- राजधानी में लगे होर्डिंग्स ने बढ़ाई सियासी हलचल
- अब लखनऊ में होगा बड़ा सम्मेलन
- राजनीतिक दलों, सांसदों, विधायकों और सामाजिक संगठनों को एक मंच पर लाने की तैयारी
लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले “कुर्मी मुख्यमंत्री” की मांग ने राजधानी लखनऊ में दस्तक दे दी है। लखनऊ में लगाए गए होर्डिंग्स के बाद यह मुद्दा राजनीतिक और सामाजिक चर्चा का विषय बनता दिखाई दे रहा है।
कुर्मी मुख्यमंत्री अभियान समिति की ओर से चलाए जा रहे इस अभियान के माध्यम से मुख्यमंत्री पद पर कुर्मी समाज के नेतृत्व और राजनीतिक प्रतिनिधित्व का सवाल उठाया गया है। अभियान समिति के संयोजक पटेल अभिषेक चौधरी के नेतृत्व में चल रहे अभियान का संदेश है—“अब सिर्फ वोट नहीं, सत्ता में नेतृत्व चाहिए।”
समिति का कहना है कि कुर्मी समाज लंबे समय से उत्तर प्रदेश की चुनावी राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है, लेकिन मुख्यमंत्री पद पर समाज को अब तक प्रतिनिधित्व नहीं मिला। इसी सवाल को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश की राजनीतिक बहस का प्रमुख मुद्दा बनाने की तैयारी की जा रही है।
राजनीतिक दलों से सीधा सवाल, कुर्मी मुख्यमंत्री पर रुख स्पष्ट करें — अभियान समिति ने राजनीतिक दलों के सामने सीधा सवाल रखा है कि 2027 में कुर्मी समाज को मुख्यमंत्री पद पर नेतृत्व देने के मुद्दे पर उनका रुख क्या है?
समिति का कहना है कि समाज अब केवल चुनावी वादों, टिकटों और वोट बैंक की राजनीति तक सीमित नहीं रहना चाहता। मुख्यमंत्री पद और प्रदेश के राजनीतिक नेतृत्व में हिस्सेदारी को लेकर भी राजनीतिक दलों की स्पष्ट प्रतिबद्धता सामने आनी चाहिए।
समिति के अनुसार जो राजनीतिक दल इस मुद्दे पर स्पष्ट और सकारात्मक रुख सामने रखेगा, उसके संबंध में समाज के बीच व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा।
आजादी के बाद से अब तक नहीं बना कुर्मी मुख्यमंत्री - उत्तर प्रदेश की राजनीति में आजादी के बाद से अब तक विभिन्न सामाजिक समूहों के नेता मुख्यमंत्री पद तक पहुंचे हैं, लेकिन कुर्मी समाज से अब तक कोई मुख्यमंत्री नहीं बना है।
यही बात अब अभियान समिति के आंदोलन का प्रमुख सवाल बनती जा रही है। समिति का कहना है कि जब कुर्मी समाज लंबे समय से प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है, तो मुख्यमंत्री पद पर कुर्मी नेतृत्व का अवसर अब तक क्यों नहीं मिला?
लखनऊ में जल्द होगा बड़ा सम्मेलन - लखनऊ में होर्डिंग अभियान के बाद अब समिति ने एक बड़े सामाजिक-राजनीतिक सम्मेलन की तैयारी शुरू करने की बात कही है। समिति के अनुसार सम्मेलन में कुर्मी समाज से जुड़े विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, सांसदों, विधायकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रमुख लोगों को एक मंच पर आमंत्रित करने की योजना है।
समिति की ओर से अनुप्रिया पटेल, राष्ट्रीय अध्यक्ष अपना दल (एस), पंकज चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा, कृष्णा पटेल, राष्ट्रीय अध्यक्ष अपना दल (कमेरावादी), डॉ. आर.एस. पटेल, राष्ट्रीय अध्यक्ष जनहित संकल्प पार्टी सहित समाज से जुड़े विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक प्रतिनिधियों को आमंत्रित करने की योजना बताई गई है।
सम्मेलन में सबसे बड़ा सवाल होगा— 2027 में कुर्मी समाज का सामाजिक न्याय और राजनीतिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करते हुए कुर्मी मुख्यमंत्री कैसे बने ? समिति का कहना है कि सम्मेलन किसी एक व्यक्ति या राजनीतिक दल के पक्ष में शक्ति प्रदर्शन नहीं होगा, बल्कि समाज के अलग-अलग राजनीतिक विचारों को एक मंच पर लाकर सामूहिक रणनीति पर चर्चा करने का प्रयास होगा।
सांसदों और विधायकों से भी मांगा जाएगा जवाब -- अभियान समिति अब समाज के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों से भी इस मुद्दे पर उनकी राय जानने की तैयारी कर रही है।समिति का सवाल है—जब समाज चुनाव में अपनी राजनीतिक ताकत दिखाता है, तो नेतृत्व के सवाल पर उसकी आवाज क्यों नहीं सुनी जानी चाहिए ?
समिति के अनुसार आने वाली बैठकों में समाज के सांसदों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ 2027 की राजनीतिक रणनीति तथा नेतृत्व के मुद्दे पर संवाद किया जाएगा।
लखनऊ से गांव तक पहुंचेगा अभियान —
अभियान समिति का कहना है कि लखनऊ में लगाए गए होर्डिंग्स केवल शुरुआत हैं। इसके बाद उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में बैठकें, जनसंवाद और सामाजिक सम्मेलन आयोजित किए जाने की तैयारी है। जिला स्तर पर समाज के लोगों से चर्चा कर यह समझने का प्रयास किया जाएगा कि 2027 में उनकी राजनीतिक प्राथमिकता क्या होनी चाहिए और सामाजिक न्याय एवं राजनीतिक प्रतिनिधित्व के सवाल पर समाज की सामूहिक रणनीति क्या हो।
“सिर्फ वोट बैंक नहीं, नेतृत्व में हिस्सेदारी" —
अभियान समिति का कहना है कि कुर्मी समाज को केवल चुनाव के समय एक महत्वपूर्ण वोट बैंक के रूप में देखने की राजनीति अब पर्याप्त नहीं है। समिति के अनुसार समाज की मांग राजनीतिक भागीदारी के अगले चरण की है—निर्णय लेने की प्रक्रिया और प्रदेश के सर्वोच्च राजनीतिक नेतृत्व में हिस्सेदारी।
समिति का कहना है कि अलग-अलग राजनीतिक दलों में कुर्मी समाज के नेता सक्रिय हैं और समाज के नेताओं ने मंत्री, सांसद, विधायक तथा संगठनात्मक पदों पर अपनी भूमिका निभाई है। इसके बावजूद मुख्यमंत्री पद पर समाज का प्रतिनिधित्व नहीं हुआ है।
E
समाचार अपलोड करने वाले
Earth News Network
Reporter / News Contributor
पाठकों की टिप्पणियां (0)
✍️ अपनी टिप्पणी लिखें