राष्ट्रीय नितिन : छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल से जुड़ी संपत्तियों के खिलाफ कारर्वाई करते हुए दुर्ग जिले के कुम्हारी स्थित विट्ठल ग्रीन कॉलोनी के 30 आवासीय प्लॉट और फ्लैट जब्त कर लिए हैं। जांच एजेंसी ने संबंधित संपत्तियों पर कुर्की के नोटिस चस्पा कर दिए हैं। इन संपत्तियों का कुल मूल्य 26.43 करोड़ रुपये बताया गया है। ईडी से रविवार को मिली जानकारी के अनुसार, धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत न्याय निर्णायक प्राधिकरण से कुर्की की पुष्टि होने के बाद यह कार्रवाई की गई है।
जांच एजेंसी का दावा है कि कथित शराब घोटाले से प्राप्त 18.9 करोड़ रुपये की रकम रियल एस्टेट कारोबार में निवेश की गई थी। इसी राशि से जुड़ी संपत्तियों के खिलाफ कारर्वाई करते हुए कुम्हारी स्थित विट्ठल ग्रीन प्रोजेक्ट के प्लॉट और फ्लैट सीज किए गए हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक, संबंधित अचल संपत्तियों का मूल्य 26.43 करोड़ रुपये आंका गया है। इसमें जमीन की कीमत करीब 9.49 करोड़ रुपये और उस पर निर्मित संरचनाओं का मूल्य लगभग 16.95 करोड़ रुपये शामिल है।
ईडी का आरोप है कि शराब घोटाले से अर्जित अवैध धन को रियल एस्टेट परियोजनाओं में निवेश कर उसका उपयोग किया गया। ईडी ने अपनी जांच में दावा किया है कि छत्तीसगढ़ में करीब तीन हजार करोड़ रुपये के कथित शराब घोटाले में चैतन्य बघेल की सक्रिय भूमिका रही है।
जांच एजेंसी के अनुसार, घोटाले से प्राप्त धन का इस्तेमाल संपत्तियों की खरीद और रियल एस्टेट कारोबार में निवेश के लिए किया गया। चैतन्य बघेल पर अवैध वित्तीय लेन-देन और धन शोधन में संलिप्तता के आरोप लगाए गए हैं। ईडी के अनुसार, चैतन्य बघेल से संबंधित संपत्तियों की अस्थायी कुर्की का आदेश 10 नवंबर 2025 को जारी किया गया था। इसके बाद जांच एजेंसी ने आठ दिसंबर 2025 को पीएमएलए के न्याय निर्णायक प्राधिकरण के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की थी। मामले की सुनवाई के बाद प्राधिकरण ने 23 मार्च 2026 को आदेश जारी करते हुए संपत्तियों की कुर्की की पुष्टि की।
प्राधिकरण के आदेश के आधार पर ईडी ने अब कुम्हारी स्थित विट्ठल ग्रीन कॉलोनी की संबंधित संपत्तियों पर कुर्की की कारर्वाई की है। जांच एजेंसी की ओर से यह कारर्वाई कथित शराब घोटाले से अर्जित धन के निवेश और उससे निर्मित संपत्तियों के संबंध में की गई है। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ के कथित शराब घोटाले की जांच के सिलसिले में ईडी धन शोधन से जुड़े वित्तीय लेन-देन और संपत्तियों में किए गए निवेश की पड़ताल कर रही है। चैतन्य बघेल के खिलाफ लगाए गए आरोप जांच एजेंसी के दावों पर आधारित हैं।
पूर्व CM के बेटे पर ED ने कसा शिकंजा, 30 प्लॉट और 26 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति कुर्क, जानें पूरा मामला






