पंजाब लुधियाना(नितिन): महानगर के राधे श्याम कॉलोनी इलाके में इंसानियत को शर्मसार करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। शराब के ठेके से शराब पीकर निकले एक युवक ने गली में खेल रही मासूम बच्ची को बहला-फुसलाकर एक निर्माणाधीन मकान में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास करने की कोशिश की। गनीमत रही कि एक स्थानीय महिला की नजर उस पर पड़ गई। महिलाओं ने तत्परता दिखाते हुए मकान के अंदर छापा मारा और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद आक्रोशित महिलाओं और स्थानीय लोगों ने आरोपी की जमकर छित्तर परेड की और बाद में उसे थाना पीएयू की पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना के अनुसार, राधे श्याम कॉलोनी में स्थित शराब के ठेके से शराब पीकर एक युवक गली में पहुंचा। उस समय गली में छोटे बच्चे खेल रहे थे। आरोपी युवक ने एक मासूम बच्ची को बहला-फुसलाकर बातों में लगाया और पास ही स्थित एक निर्माणाधीन मकान के अंदर ले गया। इसी दौरान गली से गुजर रही एक महिला ने युवक को संदिग्ध हालत में बच्ची को अंदर ले जाते देख लिया। अनहोनी की आशंका के चलते महिला ने तुरंत शोर मचाकर आसपास की अन्य महिलाओं को इक_ा किया। जब तक महिलाएं दौडक़र निर्माणाधीन मकान के अंदर दाखिल हुईं, तब तक आरोपी युवक बच्ची के साथ अश्लील हरकतें और गलत काम कर रहा था। महिलाओं ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए बच्ची को उसके चंगुल से छुड़ाया और आरोपी को मौके पर ही रंगे हाथों दबोच लिया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में मोहल्ला निवासी एकत्रित हो गए। गुस्साए लोगों ने आरोपी की मौके पर ही जमकर छित्तर परेड की। इसके बाद घटना की सूचना थाना पीएयू पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
रिहायशी इलाके में शराब का ठेका बना मुसीबत : कुलदीप सिंह लाहौरिया
वारदात के बाद इलाके में भारी रोष फैल गया है। मामले पर कड़ा रोष जताते हुए डेयरी एसोसिएशन के जिला प्रधान कुलदीप सिंह लाहौरिया ने प्रशासन और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। कुलदीप सिंह ने कहा कि प्रशासन द्वारा घनी आबादी वाले रिहायशी गली-मोहल्ले में शराब का ठेका खोलना बेहद गैर-जिम्मेदाराना कदम है। ठेके के कारण दिन-रात अराजक तत्वों और शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। लोग शराब पीकर खुलेआम हुल्लड़बाजी करते हैं और राह चलती महिलाओं व लड़कियों पर फब्तियां कसते हैं। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले भी एक शराबी ने एक बच्ची से छेड़छाड़ की थी। बार-बार अधिकारियों के समक्ष यह मुद्दा उठाने के बावजूद इस ठेके को यहां से हटाया नहीं गया। कुलदीप सिंह लाहौरिया ने जिला प्रशासन व पुलिस कमिश्नर से मांग की है कि महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस रिहायशी इलाके से शराब के ठेके को तुरंत प्रभाव से बंद या अन्यत्र स्थानांतरित करवाया जाए, अन्यथा मोहल्ला निवासी कड़ा संघर्ष करने को मजबूर होंगे।








