकपा-माले के राज्य सचिव कुणाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर चलाए जा रहे ‘आशीर्वाद का दीया’ और ’संकल्प सेवा अभियान’ कार्यक्रम की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि बिहार इस समय भीषण बाढ़ की त्रासदी से गुजर रहा है और लाखों लोग प्रभावित हैं। कई परिवार बेघर होकर राहत और मदद की प्रतीक्षा कर रहे हैं। कुणाल ने आरोप लगाया कि एक ओर बाढ़ पीड़ितों को पर्याप्त राहत और मुआवजा देने की आवश्यकता है। वहीं, दूसरी ओर सेवा संकल्प अभियान के तहत दीए जलाने जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब बाढ़ प्रभावित परिवारों के घरों में अंधेरा और चूल्हे ठंडे हों, तब उत्सव मनाने का औचित्य नहीं है। भाकपा-माले ने सरकार से मांग की है कि आयोजनों के बजाए बाढ़ पीड़ितों की मदद को प्राथमिकता दी जाए। भाकपा-माले ने प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, दवा, सुरक्षित आश्रय और पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही, बाढ़ की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया है।

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

टेलीग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

Leave a Comment