बिहार में पूर्व मध्य रेल के दानापुर रेल मंडल अंतर्गत पाटलिपुत्र जंक्शन रेलवे स्टेशन पर शनिवार की देर रात से ही बड़ी संख्या में मद्य निषेध विभाग की भर्ती परीक्षा के लिए अभ्यर्थी जुटे थे। अभ्यर्थियों का आरोप था कि परीक्षा केंद्र दूर हैं और ट्रेनों के विलंब से उन्हें समय पर केंद्र तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। नाराज छात्रों ने रेलवे ट्रैक पर उतरकर जाम लगा दिया। कई छात्र ट्रैक पर लेट गए और परीक्षा रद्द करने की मांग करने लगे। इसके कारण रेल परिचालन पूरी तरह प्रभावित हो गया। हंगामे के कारण पाटलिपुत्र जंक्शन रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया। राजधानी एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों को बीच रास्ते में ही रोकना पड़ा। वहीं, कई अन्य ट्रेनों का रूट बदल दिया गया। इससे रेल यात्रियों को भी काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ा है। घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि रविवार को मद्यनिषेध विभाग की यह भर्ती परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई है।

पहली पाली की परीक्षा में शामिल होने के लिए सुबह से ही पाटलिपुत्र जंक्शन रेलवे स्टेशन पर हजारों अभ्यर्थियों की भारी भीड़ जुटी थी। ट्रेन के घंटों लेट होने के कारण अभ्यर्थियों में परीक्षा छूटने का डर और आक्रोश बढ़ता गया, जिसने बाद में हिंसक रूप ले लिया। स्थिति बेकाबू होने पर अभ्यर्थियों और रेल पुलिस व आरपीएफ के बीच सीधी भिड़ंत हो गई। उग्र भीड़ ने स्टेशन परिसर के साथ-साथ परीक्षा स्पेशल ट्रेन में भी जमकर तोड़फोड़ की। पाटलिपुत्र जंक्शन रेलवे स्टेशन परिसर में करीब 2 से 3 घंटे तक हंगामा चला। पहली पाली के अभ्यर्थियों को समय पर केंद्र पहुंचने की चिंता थी, जिसके चलते वे आक्रोशित हो गए। पथराव की इस घटना में पुलिस के कुछ जवान जख्मी हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही रेल पुलिस के आईजी जितेंद्र राणा, रेल पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार, रेल पुलिस व आरपीएफ और जिला प्रशासन व पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे
अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को समझाने और ट्रैक खाली कराने का प्रयास किया। हालांकि, आक्रोशित छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे और स्थिति लगातार तनावपूर्ण होती गई। प्रदर्शन के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच झड़प की स्थिति बन गई। इसी दौरान उग्र भीड़ की ओर से पथराव शुरू कर दिया गया। पथराव में रेल पुलिस के आईजी जितेंद्र राणा जख्मी हो गए। कई थाना के थानेदार, पुलिसकर्मी और जवानों को भी चोटें लगी है। उग्र प्रदर्शनकारियों ने स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर तोड़फोड़ कर रेलवे संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले तक छोड़े। इसके अलावा लाठीचार्ज किया गया और चेतावनी स्वरूप हवाई फायरिंग भी की गई। कार्रवाई के बाद धीरे-धीरे भीड़ को हटाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हंगामे के दौरान रेल पुलिस के आईजी जितेंद्र राणा हाथ में पिस्तौल लेकर मोर्चा संभालते और पुलिस बल का नेतृत्व करते नजर आए। घटनास्थल पर लम्बे वक्त तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। रेल पुलिस व रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल, पाटलिपूत्र जंक्शन रेलवे स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। रेलवे प्रशासन प्रभावित ट्रेनों के परिचालन को सामान्य करने में जुटा है। वहीं, पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है और उपद्रव में शामिल लोगों की फोटो व सीसीटीवी फूटेज से पहचान की जा रही है।
इस घटना के संबंध में पटना के जिलाधिकारी डॉ.त्यागराजन का कहना है कि आधी रात को हमें सूचना मिली थी कि कुछ लोग स्टेशन पर हंगामा कर रहे हैं। हमने उन्हें बार-बार समझाने और सहयोग करने की अपील की। ताकि, परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों को कोई परेशानी न हो। लेकिन, कुछ असामाजिक तत्व लगातार इमरजेंसी चेन खींच रहे थे और परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाने जैसी विभिन्न मांगें कर रहे थे। जबकि, वहां पूर्व से ही 2 परीक्षा स्पेशल ट्रेनें उपलब्ध थीं। उन्होंने बताया कि कुछ लोग परीक्षा देने जाने वाले छात्रों को भी रोकने की कोशिश कर रहे थे। स्थिति को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि अब स्थिति पूरी तरह सामान्य है। अब परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित ट्रेनें रवाना हो चुकी हैं और रेल परिचालन भी सामान्य रूप से जारी है। उधर, पाटलिपुत्रा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर शनिवार देर रात हुए परीक्षार्थियों के बवाल को देखते हुए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। परीक्षार्थियों की संख्या को देखते हुए आधे घंटे के अंदर संबंधित दिशा की टीओडी (ट्रेन ऑन डिमांड) चलाने का फैसला लिया। दानापुर रेल मंडल में रविवार को 15 टीओडी चलाई जा रही है। पूर्व मध्य रेल, हाजीपुर के जनसंपर्क पदाधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि हरेक रेल मंडल में स्पेशल रैक की उपलब्धता है। परीक्षार्थियों का हुजूम बढ़ने पर फैसला कर टीओडी को रवाना करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।










