- 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की मुख्य सचिव ने की समीक्षा
योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली का आधार
21 जून को प्रदेशभर में जनपद, तहसील, ब्लॉक, नगर निकाय एवं ग्राम पंचायत स्तर हों भव्य योग कार्यक्रम
आयोजन स्थलों के चयन में सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक महत्व वाले स्थलों को दी जाए प्राथमिकता
योग को जन-आंदोलन का स्वरूप देते हुए प्रत्येक आयु वर्ग की सक्रिय भागीदारी की जाए सुनिश्चित
14 जून को गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रयास में हो अधिकतम जन सहभागिता
योग जागरूकता पखवाड़े के अंतर्गत विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन कर विजेताओं को किया जाए सम्मानित
एस.पी.गोयल, मुख्य सचिव
लखनऊः उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव श्री एस.पी. गोयल ने 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यापक स्तर पर आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेश के प्रत्येक जनपद मुख्यालय, तहसील, ब्लॉक, नगर निकाय एवं ग्राम पंचायत स्तर पर भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि आयोजन स्थलों के चयन में सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक महत्व वाले स्थलों को प्राथमिकता दी जाए तथा योग को जन-आंदोलन का स्वरूप देते हुए प्रत्येक आयु वर्ग की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए1
उन्होंने बताया कि 15 जून से 21 जून तक पूरे प्रदेश में “योग सप्ताह” का आयोजन किया जाएगा। इस अवधि में जनपद मुख्यालयों, तहसीलों, ब्लॉकों एवं ग्राम पंचायतों में प्रतिदिन प्रातःकाल योग प्रोटोकॉल के अनुरूप सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली का आधार बताते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि रेडियो जिंगल, सोशल मीडिया अभियान, बैनर, योग सेल्फी अभियान तथा अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए अधिक से अधिक लोगों को कार्यक्रमों से जोड़ा जाए।
मुख्य सचिव ने कहा कि चिकित्सालयों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, पुलिस स्टेशनों, बस स्टेशनों, नगर निकायों तथा ग्राम पंचायतों सहित सभी प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के प्रचार-प्रसार हेतु बैनर एवं सूचना सामग्री प्रदर्शित की जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि योग विशेषज्ञों एवं गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) के सहयोग से योग कार्यशालाओं एवं ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए। साथ ही रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाए। योग जागरूकता पखवाड़े के अंतर्गत योग रैली, प्रभात फेरी, योग संवाद, योग क्विज, पोस्टर, स्लोगन एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन कर विजेताओं को सम्मानित किया जाए। सभी आयोजनों में पर्यावरण-अनुकूल (इको-फ्रेंडली) योग सामग्री के उपयोग पर विशेष बल दिया जाए।
मुख्य सचिव ने निर्देशित किया कि योगाभ्यास संबंधी गतिविधियों की जानकारी एवं फोटो प्रतिदिन निर्धारित पोर्टलों पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए। उन्होंने 14 जून को आयोजित होने वाले गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रयास में लोगों को प्रोत्साहित कर अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में प्रमुख सचिव आयुष श्री रंजन कुमार ने योग सप्ताह की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि 15 जून को राज्य एवं जनपद स्तर पर उद्घाटन समारोह आयोजित होगा। 16 जून को सामूहिक योगाभ्यास तथा विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 17 जून को आयुष ग्राम योग दिवस के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में योग सत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाए जाएंगे। 18 जून को जेलों, अनाथालयों एवं झुग्गी-बस्तियों में विशेष योग सत्र आयोजित होंगे। 19 जून को सभी सरकारी एवं कॉरपोरेट कार्यालयों में सामूहिक योगाभ्यास किया जाएगा, जबकि 20 जून को महिलाओं के स्वास्थ्य विषयक योग कार्यशालाएं महाविद्यालयों एवं चिकित्सालयों में आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम राजभवन लॉन एवं रेजीडेंसी परिसर में तथा जनपद स्तर पर जिला मुख्यालयों में सामूहिक योगाभ्यास के साथ आयोजित किए जाएंगे।
प्रमुख सचिव आयुष ने यह भी बताया कि आयुष मंत्रालय द्वारा हैबिल्ड हेल्थटेक प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से 14 जून को प्रातः 6:15 बजे से 7:35 बजे तक ऑनलाइन योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जो गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रयास का हिस्सा होगा। कार्यक्रम में भाग लेने के इच्छुक नागरिकों को टोल-फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देकर पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण के पश्चात प्रतिभागियों को व्हाट्सएप के माध्यम से सत्र का लिंक प्राप्त होगा। प्रत्येक प्रतिभागी को अपने व्यक्तिगत डिवाइस से लॉग-इन करना अनिवार्य होगा, क्योंकि प्रत्येक पंजीकृत डिवाइस को आधिकारिक रिकॉर्ड में शामिल किया जाएगा।
बैठक में प्रमुख सचिव समाज कल्याण श्री अनुराग यादव, मिशन निदेशक, नेशनल आयुष मिशन उत्तर प्रदेश, सुश्री चैत्रा वी. सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
———-.
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज करने का प्रयास











