📅 रविवार, 22 नवंबर 2026 🕒 02:04:46 AM (IST)
न्यूज़

वंदे भारत एक्सप्रेस में छूटे सिंगापुर नागरिक के 2.11 लाख रुपये एवं विदेशी मुद्रा सुरक्षित वापस मिले.

🕒 प्रकाशित: 21-11-2026, 04:53 PM
📍 समाचार स्थान: Varanasi, Uttar Pradesh, India
वंदे भारत एक्सप्रेस में छूटे सिंगापुर नागरिक के 2.11 लाख रुपये एवं विदेशी मुद्रा सुरक्षित वापस मिले. - Photo 1
अक्षर का आकार बदलें
 वाराणसी जंक्शन स्टेशन पर रेलवे कर्मचारियों एवं रेलवे सुरक्षा बल की सतर्कता, तत्परता और ईमानदारी का सराहनीय उदाहरण सामने आया है। जिसमे नई दिल्ली से वाराणसी आ रही गाड़ी संख्या 22416 वंदे भारत एक्सप्रेस में सिंगापुर के एक विदेशी नागरिक का छूटा हुआ नकदी एवं विदेशी मुद्रा से भरा बैग सुरक्षित बरामद कर दिनांक 21 नवम्बर 2026 को उसके वास्तविक स्वामी को वापस लौटाया गया । 

दिनांक 20 नवम्बर 2026 को गाड़ी संख्या 22416 वंदे भारत एक्सप्रेस के वाराणसी जं. पहुंचने पर ट्रेन स्टाफ श्री अनूप कुमार एवं सफाई कर्मचारी करण सिंह ने कोच संख्या E-1 में एक काले रंग का बैग छूटा हुआ देखा। इसकी सूचना Dy.SS आउटडोर/वाराणसी वकील सिंह को दी गई। Dy.SS आउटडोर द्वारा तत्काल आरपीएफ को इसकी जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक चरण सिंह, कांस्टेबल मोहित कुमार एवं कांस्टेबल अरविंद कुमार ने गाड़ी संख्या 22416 को अटेंड कर उक्त बैग को अपनी अभिरक्षा में लिया। गाड़ी को वाशिंग लाइन भेजा जाना था, इसलिए बैग को उतारकर डिप्टी एसएस/वाराणसी कार्यालय में विधिवत खोलकर जांच की गई। जांच के दौरान बैग में भारतीय मुद्रा के रूप में 500 रुपये के 423 नोट, 100 रुपये का एक नोट एवं 50 रुपये का एक नोट, कुल 2,11,650 रुपये मिले। इसके अतिरिक्त अमेरिकी डॉलर के विभिन्न मूल्यवर्ग के 27 नोट, श्रीलंकाई मुद्रा के विभिन्न मूल्यवर्ग के 54 नोट तथा सिंगापुर की मुद्रा के विभिन्न मूल्यवर्ग के 16 नोट भी बरामद हुए। विदेशी मुद्रा का अनुमानित भारतीय मूल्य लगभग 1.32 लाख रुपये था। इस प्रकार बैग में रखी भारतीय एवं विदेशी मुद्रा का कुल अनुमानित मूल्य लगभग 3.44 लाख रुपये था। बैग में Beam, Hela, Osu Lanka Private Limited अंकित एक पर्चा भी मिला। बरामद भारतीय एवं विदेशी मुद्रा की विधिवत गिनती की गई तथा पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई। इसके उपरांत समस्त मुद्रा एवं अन्य सामान को पुनः बैग में रखकर सीलबंद कर सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया। 

इस बीच रेल मदद पर प्राप्त शिकायत संख्या 202611203244 के माध्यम से बैग के वास्तविक स्वामी के संबंध में जानकारी प्राप्त हुई। शिकायत के आधार पर श्री दिलीप पांडे से उनके मोबाइल नंबर पर संपर्क किया गया। उन्होंने बताया कि उनके साथ यात्रा कर रहे सिंगापुर निवासी विदेशी पर्यटक श्री LIM WEN SHENG दिनांक 20 नवम्बर 2026 को गाड़ी संख्या 22416 वंदे भारत एक्सप्रेस के कोच संख्या E-1 की सीट संख्या 33 पर नई दिल्ली से वाराणसी तक यात्रा कर रहे थे। यात्रा के दौरान उनका एक काले रंग का बैग ट्रेन में छूट गया था, जिसमें भारतीय मुद्रा के साथ अमेरिकी डॉलर, श्रीलंकाई एवं सिंगापुर की विदेशी मुद्रा रखी हुई थी। 

आज दिनांक 21 नवम्बर 2026 को दिलीप पांडे एवं विदेशी नागरिक LIM WEN SHENG आरपीएफ पोस्ट वाराणसी जं. पर उपस्थित हुए। आवश्यक पहचान एवं दावे का सत्यापन करने के उपरांत स्टेशन निदेशक, वाराणसी अर्पित गुप्ता की उपस्थिति में बैग एवं उसमें रखी समस्त भारतीय तथा विदेशी मुद्रा और अन्य सामान LIM WEN SHENG को सुरक्षित सुपुर्द कर दिया गया। यात्री ने अपने सामान एवं नकदी का मिलान कर पूर्ण संतुष्टि व्यक्त की तथा रेलवे प्रशासन के प्रति आभार प्रकट किया।

उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनकी व्यक्तिगत संपत्ति की सुरक्षा के लिए भी सदैव प्रतिबद्ध है। रेलवे कर्मचारियों एवं रेलवे सुरक्षा बल की सतर्कता, ईमानदारी और आपसी समन्वय से विदेशी पर्यटक को उसकी बहुमूल्य संपत्ति सुरक्षित वापस मिल सकी। यह घटना रेलवे की यात्री सेवा के प्रति प्रतिबद्धता, जिम्मेदार कार्यप्रणाली और यात्रियों के विश्वास को बनाए रखने के संकल्प का सराहनीय उदाहरण है।

Earth News Network
समाचार अपलोड करने वाले Earth News Network Reporter / News Contributor
हमसे जुड़ें

इस खबर को शेयर करें

पाठकों की टिप्पणियां (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी आप लिखें!

✍️ अपनी टिप्पणी लिखें

टिप्पणी एडमिन की स्वीकृति के बाद प्रकाशित होगी।