नेशनल नितिन : डेटिंग ऐप पर दोस्ती के बाद एक युवक से शादी करने राजस्थान पहुंची 61 वर्षीय कनाडाई महिला उस समय मुश्किल में पड़ गई, जब युवक ने कथित तौर पर उसकी उम्र का पता चलने के बाद शादी करने से इनकार कर दिया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। यह मामला बहरोड़ जिले के नीमराना का है। महिला की शिकायत के बाद कनाडाई दूतावास के हस्तक्षेप पर पुलिस ने कार्रवाई की।
नीमराना के थाना प्रभारी सुरेंद्र यादव ने बताया कि कनाडाई दूतावास से सूचना मिलने पर पुलिस 13 नवंबर को तड़के करीब चार बजे बीबी बिल्डर्स सोसाइटी पहुंची और महिला तथा युवक को पूछताछ के लिए थाने ले आई। उन्होंने बताया कि हरियाणा के पानीपत निवासी 31 वर्षीय नितिन की करीब एक साल पहले एक डेटिंग ऐप के जरिए कनाडाई महिला से दोस्ती हुई थी। बाद में दोनों ने शादी करने का फैसला किया। यादव ने बताया कि महिला 11 नवंबर को पर्यटक वीजा पर दिल्ली पहुंची। नितिन उसे हवाई अड्डे से लेकर आया और नीमराना में अपने मामा-मामी के फ्लैट पर ठहराया। दोनों वहां दो दिन तक साथ रहे।
पुलिस के अनुसार, शादी को लेकर बातचीत आगे बढ़ने पर नितिन को महिला की उम्र करीब 61 वर्ष होने का पता चला जिसके बाद उसने शादी करने से कथित तौर पर इनकार कर दिया और इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद महिला ने 13 नवंबर को कनाडाई दूतावास से संपर्क किया।
दूतावास से सूचना मिलने पर पुलिस ने हस्तक्षेप किया और दोनों को थाने बुलाया। यादव ने बताया कि नितिन से पूछताछ की जा रही है, जबकि महिला को कोटपूतली स्थित एक देखभाल केंद्र में भेजा गया है। पुलिस उसकी कनाडा वापसी की व्यवस्था भी कर रही है। नितिन पानीपत के एक निजी विद्यालय में शिक्षक बताया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।








