मनोरंजन नौकरी टेक्नोलॉजी योजना ऑटोमोबाइल व्यापार खेल राजनीति बैंकिंग जीवनशैली

जद(यू.) में अब ’निशांत युग’ की शुरुआत, नीतीश कुमार के मंत्री पुत्र संभालेंगे दल की कमान

On: June 23, 2026 6:58 PM
हमें फॉलो करें:
ad copy

बिहार (अफजल इमाम ’’मुन्ना’’)। जनता दल युनाइटेड यानी जद(यू.) की राष्ट्रीय व राज्य परिषद की एक दिवसीय बैठक में रविवार यानी 21 जून को तय हो गया कि जद(यू.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के मुख्यमंत्री रह चुके राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार के इकलौते पुत्र व राज्य के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ही अब जद(यू.) की कमान संभालेंगे। राजधानी पटना में वीरचंद पटेल पथ स्थित जद(यू.) प्रदेश कार्यालय के कर्पूरी सभागार में आयोजित इन दोनों बैठकों में जद(यू.) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने इसकी घोषणा की है। नमो सरकार के केंद्रीय पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह ऊर्फ ललन सिंह, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, जद(यू.) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, जद(यू.) विधायक दल के नेता व सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार और खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री डॉ.अशोक चौधरी ने भी अपने संबोधन में इसकी पुष्टि की है। जद(यू.) नेता संजय कुमार झा ने कहा कि निशांत कुमार जद(यू.) का नेतृत्व करने के लिए सक्षम हैं। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री के नाते वे अपनी क्षमता साबित भी कर रहे हैं। हम आशा करते हैं कि वे आने वाले 30-40 वर्षों तक जद(यू.) का नेतृत्व करेंगे। साथ ही, नीतीश कुमार के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि जद(यू.) के सदस्यों की संख्या एक करोड़ से ज्यादा हो गई है। आने वाले दिनों में यह और बढ़े, हम सबको इसका प्रयास करना होगा। वहीं, निवर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जब जद(यू.) प्रदेश कार्यालय में कदम रखा, तो उनका भव्य स्वागत किया गया। उन पर फूल बरसाए गए और ढोल-नगाड़ों के साथ खूब नारे लगे।

जद(यू.) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा व अन्य दूसरे नेता जब अपने संबोधन में नीतीश के मंत्री पुत्र निशांत को जद(यू.) का भविष्य बता रहे थे, तब बैठक में शामिल सभी प्रतिनिधि ताली बजाकर उसका समर्थन कर रहे थे। जहां राष्ट्रीय परिषद की बैठक में जद(यू.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर नीतीश कुमार और राज्य परिषद की बैठक में जद(यू.) प्रदेश अध्यक्ष के पद पर उमेश सिंह कुशवाहा के निर्वाचन की पुष्टि की गई। वहीं, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने उन पर विश्वास करने के लिए जद(यू.) नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे नेतृत्व व दल के समर्थकों के विश्वास पर खरे उतरेंगे। पिता जी (नीतीश कुमार) के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन के विस्तार और मजबूती के लिए बिहार के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करेंगे। उन्होंने जद(यू.) की सदस्यता अभियान की सफलता को जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक बताते हुए कहा कि युवाओं को सम्मानजनक रोजगार, महिलाओं को आत्मनिर्भरता तथा बुजुर्गों को सुरक्षित सामाजिक जीवन उपलब्ध कराना हमारी प्रतिबद्धता है। उन्होंने सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे नीतीश जी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में एक नए एवं सशक्त बिहार के निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाएं। नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में जद(यू.) बिहार की नंबर एक दल बनेगी।

जद(यू.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व निवर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में चल रही राज्य सरकार की प्रशंसा की। जद(यू.) की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में उन्होंने कहा कि आने वाले 5 वर्षों में विकसित बिहार का लक्ष्य हासिल हो जाएगा। एक करोड़ लोगों को नौकरी और रोजगार देने के लक्ष्य को भी एनडीए की राज्य सरकार पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि 7 निश्चय-3 के लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में भी राज्य सरकार सकारात्मक कदम उठा रही है।

