बिहार (अफजल इमाम ’’मुन्ना’’)। बिहार के लखीसराय में सावन की तीसरी सोमवारी की सुबह इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर, अशोकधाम में आस्था का सैलाब अचानक मातम में बदल गया। जहां मंदिर के दक्षिणी द्वार से अशोकधाम स्टेशन मार्ग के बीच भीड़ बेकाबू होने के बाद मची भगदड़ में 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई। जबकि, 27 महिला श्रद्धालु जख्मी हो गईं।जख्मियों में 22 का इलाज लखीसराय सदर अस्पताल में चल रहा है और रेफर की गई 5 गंभीर रूप से जख्मी महिलाओं का इलाज प्राइवेट हॉस्पिटलों में कराया जा रहा है। मृतकों में लखीसराय, मुंगेर और पटना जिले की महिलाएं शामिल हैं।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सोमवार की सुबह मंदिर गेट से लेकर दृष्टिकिरण के आसपास तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी इसी बीच सुबह 5.42 बजे अशोकधाम स्टेशन पर मोकामा-बैद्यनाथधाम मेला स्पेशल ट्रेन रुकी।ट्रेन से सैकड़ों श्रद्धालु उतरकर बोलबम का जयघोष करते हुए मंदिर की ओर बढ़ने लगे।

इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर में पहले से मौजूद भीड़ के साथ इनके जुड़ने से मार्ग पर दबाव काफी बढ़ गयाइसी दौरान दृष्टिकिरण के आसपास लगा एक जर्जर विद्युत पोलभीड़ के दबाव में खेत में गिर गया।पोल से जुड़े केबल तार से चिंगारी निकलने लगी।चिंगारी देखकर वहां मौजूद श्रद्धालुओं में करंट फैलने की अफवाह फैल गई।इसके बाद अचानक लोग सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे और देखते ही देखते भगदड़ मच गई। भगदड़ में महिलाएं भीड़ के नीचे दब गईं। एक-एक कर 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।जख्मियों को एंबुलेंस एवं अन्य वाहनों से लखीसराय सदर अस्पताल पहुंचाया गया।जहां चिकित्सकों की टीम को अलर्ट कर जख्मियों का इलाज शुरू कराया गया।घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार प्रशासनिक टीम के साथ पहले घटनास्थल और फिर सदर अस्पताल पहुंचे।जहां उन्होंने अधिकारियों से घटना की पूरी जानकारी ली तथा घायलों के इलाज की स्थिति का जाएजा लिया की सूचना मिलते ही मुंगेर के प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा और डीआईजी राकेश कुमार ने भी घटनास्थल एवं सदर अस्पताल पहुंचकर पूरी जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए।
उधर, भगदड़ के दौरान घटनास्थल पर लगी कमजोर बैरिकेडिंग भीड़ के दबाव में टूटकर क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान वहां तैनात एसएसबी के दो जवान बाल-बाल बच गए। घटना के बाद इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर के अंदर और बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। मृतकों में 45 वर्षीय ललिता देवी, पति गोरेलाल यादव, प्रतापपुर, हलसी, लखीसराय, 35 वर्षीय सविता कुमारी, पति रणवीर यादव, प्रतापपुर, हलसी, लखीसराय, 55 वर्षीय हेमलता देवी, पति सुरेंद्र यादव, प्रतापपुर, हलसी, लखीसराय, 49 वर्षीय सावित्री देवी, पति मोहन यादव, चननिया, लखीसराय, 44 वर्षीय मनमाला देवी, पति निरंजन कुमार, बड़हिया, लखीसराय एवं 50 वर्षीय रिंकू देवी, पति नीरज यादव, बऊटोला फरदा, मुंगेर और 65 वर्षीय सरोज देवी, पति जनार्दन सिंह, बकांवा भदौर, पटना निवासी शामिल हैं।
इधर, लखीसराय के अशोकधाम की घटना पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दुख जताया है और मृतकों के लिए 4-4 लाख रुपये के मुआवजे का एलान किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ’एक्स’ पर लिखा कि यह घटना अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। उन्होंने कहा कि हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर से मन व्यथित है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि घायलों के समुचित एवं त्वरित इलाज के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। वहीं, बिहार में लालू पुत्र नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला है।उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए इसे सरकार की प्रशासनिक कुव्यवस्था का परिणाम बताया है।

तेजस्वी यादव ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ’एक्स’ पर एक पोस्ट कर कहा कि जलाभिषेक के दौरान बिजली का तार गिरने से करंट फैल गया। इसके बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। हादसे में कई श्रद्धालु जख्मी हुए। जबकि, 7 लोगों की असामयिक मृत्यु की खबर से वह मर्माहत हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की उचित सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन का अभाव एनडीए सरकार की प्रशासनिक कुव्यवस्था को दर्शाता है।उधर, लखीसराय में हुए हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है।पीएमो के एक्स हैंडल पर एक पोस्ट से उन्होंने अपनी संवेदनाएं साझा करते हुए कहा कि इस घटना में लोगों की जान जाने से उन्हें गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के परिजनों के प्रति अपनी सहानुभूति व्यक्त की है और हादसे में जख्मी हुए लोगों के जल्द से जल्द ठीक होने की प्रार्थना की। पीएम मोदी ने यह भी स्पष्ट किया कि स्थानीय प्रशासन मौके पर राहत कार्य में जुटा है और प्रभावितों की पूरी मदद की जा रही है। वहीं, इस घटना पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
बता दें कि, लखीसराय में अशोकधाम मंदिर श्री इन्द्रदमनेश्वर महादेव मंदिर के नाम से विख्यात है। यहां पालकलीन विशाल शिवलिंग है, जो जमीन की खोदाई से प्राप्त हुआ है। सावन के पवित्र <











