बिहार (अफजल इमाम ’’मुन्ना’’)। बिहार की राजधानी पटना में बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता को अब नया विधायक मिल गया है। चर्चित चुनावी रणनीतिकार से विधायक बने प्रशांत किशोर यानी पीके ने शपथ ग्रहण कर ली है। बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ.प्रेम कुमार ने अपने चौंबर में प्रशांत किशोर को विधायक पद की शपथ दिलाई है। इसके बाद प्रशांत किशोर अब आधिकारिक रूप से सदन की कार्यवाही में हिस्सा ले सकेंगे और कामकाज शुरू करेंगे। शपथ ग्रहण के बाद प्रशांत किशोर ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, बिहार के इस सदन में सदस्य के तौर पर भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर, श्रीकृष्ण सिंह, अनुग्रह नारायण सिंह, नीतीश कुमार, लालू प्रसाद, रामविलास पासवान और सुशील मोदी जैसे नेता रहे हैं। इस सदन के सदस्य के तौर शपथ लेना मेरे लिए गौरव की बात है। ये मेरे लिए बहुत बड़ी जिम्मेदारी है. मैं समाज की बेहतरी के लिए आगे काम करूंगा।
प्रशांत किशोर सोमवार को जन सुराज पार्टी के समर्थकों के साथ बिहार विधानसभा पहुंचे थे। बांकीपुर सीट के लिए 30 जुलाई को वोटिंग हुई थी और 3 अगस्त को चुनाव परिणाम जारी किया गया था। प्रशांत किशोर ने भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को 19,246 वोटों से हराया था। जबकि, राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता की जमानत तक जब्त हो गई थी। सामान्य तौर पर नए विधायक को विधानसभा सत्र के दौरान ही शपथ दिलाई जाती है। लेकिन, अभी विधानसभा का कोई भी सत्र नहीं चल रहा है। 18वीं बिहार विधानसभा का मॉनसून सत्र भी खत्म हो चुका है। शीतकालीन सत्र की शुरुआत होने में अभी काफी वक्त है। ऐसे में सदन की कार्यवाही नहीं होने की स्थिति में विधानसभा अध्यक्ष अपने चौंबर में ही नए विधायक को शपथ दिला सकते हैं।
बांकीपुर सीट पर जीत के बाद प्रशांत किशोर ने तीन महीने में बदलाव दिखने की बात कही थी। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा था, अगले 2 से 3 महीने के अंदर बांकीपुर विधानसभा में स्पष्ट बदलाव दिखने लगेगा। इसके साथ ही उन्होंने युवाओं को रोजगार, राशन की व्यवस्था सहित चार ऐलान भी किए थे। जिसमें 10 हजार युवाओं को प्राइवेट नौकरी दिलाने की कोशिश, गरीब बच्चों को प्राइवेट स्कूल में पढ़ाने की करेंगे व्यवस्था, राशन कार्ड की व्यवस्था 3 महीने में सुधारने की कोशिश और 60 वर्ष से ज्यादा उम्र के सभी बुजुर्गों को 1100 रुपये प्रति माह पेंशन दिलायेंगे जैसे कार्य शामिल हैं।
बांकीपुर सीट जीतने के बाद ही प्रशांत किशोर सियासत में एक्टिव हो गए थे। उन्होंने अपनी आगे की रणनीति भी बना ली है। प्रशांत किशोर का अब मुख्य रूप से फोकस आने वाले चुनावों पर है। बिहार में विधान परिषद की शिक्षक-स्नातक सीटों और पंचायत चुनाव होने वाले हैं, जिसके लिए अभी से ही उन्होंने तैयारी शुरू कर दी है। इतना ही नहीं, पीके फिर बिहार की यात्रा भी शुरू करने वाले हैं।