राज्य के विकास में योगदान के लिए जद(यू.) नेता नीतीश कुमार ने केंद्र सरकार की खूब प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका पहले की तरह ही रहेगा। राज्य में जहां कहीं से कार्यकर्ताओं का बुलावा आएगा, वे अवश्य जाएंगे। जद(यू.) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा कि राज्य ही नहीं, बल्कि देश के दूसरे राज्यों से भी अगर नीतीश कुमार को सांगठनिक कार्यों के लिए बुलाया जाता है तो वे वहां भी जाएंगे। नीतीश कुमार ने कहा कि ’न्याय के साथ विकास’ की लड़ाई लड़कर जद(यू.) की जनता के दिलों में जगह बनी है। वर्ष 2005 से पूर्व बिहार अनेक बदहाल था और पिछड़ेपन से जूझ रहा था। लेकिन, 2005 के नवबंर महीने में सरकार बनने के बाद हमनें समाज के सभी वर्गों व क्षेत्रों के विकास के लिए ईमानदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया। हर तबके को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया गया। जिसका परिणाम है कि पिछले दो दशकों से जनता का निरंतर आशीर्वाद और समर्थन प्राप्त होता रहा है।

इधर, जद(यू.) की राष्ट्रीय परिषद ने दल के संविधान में परिवर्तन के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार को अधिकृत कर दिया है। बैठक में पारित प्रस्तावों की जानकारी देते हुए जद(यू.) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि इस आशय के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी मिल गई है। उन्होंने बताया कि जद(यू.) की चल व अचल संपत्तियों से संबंधित प्रस्ताव में कहा गया है कि इसके लिए ट्रस्ट का गठन किया जाएगा। ट्रस्ट के गठन के लिए भी नीतीश कुमार को ही अधिकृत किया गया है। उन्होंने बताया कि संगठनात्मक प्रस्ताव में कार्यकर्ताओं के लिए नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने पर विशेष बल दिया गया है। साथ ही, जिला स्तर पर इंटरनेट मीडिया सेल को अधिक सक्रिए एवं प्रभावी बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया है।

उधर, जद(यू.) राज्य परिषद की बैठक में राज्य के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री डॉ.अशोक चौधरी ने राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत किया। जिसका समर्थन विज्ञान, प्रौद्योगिक एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री श्रीमती शीला मंडल ने किया। बैठक के अंत में धन्यवाद ज्ञापन सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने किया। जबकि, राष्ट्रीय परिषद की बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी ने पेश किया। जिसका समर्थन जद(यू.) के राष्ट्रीय महासचिव व फुलवारीशरीफ के विधायक श्याम रजक ने किया। वहीं, संगठनात्मक प्रस्ताव जद(यू.) के राष्ट्रीय महासचिव अफाक अहमद ने पेश किया। जिसका समर्थन राज्य के भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह ने की। इस बैठक में जद(यू.) के राष्ट्रीय निर्वाचन पदाधिकारी अनिल हेगड़े, जद(यू.) के प्रदेश निर्वाचन पदाधिकारी अशोक कुमार मुन्ना, 18वीं लोकसभा में जद(यू.) संसदीय दल के नेता दिलेश्वर कामैत, बिहार विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन सर्राफ, सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह ‘गांधी जी’, जद(यू.) के राष्ट्रीय महासचिव गुलाम रसूल बलियावी, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान, मुख्यालय प्रभारी अनिल कुमार, वासुदेव कुशवाहा, राज्य परिषद के सदस्य अरविंद कुमार सिंह सहित जद(यू.) के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंत्री, सांसद, विधायक एवं राष्ट्रीय परिषद व राज्य परिषद के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित हुए। इस बैठक में देशभर के 19 राज्यों के कुल 223 प्रतिनिधियों ने भाग लिया है।

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

टेलीग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

यह भी पढ़ें

अमृतसर मे सतिंदर सिंह सर्वसम्मति से बने नगर काउंसिल जंडियाला गुरु के अध्यक्ष,अमनदीप सिंह विरक चुने गए उपाध्यक्ष,कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को दी बधाई

हम सड़क पर आ गए तो मुकाबला नहीं कर पाएगी एनडीए सरकार’, लालू यादव की दल ने ललकारा  

बिहार में कड़ी सुरक्षा के बीच नीट यूजी पुनर्परीक्षा के दौरान लखीसराय के 3 केंद्रों पर पकड़े गए 9 फर्जी अभ्यर्थी, छानबीन जारी

पंजाब में (एस.आई.आर.) 2026 के लिए 25 जून से घर-घर गणना होगी शुरू,जिला अमृतसर में चुनावी अमला एस.आई.आर. के लिए पूरी तरह तैयार : जिला चुनाव अधिकारी

पंजाब गवर्नर के काफिले में घुसी इनोवा एंबुलेंस टकराई एक महिला समेत दो घायल लुधियाना में वीआईपी लेन से गुजर रहे थे गर्वनर

अब फिर एक बार पंजाब दौरे परआएंगे केजरीवाल, मांझा वह शहरी क्षेत्रों पर होगा फॉक्स एक शाम शिव के नाम कार्यक्रम में होंगे शामिल।

Leave a Comment