राष्ट्रीय नितिन : अंडाशय के कैंसर की सबसे बड़ी चुनौती यह है कि अक्सर इसका पता तब चलता है, जब बीमारी आसपास के ऊतकों तक फैल चुकी होती है। लेकिन अब वैज्ञानिकों ने खून में एक ऐसे अणु की पहचान की है, जो कैंसर की शुरुआती कोशिकीय गड़बड़ियों का संकेत दे सकता है। नए अध्ययन में इस जांच से शुरुआती अवस्था के कुछ मामलों की पहचान करने में सफलता मिली है। हालांकि, इसे अभी नियमित जांच का विकल्प मानना जल्दबाजी होगी। अंडाशय के कैंसर की शुरुआती पहचान के लिए अब खून की एक नई जांच उम्मीद की किरण बन सकती है।
नए अध्ययन में शोधकर्ताओं ने रक्त में ‘टीयू-स्ट्रोमा’ नाम के एक अणु की मौजूदगी का पता लगाया है। अध्ययन के मुताबिक, इस अणु का स्तर उन लोगों में अधिक पाया गया, जिनमें अंडाशय के कैंसर की शुरुआती कोशिकीय गड़बड़ियां मौजूद थीं। इनमें वे लोग भी शामिल थे, जिनकी फैलोपियन ट्यूब की अंदरूनी परत में असामान्य कोशिकाएं थीं, लेकिन कैंसर आसपास के ऊतकों तक नहीं फैला था। यह अध्ययन एंजलिया रस्किन विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं जस्टिन स्टेबिंग और एंजलिया रस्किन विश्वविद्यालय से जुड़े शोधकर्ताओं ने किया है। इसके निष्कर्ष ‘द कन्वरसेशन’ में प्रकाशित लेख के माध्यम से सामने आए हैं।
कैंसर की शुरुआत फैलोपियन ट्यूब से भी
अंडाशय के कैंसर का सबसे आम और तेजी से फैलने वाला प्रकार ‘हाई-ग्रेड सीरस ओवेरियन कैंसर’ है। इसकी शुरुआत कई मामलों में अंडाशय के बजाय फैलोपियन ट्यूब में होती है। ये नलिकाएं अंडाशय से अंडों को गर्भाशय तक पहुंचाती हैं। इस कैंसर की शुरुआती कोशिकीय गड़बड़ियां इतनी सूक्ष्म होती हैं कि कई बार सर्जरी के बाद फैलोपियन ट्यूब के ऊतकों की सूक्ष्मदर्शी से जांच करने पर ही उनका पता चलता है। इस शुरुआती स्थिति को ‘सीरस ट्यूबल इंट्राएपिथीलियल कार्सिनोमा’ यानी ‘स्टिक’ कहा जाता है। इसमें असामान्य कोशिकाएं फैलोपियन ट्यूब की अंदरूनी परत तक सीमित रहती हैं और आसपास के ऊतकों में नहीं फैली होतीं। नए अध्ययन में संकेत मिला है कि रक्त में टीयू-स्ट्रोमा की मात्रा मापकर इस तरह के शुरुआती बदलावों की पहचान करना संभव हो सकता है। शोधकर्ताओं ने 506 लोगों के पहले से सुरक्षित रखे गए रक्त नमूनों का विश्लेषण किया। इनमें 43 लोग ऐसे थे, जिनमें ‘स्टिक’ की स्थिति मौजूद थी। यानी उनकी फैलोपियन ट्यूब की अंदरूनी परत में असामान्य कोशिकाएं थीं, लेकिन कैंसर आसपास के ऊतकों तक नहीं पहुंचा था।
- टीयू-स्ट्रोमा एक प्रकार का RNA है जो कोशिकाओं के कामकाज को नियंत्रित करने में भूमिका निभाता है।
- पहले के शोध में पता चला था कि अंडाशय के कैंसर की कोशिकाएं इस अणु को छोटी थैलियों जैसी संरचनाओं में छोड़ सकती हैं।
- इन्हें ‘एक्स्ट्रासेल्युलर वेसिकल्स’ कहा जाता है।
- ये कोशिकाओं के बीच संदेश पहुंचाने वाले सूक्ष्म पैकेट की तरह काम करती हैं।
- शोधकर्ताओं ने खून में मौजूद इन पैकेटों के भीतर टीयू-स्ट्रोमा की मात्रा मापी।
- अलग समूह के नमूनों पर जांच की सटीकता परखने के दौरान इस जांच से ‘स्टिक’ से पीड़ित करीब 92 प्रतिशत लोगों की पहचान हो गई।
- वहीं, तुलना के लिए शामिल स्वस्थ लोगों में करीब 98 प्रतिशत की जांच में ‘स्टिक’ के संकेत नहीं मिले।
- फिलहाल अंडाशय के कैंसर की आशंका होने पर डॉक्टर ‘सीए125’ नाम के प्रोटीन की मात्रा जानने के लिए रक्त जांच करा सकते हैं।
- कैंसर होने पर इसका स्तर बढ़ सकता है, लेकिन यह जांच पूरी तरह सटीक नहीं है।
