राष्ट्रीय नितिन । बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर चक्रवाती गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने समुद्र में विकसित हो रहे नए मौसमी सिस्टम को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव जल्द ही चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसे ‘अक्वान’ नाम दिया जाएगा। यदि यह तूफान विकसित होता है तो एक महीने के भीतर बंगाल की खाड़ी में बनने वाला यह तीसरा चक्रवात होगा। इसके संभावित असर को देखते हुए तमिलनाडु और दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में मौसम पर नजर रखी जा रही है।
श्रीलंका से दूर बढ़ रहा मौसमी सिस्टम
मौसम संबंधी जानकारी के मुताबिक, समुद्र में बना यह सिस्टम अब श्रीलंका से दूर बढ़ रहा है। हालांकि, इसके प्रभाव से श्रीलंका के कई हिस्सों में बादल छाए रहने, बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। तटीय क्षेत्रों में समुद्र की स्थिति खराब होने और ऊंची लहरें उठने की आशंका को देखते हुए मछुआरों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
सोमवार तक चक्रवाती तूफान बन सकता है ‘अक्वान’
IMD के ताजा बुलेटिन के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए गहरे दबाव में बदल चुका है। रविवार सुबह यह पोर्ट ब्लेयर से लगभग 700 किलोमीटर, चेन्नई से 860 किलोमीटर, विशाखापत्तनम से 1,040 किलोमीटर और ओडिशा के गोपालपुर से करीब 1,160 किलोमीटर दूर समुद्र में स्थित था। मौसम विभाग का अनुमान है कि यह सिस्टम सोमवार को चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है। इसके बाद 17 नवंबर तक इसकी तीव्रता और बढ़ने की संभावना है। अनुमान है कि यह भीषण चक्रवाती तूफान का रूप भी ले सकता है।
19 या 20 नवंबर को हो सकता है लैंडफॉल
मौसम वैज्ञानिक लगातार इस सिस्टम की दिशा और गति पर नजर बनाए हुए हैं। निजी मौसम ब्लॉगर हेमचंदर के अनुमान के मुताबिक, यह सिस्टम अगले एक-दो दिनों तक दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर रहने के बाद पश्चिम दिशा की ओर मुड़ सकता है। इसके बाद इसके उत्तरी तमिलनाडु और दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों की तरफ बढ़ने की संभावना है। अनुमान जताया जा रहा है कि चक्रवात 19 नवंबर की रात या 20 नवंबर की सुबह एन्नोर और कुड्डालोर के बीच तट से टकरा सकता है। हालांकि, लैंडफॉल की सटीक जगह और समय को लेकर स्थिति मौसम सिस्टम की आगामी चाल पर निर्भर करेगी।
तेज हवाओं से ज्यादा भारी बारिश का खतरा
मौसम संबंधी अनुमानों के अनुसार, चक्रवात ‘अक्वान’ का सबसे ज्यादा असर तेज हवाओं के बजाय भारी बारिश के रूप में देखने को मिल सकता है। इसके कारण उत्तर-पूर्वी मानसून एक बार फिर सक्रिय हो सकता है। इससे चेन्नई समेत तमिलनाडु के उत्तरी तटीय जिलों में मूसलाधार बारिश होने की आशंका है। गौरतलब है कि इससे पहले बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात ‘अर्नब’ और ‘मुरासु’ आंध्र प्रदेश के तट से टकराए थे। अब एक बार फिर नए चक्रवाती सिस्टम के विकसित होने से दक्षिण भारत के तटीय राज्यों में मौसम को लेकर चिंता बढ़ गई है। आने वाले दिनों में इसकी दिशा, तीव्रता और संभावित प्रभाव को लेकर मौसम विभाग के अपडेट महत्वपूर्ण होंगे।








