पंजाब लुधियाना (नितिन): कोहाड़ा रोड पर एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 38 वर्षीय बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक अपने वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयानों में मृतक की पत्नी अनिता ने बताया कि बीते 27 अगस्त को उसके पति दीपक कुमार (उम्र करीब 38 वर्ष) अपने किसी निजी काम के सिलसिले में मोटरसाइकिल पर सवार होकर कोहाड़ा की ओर जा रहे थे। जब दीपक कुमार मैकडॉनल्ड्स (हीरां) के नजदीक स्थित बोन ब्रेड फैक्ट्री के सामने पहुंचे, तभी एक अज्ञात वाहन के चालक ने अपने वाहन को बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही के साथ चलाते हुए दीपक की मोटरसाइकिल को सीधी और जोरदार टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर लगने से दीपक कुमार सड़क पर गिरकर बुरी तरह कुचले गए और गंभीर चोटें आने के कारण उन्होंने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक अपने वाहन की रफ्तार तेज कर मौके से फरार हो गया।
वारदात की सूचना राहगीरों द्वारा तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पीड़िता के बयानों के आधार पर थाना कूमकलां की पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटनास्थल और आसपास के ढाबों व फैक्ट्रियों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।






