बिहार (अफजल इमाम ’’मुन्ना”)। जनता दल (युनाइटेड) यानी जद(यू.) के वरिष्ठ नेता एवं नमो सरकार के केंद्रीय पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह ऊर्फ ललन सिंह ने दल में किसी भी स्तर पर मतभेद से इंकार किया है। वे शनिवार यानी 19 सितंबर को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से राज्य की राजधानी पटना लौटे हैं। राजधानी पटना स्थित जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि जद(यू.) में सबकुछ ठीक है। आंतरिक लोकतंत्र है। नेताओं के बीच बेहतर समन्वय है।

राजधानी पटना में शुक्रवार को आयोजित जद(यू.) के विधामंडल दल के सदस्यों के ओरिएंटेशन प्रोग्राम में अपनी अनुपस्थिति से जुड़े प्रश्न्र पर ललन सिंह ने कहा कि वे पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत गुजरात में थे। उन्हें इसकी सूचना भी नहीं थी। जद(यू.) के कुछ विधायकों ने मुझसे फोन पर यह जानने की कोशिश की कि प्रोग्राम में क्यों नहीं आए। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा कि इस संदर्भ में शक्रवार की रात उनकी बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से बातचीत हुई। निशांत जद(यू.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के पुत्र हैं। जद(यू.) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने बातचीत के दौरान बताया कि यह विधायकों के लिए एक सामान्य कार्यक्रम था।

केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा कि जद(यू.) पूर्व की तरह एकजुट है। वे इस दल से स्थापना काल से ही जुड़े हैं। उन्होंने मोकामा के जद(यू.) विधायक अनंत कुमार सिंह के पटना स्नातक क्षेत्र के एमएलसी चुनाव में जद(यू.) प्रत्याशी नीरज कुमार को हराने की घोषणा पर टिप्पणी से इंकार किया। उन्होंने कहा-इसका उत्तर वही देंगे, जिन्होंने ऐसा कहा है।
बता दें कि, बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर इस वर्ष नवंबर महीने में चुनाव होना है। जहां पटना स्नातक क्षेत्र के एमएलसी चुनाव को लेकर इनदिनों मोकामा के बाहुबली जद(यू.) विधायक अनंत सिंह का बयान खूब चर्चा में है। क्योंकि, जद(यू.) की बैठक के बाद भी अनंत सिंह का रुख नहीं बदला। उन्होंने पटना स्नातक एमएलसी चुनाव की तैयारी कर रहे डॉ.अनुज सिंह का समर्थन किया है। डॉ.अनुज सिंह पूर्व में पीके की जन सुराज पार्टी से विधानसभा का चुनाव लड़ चुके हैं। लेकिन, उन्हें पराजय का सामना करना पड़ा है। अब पटना स्नातक क्षेत्र से एमएलसी का चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। जन सुराज पार्टी ने अभी तक इस सीट पर प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है। हाल ही में डॉ.अनुज सिंह ने बिहटा में जद(यू.) विधायक अनंत सिंह के साथ सार्वजनिक रूप से चुनाव लड़ने की घोषणा की और उनके आशीर्वाद का दावा किया है। इसके बाद से पटना स्नातक क्षेत्र से तीन बार चुनाव जीत चुके जद(यू.) एमएलसी नीरज कुमार और जद(यू.) विधायक अनंत सिंह के बीच जुबानी जंग शुरू है। दोनों नेता एक-दूसरे पर कई गंभीर आरोप लगा रहे हैं। अब देखना है कि आगे क्या नया राजनीतिक गुल खिलता है? यह तो वक्त आने पर ही पता चल सकता है।












