👉जनपद शाखाओं के पुनर्गठन का काम शुरू, जनपद गाजीपुर शाखा का किया गया पुनर्गठन
लखनऊ : राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने आने वाले दिनों में बड़े आंदोलन खड़ा करने की दिशा में कार्य करना शुरू कर दिया है। संयुक्त परिषद के अध्यक्ष जे एन तिवारी ने आज लखनऊ में जनपद शाखाओं के पुनर्गठन की जानकारी देते हुए परिषद की जनपद शाखा गाजीपुर का पुनर्गठन किया।
विपणन निरीक्षक रितेश सिंह को जनपद शाखा गाजीपुर का अध्यक्ष तथा आपूर्ति निरीक्षक संतोष कुमार को जनपद सचिव का उत्तरदायित्व सौंपते हुए तीन माह में जनपद शाखा की कार्यकारिणी के गठन के निर्देश दिए। इसी क्रम में प्रदेश की मीडिया प्रभारी अरुणा शुक्ला के कार्यभार में सहयोग के लिए यूपीएसआरटीसी बरेली डिपो में कार्यरत परिचालक पवन कुमार को मीडिया सहायक का उत्तरदायित्व दिया गया है।
पवन कुमार राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के सभी कार्यक्रमों का मीडिया प्रभारी के मार्गदर्शन में सोशल मीडिया एवं मीडिया के अन्य प्लेटफार्म पर प्रचार प्रसार करेंगे। संयुक्त परिषद के कार्यक्रमों की प्रचार-प्रसार के साथ पोस्टर डिजाइनिंग , बैनर, वॉल राइटिंग, पंपलेट के माध्यम से व्यापक प्रचार प्रसार के लिए सोशल मीडिया पर संयुक्त परिषद का कलात्मक रूप से पक्ष रखने का उत्तरदायित्व पवन कुमार का होगा।
संयुक्त परिषद की महासचिव अरुणा शुक्ला ने अवगत कराया है संयुक्त परिषद की वर्ष 2026-28 के लिए गठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक 13 सितंबर 2026 को संयुक्त परिषद के कार्यालय लखनऊ में हो रही है, जिसमें जनपद शाखाओं के पुनर्गठन एवं मीडिया को सशक्त करने के लिए गए निर्णय पर मोहर लगेगी। उन्होंने अवगत कराया है कि आने वाले समय में संयुक्त परिषद कर्मचारियों की महत्वपूर्ण लंबित मांगों पर जोर देने के लिए लंबे आंदोलन की रूप रेखा तय करने पर विचार करेगी।
परिषद के अध्यक्ष जे एन तिवारी ने कहा कि 13 सितंबर की बैठक अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह बैठक आने वाले समय में कर्मचारियों के कार्य करने की दशा एवं दिशा तय करने में महत्वपूर्ण होगी।











