लखनऊ : उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि प्राचार्य (विज्ञापन संख्या-02/2026) की 24 सितम्बर 2026 को सम्पन्न लिखित परीक्षा के मास्टर सेट की प्रोविजनल उत्तरकुंजी अभ्यर्थियों के अवलोकनार्थ आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://upessc.up.gov.in पर प्रकाशित कर दी गई है। उन्होंने समस्त अभ्यर्थियों को सूचित किया है कि वे वेबसाइट पर प्रदर्शित ऑनलाइन लिंक https://www.upessc.net/UPESSCPrincipalQC/Login.aspx के माध्यम से अपना अनुक्रमांक एवं जन्मतिथि अंकित कर लॉगिन करने के उपरान्त मास्टर सेट की प्रोविजनल उत्तरकुंजी से मिलान कर लें।

उप सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि यदि प्रोविजनल उत्तरकुंजी पर कोई आपत्ति हो तो 02 अक्टूबर 2026 की रात्रि 11:59 बजे तक ऑनलाइन आपत्ति दर्ज की जा सकती है। उत्तरकुंजी पर प्रति प्रश्न आपत्ति हेतु ₹100 (रुपये सौ मात्र) शुल्क निर्धारित किया गया है। आपत्ति दर्ज करने संबंधी दिशा-निर्देश आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। ऑनलाइन लिंक के अतिरिक्त अन्य किसी माध्यम से प्राप्त आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।








