लखनऊ : यात्रियों के अनुभव को और बेहतर बनाने तथा एयरपोर्ट परिसर को अधिक जीवंत एवं आकर्षक बनाने की दिशा में एक और पहल करते हुए चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, लखनऊ ने टर्मिनल-3 के आगमन द्वार संख्या 02 के निकट 90 दिवसीय पुस्तक प्रदर्शनी का शुभारंभ किया है।
इस प्रदर्शनी में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त लेखकों की पुस्तकों के साथ-साथ विभिन्न श्रेणियों की लोकप्रिय एवं बेस्टसेलर पुस्तकें उपलब्ध हैं। यात्री यहां कथा-साहित्य, आत्मकथाएं, व्यवसाय, प्रेरक साहित्य, बाल साहित्य तथा अन्य विषयों से जुड़ी पुस्तकों का अवलोकन एवं क्रय कर सकते हैं।

लखनऊ की ‘पहले आप’ की संस्कृति और ‘यात्री प्रथम’ की सोच को आगे बढ़ाते हुए, लखनऊ एयरपोर्ट ने इस पुस्तक प्रदर्शनी का उद्घाटन लखनऊ से यात्रा कर रहे एक सामान्य यात्री से करवाया। यह पहल एयरपोर्ट की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसमें यात्रियों को हर निर्णय और गतिविधि का केंद्र माना जाता है।
इस पुस्तक प्रदर्शनी का उद्देश्य यात्रियों के बीच पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देना तथा उनकी यात्रा को अधिक सुखद, ज्ञानवर्धक और यादगार बनाना है। यात्री अपनी यात्रा के दौरान इस प्रदर्शनी का लाभ उठा सकेंगे और अपनी पसंद की पुस्तकों का चयन कर सकेंगे।










