📅 रविवार, 29 नवंबर 2026 🕒 08:00:07 AM (IST)
न्यूज़

बिहार पुलिस के डर से फोन बंद कर भागा कॉमेडियन यश महेश्वरी.

🕒 प्रकाशित: 29-11-2026, 07:19 AM
📍 समाचार स्थान: समस्तीपुर, बिहार, भारत
बिहार पुलिस के डर से फोन बंद कर भागा कॉमेडियन यश महेश्वरी. - Photo 1
अक्षर का आकार बदलें
बिहार पुलिस के डर से फोन बंद कर भागा कॉमेडियन यश महेश्वरी, पटना लाने के लिए जयपुर और दिल्ली में छापेमारी 

बिहार (अफजल इमाम ’’मुन्ना’’) : बिहार की महिलाओं को लेकर इंटरनेट मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले जयपुर निवासी कॉमेडियन यश महेश्वरी की तलाश में बिहार पुलिस की टीमें राजस्थान की राजधानी जयपुर और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली एनसीआर में छापेमारी की हैं। इन दोनों शहरों में उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। 
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस उसे हिरासत में लेकर राज्य की राजधानी पटना लाने की तैयारी में जुटी है। कॉमेडियन यश महेश्वरी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया है। ऐसे में उसकी लोकेशन का पता लगाने के लिए पुलिस तकनीकी मदद ले रही है। उसकी अन्य जानकारियां भी जुटाई जा रही हैं। इस अभियान में साइबर थाने के अधिकारी भी शामिल हैं। पुलिस ने यश महेश्वरी के परिजनों से संपर्क कर उसके ठिकाने के बारे में जानकारी मांगी है। पूछताछ के दौरान परिजनों ने पुलिस को बताया कि उन्हें यश महेश्वरी के वर्तमान ठिकाने की कोई जानकारी नहीं है। वह कहां है, इस बारे में वे कुछ नहीं बता सके। इसके बाद पुलिस अपने स्तर से उसकी तलाश में जुटी हुई है। 
दरअसल, बिहारी महिलाओं को लेकर कथित टिप्पणी के बाद कॉमेडियन यश महेश्वरी के खिलाफ पटना साइबर थाने में आईटी एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वहीं, बिहार भाजपा महिला मोर्चा की ओर से पटना कोतवाली थाने में भी आवेदन दिया गया है। राजधानी पटना स्थित गांधी मैदान थाना में भी आवेदन दिया गया है। इस मामले में अलग-अलग जगहों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं। पुलिस सभी शिकायतों और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। हालांकि, फिलहाल यश महेश्वरी की गिरफ्तारी या हिरासत में लिए जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। 
बता दें कि, यूट्यूब चौनल के माध्यम से बिहार की महिलाओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी और गाली-गलौज किए जाने की सूचना पटना साइबर थाना को मिली थी। बिहार की पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी है। पुलिस के मुताबिक, इस तरह की टिप्पणी से विभिन्न समुदायों के बीच सामाजिक सौहार्द बिगड़ने, विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने और बड़े पैमाने पर लोगों की भावनाएं आहत होने की आशंका जताई गई है। इसी आधार पर मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है। 
पटना साइबर थाना में 24 नवंबर को कांड संख्या 1550/26 दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई साइबर थाने के एसआई पवन कुमार के लिखित आवेदन पर की गई है। प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 75(1), 79, 351 एवं 352 के साथ आईटी एक्ट की धारा 66(सी) और 66(डी) के तहत दर्ज की गई है। लगातार हो रही आलोचना और कानूनी कार्रवाई की मांग के बीच कॉमेडियन यश माहेश्वरी ने 24 नवंबर को अपने यूट्यूब चौनल पर माफी का वीडियो जारी किया। इसमें उन्होंने स्वीकार किया कि बिहार की सांस्कृतिक परंपराओं पर उन्हें इस तरह की टिप्पणी नहीं करनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि उनका मकसद किसी की धार्मिक भावनाओं, त्योहार या किसी व्यक्ति की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। लेकिन, वह अपनी गलती स्वीकार करते हैं और इसके लिए माफी मांगते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे से अपने कंटेंट को लेकर ज्यादा सावधानी बरतेंगे और ऐसी गलती दोबारा नहीं करेंगे। 
यह भी बता दे कि, विवाद की शुरुआत कॉमेडियन यश माहेश्वरी के स्टैंड-अप शो 'Morally Questionable' से हुई। उन्होंने 21 नवंबर 2026 को अपने यूट्यूब चौनल पर इस शो का वीडियो अपलोड किया था। वीडियो के विवरण में बताया गया था कि यह दिल्ली-एनसीआर में किए गए उनके शो का हिस्सा है। इसी वीडियो के एक हिस्से में उन्होंने बिहार के लोक आस्था का महापर्व ’छठ पूजा’ के दौरान बिहार की विवाहित महिलाओं के नाक से माथे तक लम्बा सिंदूर लगाने की परंपरा पर टिप्पणी की थी। यश माहेश्वरी ने सिंदूर की लंबाई को लेकर अश्लील तुलना की और महिलाओं के पतियों के निजी अंगों का संदर्भ दिया। उन्होंने इस परंपरा और पति की लम्बी उम्र से जुड़ी मान्यता को भी अपने मजाक का हिस्सा बनाया। वीडियो में उनकी टिप्पणी पर कुछ दर्शकों को हंसते हुए सुना जा सकता है। लेकिन, जब इसका छोटा क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तो लोगों ने इसे भद्दा और अपमानजनक बताते हुए विरोध शुरू कर दिया। 
सोशल मीडिया पर कॉमेडियन यश माहेश्वरी के मजाक को लोगों ने महिलाओं के सम्मान, बिहार की संस्कृति और छठ महापर्व की आस्था का अपमान बता रहे हैं। मामला इतना बढ़ गया है कि भाजपा नेता से लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद और सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता तक ने इस पर प्रतिक्रिया दी है। जिसमें सामाजिक कार्यकर्ता से भाजपा नेता बनी ऋतु जायसवाल, कांग्रेस सांसद व सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी, सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता अमिता सचदेवा व अन्य शामिल हैं। कानूनी कार्रवाई की मांग उठने के बाद मूलरूप रूप से जयपुर निवासी कॉमेडियन यश माहेश्वरी ने हाथ जोड़कर माफी मांग ली। हालांकि, माफी के बाद भी विरोध जारी है। विरोध बढ़ने के बाद ही यश माहेश्वरी ने अपने यूट्यूब चौनल से विवादित स्टैंड-अप वीडियो हटा दिया। उनकी इंस्टाग्राम प्रोफाइल भी उपलब्ध नहीं दिख रही थी। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि अकाउंट उन्होंने खुद बंद किया है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है। 


Earth News Network
समाचार अपलोड करने वाले Earth News Network Reporter / News Contributor
हमसे जुड़ें

इस खबर को शेयर करें

पाठकों की टिप्पणियां (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी आप लिखें!

✍️ अपनी टिप्पणी लिखें

टिप्पणी एडमिन की स्वीकृति के बाद प्रकाशित होगी।