नेशनल नितिन : मथुरा जिले के वृंदावन कोतवाली थाना क्षेत्र में एक होटल के कमरे में एक महिला ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। वृंदावन के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) संदीप कुमार सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले की रहने वाली पार्वती (24) शुक्रवार को वृंदावन के केशवधाम इलाके में स्थित ‘होटल श्री राधा निकुंज’ में रुकी थी और उसे सोमवार को वहां से जाना था।
सीओ ने बताया कि रविवार को पार्वती के पिता ने होटल में फोन करके कहा कि वह अपनी बेटी से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जब होटल का एक कर्मचारी पता करने गया, तो उसने देखा कि कमरा खुला था और महिला ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी थी।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है। उन्होंने कहा कि महिला ने रायपुर के रहने वाले आशीष ओझा नामक व्यक्ति पर उसे धोखा देने का आरोप लगाया है। सिंह ने कहा कि पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।