- डोमेट्रियोसिस जैसी गैर-कैंसरकारी स्थिति में भी सीए125 का स्तर बढ़ सकता है।
वहीं, कुछ लोगों में अंडाशय का कैंसर शुरुआती अवस्था में होने के बावजूद अंडाशय के कैंसर के लक्षणों में पेट फूलना, लगातार पेट दर्द, थोड़ा खाना खाने के बाद ही पेट भरने का एहसास और बार-बार पेशाब आने की समस्या शामिल हो सकती है। ये लक्षण दूसरी बीमारियों में भी दिखाई देते हैं। लेकिन यदि ये लगातार बने रहें या बार-बार उभरें तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।
अभी नियमित जांच के लिए तैयार नहीं
शोध के नतीजे उत्साहजनक हैं, लेकिन इसकी कुछ अहम सीमाएं भी हैं। अध्ययन में ऐसे लोगों के रक्त नमूनों का विश्लेषण किया गया, जिनकी बीमारी की स्थिति पहले से मालूम थी। इसके अलावा ‘स्टिक’ से पीड़ित लोगों की संख्या भी कम थी। इसलिए अभी यह साबित नहीं हुआ है कि बिना किसी लक्षण वाले लोगों की बड़ी आबादी में इस जांच से कैंसर की समय रहते पहचान हो सकेगी। यदि जांच में गलत संकेत मिलते हैं तो बड़ी संख्या में लोगों को अनावश्यक परीक्षणों और यहां तक कि सर्जरी से गुजरना पड़ सकता है। शोधकर्ताओं को अब लंबे समय तक लोगों की निगरानी करनी होगी। इससे यह समझने में मदद मिलेगी कि रक्त में टीयू-स्ट्रोमा के संकेत बीमारी की शुरुआत के कितने समय बाद दिखाई देते हैं और फैलोपियन ट्यूब की असामान्य कोशिकाएं कितनी बार आगे चलकर कैंसर का रूप लेती हैं।
अधिक जोखिम वाली महिलाओं के लिए इसका महत्व
बीआरसीए1 और बीआरसीए2 ऐसे जीन हैं, जो शरीर में डीएनए को होने वाले नुकसान की मुरम्मत में मदद करते हैं। इनमें हानिकारक आनुवंशिक बदलाव होने पर अंडाशय के कैंसर का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे अधिक जोखिम वाले लोगों को परिवार पूरा होने के बाद या भविष्य में संतान की योजना न होने पर अंडाशय और फैलोपियन ट्यूब निकलवाने की सर्जरी कराने की सलाह दी जा सकती है। रजोनिवृत्ति से पहले यह सर्जरी कराने पर हार्मोन का स्तर अचानक गिर सकता है और तत्काल रजोनिवृत्ति की स्थिति आ सकती है।
ब्रिटेन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य एवं देखभाल उत्कृष्टता संस्थान के दिशानिर्देशों के मुताबिक, जिन लोगों में आनुवंशिक कारणों से कैंसर का खतरा अधिक है और जो सर्जरी टाल रहे हैं या नहीं कराना चाहते, उनके लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम नियमित सीए125 जांच पर विचार कर सकती है। भविष्य में टीयू-स्ट्रोमा की जांच इस निगरानी को बेहतर बनाने में मदद कर सकती है। हालांकि, फिलहाल यह प्रयोगात्मक अवस्था में है। इसकी रिपोर्ट सामान्य आने पर भी अधिक जोखिम वाले लोगों को पहले दी गई सर्जरी की सलाह को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
क्या यह जांच वास्तव में बचा सकेगी जान ?
इस नई जांच को नियमित उपयोग के योग्य साबित करने के लिए अभी कई सवालों के जवाब मिलने बाकी हैं। वैज्ञानिकों को यह भी पता लगाना होगा कि यदि रक्त जांच में कैंसर का संकेत मिले, लेकिन अन्य जांचों में कुछ दिखाई न दे तो आगे क्या किया जाए। सबसे अहम बात यह साबित करना होगा कि इस जांच से बीमारी की पहचान पहले होने के साथ-साथ समय पर उपचार भी संभव होता है या नहीं। बड़े स्तर पर किए जाने वाले भविष्य के अध्ययन ही बता सकेंगे कि यह तरीका वास्तव में अंडाशय के कैंसर से होने वाली मौतों को कम कर सकता है या नहीं।








