अभियान का शुभारंभ ग्राम पंचायत शिवरी में जन-जागरूकता रैली और सामुदायिक संवाद के साथ हुआ। इसमें किशोरियों, बच्चों, कम्युनिटी लीडर्स, स्वयंसेवकों और समुदाय के सैकड़ों लोगों ने भागीदारी की। प्रतिभागियों ने पोस्टर और तख्तियों के माध्यम से लैंगिक भेदभाव, छेड़छाड़, उत्पीड़न और महिलाओं एवं लड़कियों के खिलाफ हिंसा के विरुद्ध संदेश दिए। रैली में “चुप्पी तोड़ो, हिंसा रोको” और “नारी का सम्मान करो” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।

प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर श्रद्धा ने कहा, हिंसा रोकने के लिए केवल जागरूकता नहीं, बल्कि सामाजिक सोच में बदलाव भी जरूरी है। हमारा प्रयास है कि महिलाएं और लड़कियां अपने अधिकारों को समझें, किशोरियों में नेतृत्व विकसित हो और समुदाय इस बदलाव में सक्रिय भागीदारी करे।

कम्युनिटी मोबिलाइजर हेमा ने कहा, समुदाय में काम करते हुए सामने आता है कि कई महिलाएं और लड़कियां अपने अधिकारों तथा उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी नहीं रखती हैं। जरूरी है कि वे खुलकर अपनी बात रख सकें और परिवार एवं समुदाय उनका सहयोग करें।

सोशल वर्कर रानी ने कहा, हिंसा का सामना कर रही महिलाओं और लड़कियों को संवेदनशील सहयोग, सही जानकारी और जरूरत के अनुसार सहायता सेवाओं से जोड़ना जरूरी है, ताकि वे अकेलापन या डर महसूस न करें।

कार्यक्रम में गतिविधि संचालक सृष्टि गौतम, नमन, वार्तिका, संध्या, सोनम, कुमकुम, शिवानी, आकांक्षा, सृष्टि, मुस्कान, संगीता और सुशीला सहित कम्युनिटी लीडर्स एवं स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी की।

अभियान के दौरान संस्था लखनऊ के विभिन्न क्षेत्रों में अगले 15 दिन महिला अधिकार, हिंसा की रोकथाम, कानूनी जागरूकता, किशोरी नेतृत्व, बाल अधिकार एवं संरक्षण और लैंगिक समानता पर जागरूकता एवं प्रशिक्षण गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। पुरुषों और लड़कों की भागीदारी को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
पाठकों की टिप्पणियां (0)
✍️ अपनी टिप्पणी लिखें