UIDAI के प्रवक्ता ने बताया कि माता-पिता और अभिभावकों को निर्धारित उम्र के भीतर बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (MBU) करवाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि भविष्य में आधार प्रमाणीकरण से जुड़ी किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके। अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट से बच्चे की आधार संबंधी जानकारी अपडेट रहती है और जरूरत पड़ने पर आधार प्रमाणीकरण आसानी से हो पाता है। प्रवक्ता के अनुसार, समय पर बायोमेट्रिक अपडेट करवाने से बच्चों को आधार से जुड़ी सेवाओं और शैक्षणिक प्रक्रियाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं, छात्रवृत्ति तथा अन्य सुविधाओं का लाभ लेने में होने वाली संभावित परेशानी से बचाया जा सकता है।
इसके अलावा UIDAI की ओर से 30 सितंबर 2027 तक 5 से 17 साल तक के बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट मुफ्त किया जा रहा है। इस पहल के तहत सभी स्कूलों में नियमित रूप से MBU कैंप लगाए जा रहे हैं। इन कैंपों के माध्यम से माता-पिता बिना किसी शुल्क के स्कूल में ही अपने बच्चों के आधार बायोमेट्रिक रिकॉर्ड अपडेट करवा सकते हैं। माता-पिता को सलाह दी गई है कि वे स्कूलों में लगाए जा रहे MBU कैंपों का लाभ उठाएं। इन कैंपों के शेड्यूल और व्यवस्था की जानकारी के लिए वे स्कूल के प्रिंसिपल या प्रशासन से संपर्क कर सकते हैं। बच्चे अपने बायोमेट्रिक विवरण नजदीकी आधार सेवा केंद्र या अन्य अधिकृत आधार केंद्रों पर भी अपडेट करवा सकते हैं। UIDAI के आधार सेवा केंद्र सप्ताह के सातों दिन काम करते हैं। हालांकि, वहां उपलब्ध सेवाओं और निर्धारित समय के अनुसार ही अपडेट करवाया जा सकता है। UIDAI के क्षेत्रीय कार्यालय चंडीगढ़ ने सभी माता-पिता और अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट समय पर करवाएं और 30 सितंबर 2027 तक 5 से 17 साल के बच्चों के लिए उपलब्ध मुफ्त MBU सुविधा का लाभ उठाएं।
पाठकों की टिप्पणियां (0)
✍️ अपनी टिप्पणी लिखें