बिहार (अफजल इमाम ’’मुन्ना’’)। बिहार में जहानाबाद जिले के नगर थाने में पदस्थापित टाइगर मोबाइल के लापता जवान का शव शनिवार यानी 7 नवंबर की सुबह काको थाना क्षेत्र के नदियावां गांव के समीप दरधा नदी से बरामद किया गया है। मृतक जवान की पहचान भोजपुर जिले के आरा निवासी धनेश्वर कुमार यादव के रूप में हुई है। जवान का शव मिलने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही मगध रेंज के आईजी विकास वैभव, पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार सहित कई वरीय पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। मामले की गुत्थी सुलझाने और घटना में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए मगध रेंज के आईजी विकास वैभव ने एसआईटी का गठन किया है। जहानाबाद के पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के नेतृत्व में गठित टीम मामले की जांच कर रही है। पुलिस अब तक 4 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। जबकि, अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक, टाइगर मोबाइल जवान धनेश्वर यादव दो दिन पूर्व एस.एस. कॉलेज के समीप से अचानक लापता हो गए थे। उनके लापता होने के बाद पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस की ओर से विभिन्न स्थानों पर खोजबीन की जा रही थी। इसी बीच शनिवार की सुबह नदियांवा गांव के समीप दरधा नदी में एक शव होने की सूचना ग्रामीणों ने डायल 112 को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। बाद में शव की पहचान जहानाबाद नगर थाना के लापता टाइगर मोबाइल जवान धनेश्वर कुमार यादव के रूप में की गई। जवान का शव मिलने की खबर से पुलिस विभाग में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद तत्काल वरीय पुलिस अधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई।

घटना की सूचना मिलते ही गया स्थित मगध रेंज के आईजी विकास वैभव और जहानाबाद के पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार सहित कई वरीय पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। जहां अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले से जुड़ी जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों ने जांच की प्रगति और घटना से संबंधित परिस्थितियों का जाएजा लिया। मौत की गुत्थी सुलझाने और घटना में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए एसआईटी का गठन किया गया है।
पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के नेतृत्व में गठित टीम एस.एस. कॉलेज, नदियामा, धनगावां, घटकन, हाजीपुर सहित दरधा नदी के आसपास के गांवों में छापेमारी कर रही है। पुलिस अब तक 4 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। जबकि, मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। बताया जाता है कि इस मामले में पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। हालांकि, जवान की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
बता दें कि, टाइगर मोबाइल धनेश्वर यादव मूल रूप से भोजपुर जिले के आरा के रहने वाले थे। उनकी मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। आशंका है कि हत्या के बाद शव नदी में फेंक दिया गया। हालांकि, मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार रात जहानाबाद नगर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि गया जिले के बेलागंज से एक स्मैक सप्लायर मादक पदार्थ की खेप लेकर जहानाबाद पहुंचने वाला है।
इसके बाद टाइगर मोबाइल के तीन जवान एस.एस. कॉलेज के पास पहुंचे। वहां मौजूद सप्लायर और उसके सहयोगियों को पुलिसकर्मियों की भनक लगी तो अफरातफरी मच गई। जवानों ने सप्लायर को पकड़ने की कोशिश की तो गिरोह के सदस्यों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच हाथापाई और झड़प होने लगी। इस दौरान दो जवानों ने मुख्य सप्लायर को पकड़ लिया। जबकि, उसके अन्य सहयोगी मौके से फरार हो गए। इसी अफरातफरी के बीच टाइगर मोबाइल के जवान धनेश्वर यादव अचानक लापता हो गए। काफी तलाश के बाद भी उनका पता नहीं चला।
सूचना मिलने पर नगर थाने की पुलिस और टाइगर मोबाइल की टीम मौके पर पहुंची। छानबीन के दौरान घटनास्थल के पास उनकी बाइक लावारिस हालत में मिली। इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की। दो दिनों तक खोजबीन चलती रही। शनिवार सुबह दरधा नदी में उनका शव उपलाता मिला। पुलिस ने शव को नदी से निकलवाकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार का कहना है कि बेलागंज से आए स्मैक सप्लायर को पकड़ने के दौरान टाइगर मोबाइल के जवानों और गिरोह के सदस्यों के बीच झड़प हुई थी। इसी दौरान जवान धनेश्वर यादव लापता हो गए थे। पुलिस मामले की जां कर रही है।









