नेशनल नितिन : धर्म और आस्था की आड़ में यौन शोषण का एक और गंभीर मामला सामने आया है। वृंदावन स्थित ‘सेवाधाम आश्रम’ के कथावाचक इंद्रदेव महाराज पर पुणे (महाराष्ट्र) की एक महिला श्रद्धालु ने यौन उत्पीड़न, अश्लील हरकतें करने और जान से मारने की धमकी देने के बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत पर महाराष्ट्र के मीरा-भायंदर स्थित काशीमीरा पुलिस स्टेशन में ‘जीरो एफआईआर’ दर्ज की गई है, जिसे आगे की कानूनी जांच के लिए मथुरा (उत्तर प्रदेश) पुलिस को हस्तांतरित किया जा रहा है।
सोशल मीडिया से बढ़ा संपर्क, आश्रम बुलाकर दुष्कर्म का आरोप
पीड़िता के अनुसार, वह वर्ष 2023 में सोशल मीडिया पर कथावाचक इंद्रदेव के प्रवचनों को देखकर उनके संपर्क में आई थी। इसके बाद उन्होंने मुंबई के सांताक्रूज़ में आयोजित एक सत्संग के दौरान उनसे दीक्षा प्राप्त की। पीड़िता का आरोप है कि कथावाचक ने उनकी व्यक्तिगत समस्याओं को हल करने का झांसा देकर उनका विश्वास जीता और बाद में उन्हें वृंदावन स्थित अपने सेवाधाम आश्रम में बुलाया।
शिकायत के मुताबिक, वर्ष 2023 में जब वह आश्रम में ठहरी हुई थीं, तब कथावाचक ने देर रात उन्हें अपने कमरे में बुलाया, दरवाजा बंद किया और उनके साथ जबरदस्ती की। पीड़िता का कहना है कि उन्हें यह हिदायत दी गई थी कि यदि रास्ते में कोई पूछे, तो वह कहे कि वह दवा लेने जा रही है।
‘मैं भगवान हूं, मेरी बात माननी होगी’—वीडियो कॉल पर ब्लैकमेलिंग का आरोप
पीड़ित महिला ने आरोप लगाया कि आश्रम से लौटने के बाद भी उनका उत्पीड़न जारी रहा। कथावाचक वीडियो कॉल के दौरान उन्हें विवस्त्र होने पर मजबूर करते थे, अश्लील हरकतें करते थे और उन कॉल्स को रिकॉर्ड कर लेते थे। इसके बाद उन वीडियो का डर दिखाकर और सार्वजनिक रूप से बदनाम करने की धमकी देकर उनका शोषण किया जाता रहा।
शिकायत के अनुसार, आरोपी कथावाचक ने महिला से कहा था— “मैं भगवान हूं और तुम्हें मेरी बात माननी होगी”।
मथुरा में नहीं हुई सुनवाई, तृप्ति देसाई के हस्तक्षेप के बाद दर्ज हुई FIR
पीड़िता ने बताया कि वह पिछले कई महीनों से न्याय पाने के लिए भटक रही थीं, लेकिन मथुरा में उनकी शिकायत पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। इसके बाद सामाजिक संस्था ‘भूमाता ब्रिगेड’ की प्रमुख तृप्ति देसाई ने इस मामले में हस्तक्षेप किया।
तृप्ति देसाई ने पुणे में पीड़िता और अन्य प्रभावित महिलाओं के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जहां कई अन्य महिलाओं ने भी कथावाचक पर शोषण के आरोप लगाए। तृप्ति देसाई ने आरोपी कथावाचक की तुरंत गिरफ्तारी, मामले की गहन जांच और अन्य संभावित पीड़ित महिलाओं के बयान दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने अपील की कि महिलाओं की आस्था का फायदा उठाने वालों को कानून के दायरे में लाया जाना चाहिए और अन्य पीड़ित महिलाओं को भी बिना किसी डर के आगे आकर शिकायत दर्ज करानी चाहिए।
फिलहाल, इन गंभीर आरोपों पर कथावाचक इंद्रदेव महाराज की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।







