मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने अपनी अंतिम चुनावी गारंटी को पूरा करते हुए आज ‘मांवां-धियां सत्कार योजना’ के तहत अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग की महिलाओं के बैंक खातों में ₹1,500 प्रति माह तथा सामान्य एवं अन्य सभी वर्गों की महिलाओं के खातों में ₹1,000 प्रति माह की राशि भेज दी है। मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान ने आज एक विशेष कार्यक्रम के दौरान डिजिटल माध्यम से बटन दबाकर डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के जरिए पंजाब की लाखों महिलाओं के बैंक खातों में करोड़ों रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की।
इस अवसर पर पंजाब के लोक निर्माण मंत्री सरदार हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने रॉयल फार्म, गांव उदो नंगल (निकट महिता चौक) में एक बड़ा एलईडी स्क्रीन लगाकर मुख्यमंत्री द्वारा योजना के शुभारंभ के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण विधानसभा क्षेत्र की महिलाओं को दिखाया।

योजना के शुभारंभ पर महिलाओं को बधाई देते हुए कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार ने पंजाब की महिलाओं से किया अपना वादा पूरा कर दिया है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं के खातों में ₹1,500 प्रति माह तथा सामान्य एवं अन्य सभी वर्गों की महिलाओं के खातों में ₹1,000 प्रति माह की राशि सीधे भेजी गई है।
उन्होंने कहा कि इस योजना की विशेष बात यह है कि सरकार ने जुलाई, अगस्त और सितंबर—तीनों महीनों की सहायता राशि एक साथ महिलाओं के खातों में भेज दी है। उन्होंने बताया कि आज से ही यह सम्मान राशि महिलाओं के खातों में पहुंचनी शुरू हो जाएगी।

कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि अब यह योजना स्थायी रूप से जारी रहेगी और भविष्य में भी बंद नहीं होगी। उन्होंने कहा कि इस योजना को लागू करके राज्य सरकार ने पंजाब की महिलाओं का सम्मान बढ़ाया है, क्योंकि पंजाब की बेटियां और बहनें किसी भी क्षेत्र में किसी से कम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में पहली बार ऐसी सरकार आई है, जिसके शासनकाल में “जनता का पैसा सीधे जनता तक” पहुंचना शुरू हुआ है तथा भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाया गया है।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं ने पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई ‘मांवां-धियां सत्कार योजना’ का जोरदार स्वागत किया। मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान का धन्यवाद करते हुए महिलाओं ने कहा कि यह सम्मान राशि न केवल उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान करेगी, बल्कि उनके सम्मान और आत्मविश्वास को भी नई मजबूती देगी।







